आदम्य साहस और शौर्य का प्रतीक जम्मू-कश्मीर के जाबांज, आतंकियों को चबवाते नाकों तले चने; तीन बलिदानी सहित छह जवानों को मिला कीर्ति चक्र
जम्मू-कश्मीर के तीन बलिदानियों समेत छह सैन्यकर्मियों को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा दो बलिदानियों समेत 16 सैन्यकर्मियों शौर्य चक्र दिया जाएगा। इनमें से तीन कीर्ति चक्र और दो शौर्य चक्र मरणोपरांत दिए गए हैं। इसके साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को छह कीर्ति चक्र और 16 शौर्य चक्र सहित 80 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी है।

प्रेट्र/राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली/जम्मू। Kirti Chakra Six armed forces personnel: जम्मू-कश्मीर के तीन बलिदानियों समेत छह सैन्यकर्मियों को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा दो बलिदानियों समेत 16 सैन्यकर्मियों शौर्य चक्र दिया जाएगा।
इनमें से तीन कीर्ति चक्र और दो शौर्य चक्र मरणोपरांत दिए गए हैं। कीर्ति चक्र अशोक चक्र के बाद भारत का दूसरा सबसे बड़ा शांतिकालीन वीरता पुरस्कार है, जबकि शौर्य चक्र शांतिकाल का तीसरा सबसे बड़ा वीरता पुरस्कार है।
हवलदार अब्दुल माजिद को मिलेगा कीर्ति चक्र
राजौरी जिले में बाजीमल के जंगल में नवंबर, 2023 को आतंकियों पर प्रहार करते हुए बलिदान होने वाले सेना की उत्तरी कमान के सभी पांच बलिदानियों की वीरता को सम्मान मिला है। इसमें सेना की स्पेशल फोर्स के हवलदार अब्दुल माजिद को कीर्ति चक्र मिला है।
वह पुंछ के रहने वाले थे। बलिदानी कैप्टन एमवी प्रांजल को शौर्य चक्र मिला है तो कैप्टन शुभम गुप्ता, लांस नायक संजय बिष्ट व पैराट्रूपर संजर लौर को सेना पदक से सम्मानित किया गया।
छह कीर्ति चक्र और 16 शौर्य चक्र सहित 80 वीरता पुरस्कारों को मिली मंजूरी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को छह कीर्ति चक्र और 16 शौर्य चक्र सहित 80 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी है। सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर मुर्मु ने सैन्य और अन्य कर्मियों के लिए 311 रक्षा अलंकरणों को भी मंजूरी दी।
इनमें 31 परम विशिष्ट सेवा पदक, चार उत्तम युद्ध सेवा पदक, 59 अति विशिष्ट सेवा पदक और 10 युद्ध सेवा पदक शामिल हैं। 53 सेना पदक (सात मरणोपरांत), एक नौसेना पदक (वीरता) और चार वायु सेना पदक (वीरता) देने की भी घोषणा की गई है।
आतंक का मुकाबला करने वाले जवान होंगे सम्मानित
रक्षा अलंकरणों में आठ ‘बार टू सेना’ पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण), 38 सेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण), 10 नौसेना पदक, 14 वायु सेना पदक, पांच ‘बार टू विशिष्ट सेवा पदक’ और 130 विशिष्ट सेवा पदक शामिल हैं। इनमें अधिकतर जम्मू कश्मीर में आतंक से मुकाबला करने वाली सेना की राष्ट्रीय राइफल्स व अन्य बटालियनों को मिले हैं।
इन जाबांजों को मिलेगा परम विशिष्ट सेवा पदक
उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी, मध्य कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि और दक्षिणी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एके सिंह को परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। वायु सेना के रखरखाव कमान के प्रमुख एयर मार्शल विभास पांडे को परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। भारतीय तटरक्षक बल के मुख्य महानिदेशक राकेश पाल को अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।
इन वीरों और बलिदानियों को मिलेगा कीर्ति चक्र
जिन वीरों को कीर्ति चक्र मिलेगा उनमें पैराशूट रेजिमेंट (विशेष बल) की 21वीं बटालियन के मेजर दिग्विजय सिंह रावत, सिख रेजिमेंट की चौथी बटालियन के मेजर दीपेंद्र विक्रम बासनेत और महार रेजिमेंट की 21वीं बटालियन के हवलदार पवन कुमार यादव शामिल हैं।
मेजर रावत को मणिपुर में खुफिया नेटवर्क स्थापित करने के लिए कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है। मरणोपरांत कीर्ति चक्र पुरस्कार से सम्मानित किये जाने वालों में पंजाब रेजिमेंट (आर्मी मेडिकल कोर) की 26वीं बटालियन के कैप्टन अंशुमान सिंह, पैराशूट रेजिमेंट की नौवीं बटालियन (विशेष बल) के हवलदार अब्दुल माजिद और राष्ट्रीय राइफल्स की 55वीं बटालियन के सिपाही पवन कुमार शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- Srinagar: गणतंत्र दिवस के पहले उरी में पकड़े गए तीन 'हाइब्रिड आतंकवादी, हथियारों की खेप कर रहे थे सप्लाई
शौर्य चक्र पुरस्कार विजेताओं में ये है शामिल
शौर्य चक्र पुरस्कार विजेताओं में पैराशूट रेजिमेंट की 21वीं बटालियन से मेजर मानेओ फ्रांसिस, सिख रेजिमेंट की चौथी बटालियन के मेजर अमनदीप जाखड़, महार रेजिमेंट के नायब सूबेदार बारिया संजय कुमार भामर सिंह, 9 असम राइफल्स के हवलदार संजय कुमार और राष्ट्रीय राइफल्स से पुरुषोत्तम कुमार शामिल हैं।
नौसेना के लेफ्टिनेंट बिमल रंजन बेहरा और वायुसेना के विंग कमांडर शैलेश सिंह (पायलट), फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिकेश जयन करुथेदथ (पायलट) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सहायक कमांडेंट बिभोर कुमार सिंह भी शौर्य चक्र पुरस्कार विजेताओं में शामिल हैं।
जम्मू कश्मीर पुलिस के इन जवानों को शौर्य चक्र
जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान मोहन लाल, अमित रैना, फरोज अहमद डार और वरुण सिंह को भी शौर्य चक्र से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई। मरणोपरांत यह पुरस्कार पाने वालों में राष्ट्रीय राइफल्स की 63वीं बटालियन के कैप्टन एमवी प्रांजल और 18 असम राइफल्स के राइफलमैन आलोक राव शामिल हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।