171 करोड़ रुपए, 28 किलो सोना... मां वैष्णो देवी के दरबार में भक्तों ने दिल खोलकर किया दान, टूटा 5 साल का रिकॉर्ड
माता वैष्णो देवी मंदिर (Maa Vaishno Devi) में श्रद्धालुओं के दान में पिछले पांच सालों में भारी वृद्धि देखी गई है। इस मंदिर में 2020-21 में जहां 63.85 करोड़ रुपये का दान मिला था वहीं 2024-25 में यह बढ़कर 171.90 करोड़ रुपये हो गया है। इसी अवधि में सोने का चढ़ावा भी नौ किलोग्राम से बढ़कर 27.7 किलोग्राम और चांदी 753 किलोग्राम से बढ़कर 3424 किलोग्राम हो गया है।

पीटीआई, जम्मू। माता वैष्णो देवी मंदिर (Mata Vaishno Devi Temple) में तीर्थयात्रियों के दान में 5 वर्षों में भारी वृद्धि दर्ज की गई है। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अनुसार, जम्मू और कश्मीर में माता वैष्णो देवी मंदिर में तीर्थयात्रियों का दान वित्तीय वर्ष 2024-25 (जनवरी तक) में 171.90 करोड़ रुपये हो गया है, जो 2020-21 में 63.85 करोड़ रुपये था।
इसी तरह, इसी अवधि के दौरान मंदिर में सोने का चढ़ावा भी नौ किलोग्राम से बढ़कर 27.7 किलोग्राम और चांदी 753 किलोग्राम से बढ़कर 3,424 किलोग्राम हो गया है।
श्राइन बोर्ड ने RTI के जवाब में दी जानकारी
जम्मू के एक आरटीआई कार्यकर्ता रमन शर्मा द्वारा दायर एक याचिका का जवाब देते हुए श्राइन बोर्ड ने जवाब दिया है। मंदिर बोर्ड ने कहा कि वित्त वर्ष 2020-21 में दान या भेंट के रूप में 63.85 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।
इसके बाद वित्त वर्ष 2021-22 में 166.68 करोड़ रुपये, वित्त वर्ष 2022-23 में 223.12 करोड़ रुपये, वित्त वर्ष 2023-24 में 231.50 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2024-25 (इस साल जनवरी तक) में 171.90 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।
कोरोना काल में 5 महीने तक बंद था मंदिर
कोरोना काल में केवल 17.20 लाख तीर्थ यात्रियों ने जम्मू और कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों के ऊपर स्थित मंदिर का दौरा किया था। अपने इतिहास में पहली बार, COVID-19 महामारी के प्रकोप के कारण पांच महीने तक बंद रहा। इसे 16 अगस्त 2020 को तीर्थ यात्रियों के लिए फिर से खोल दिया गया था।
1986 में हुई थी श्राइन बोर्ड की स्थापना
1986 में श्राइन बोर्ड ने बेहतर प्रबंधन के लिए मंदिर के मामलों को अपने हाथ में ले लिया था। प्रत्येक बीतते साल के साथ तीर्थ यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है, जो 2012 में 1.04 करोड़ के उच्च स्तर को छू गई, जबकि पिछले वर्ष यह 1.01 करोड़ थी।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2021 में मंदिर में तीर्थ यात्रियों का आगमन 55.88 लाख, 2022 में 91.25 लाख, 2023 में 95.22 लाख और 2024 में 94.84 लाख था।
इस साल 27 किलो आया है सोने का चढ़ावा
तीर्थ यात्रियों द्वारा मंदिर में चढ़ाए गए आभूषणों या सोने जैसे आभूषणों के कुल मूल्य के बारे में पूछे गए सवाल पर बोर्ड ने जवाब दिया। श्राइन बोर्ड के मुताबिक साल 2020-21 में 9.075 किलोग्राम सोना, वित्त वर्ष 2021-22 में 26.351 किलोग्राम, वित्त वर्ष 2022-23 में 33.258 किलोग्राम, वित्त वर्ष 2023-24 में 23.477 किलोग्राम और वित्त वर्ष 2024-25 (इस साल जनवरी तक) में 27.717 किलोग्राम सोना प्राप्त हुआ।
इसी तरह, वित्त वर्ष 2020-21 में 753.630 किलोग्राम चांदी, वित्त वर्ष 2021-22 में 2400.705 किलोग्राम, वित्त वर्ष 2022-23 में 3756.582 किलोग्राम, वित्त वर्ष 2023-24 में 4072.486 किलोग्राम और वित्त वर्ष 2024-25 में इस साल जनवरी तक 3424.538 किलोग्राम चांदी प्राप्त हुई। बोर्ड ने कहा कि धातुएं अशुद्ध रूप में प्राप्त हुई हैं और फिलहाल इसके मूल्य का पता नहीं लगाया जा सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।