LG Kavinder Gupta का बड़ा एलान: लद्दाख बनेगा देश का पहला मॉडल आर्गेनिक प्रदेश, किसान मेले से की मिशन की घोषणा
उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि लद्दाख जल्द ही भारत का पहला मॉडल आर्गेनिक प्रदेश बनेगा। लद्दाख में रासायनिक खाद व कीटनाशकों का उपयोग बंद हो गया है जिससे जैविक खेती के लिए अनुकूल वातावरण बना है। लद्दाख ग्रीनहाउस प्रोजेक्ट से पूरे साल सब्ज़ियों की खेती संभव हो पाई है। उपराज्यपाल ने सेब खुबानी जैसे स्थानीय फलों की ब्रांडिंग पर भी बल दिया।

राज्य ब्यूरो, जागरण, जम्मू। लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि लद्दाख जल्द का भारत का पहला मॉडल आर्गेनिक प्रदेश बनेगा। यह क्षेत्र में मिशन आर्गेनिक डेवलपमेंट इनिशिएटिव जैसे प्रयासों से संभव होगा।
लेह में किसान मेले, फूल व सब्ज़ी प्रदर्शनी के दौरान उपराज्यपाल ने कहा कि लद्दाख में पहले से ही रासायनिक खाद व कीटनाशकों का उपयोग बंद हो गया है। इससे प्रदेश में जैविक खेती के लिए अनुकूल वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि लद्दाख ग्रीनहाउस प्रोजेक्ट के माध्यम से अब पूरे साल सब्ज़ियों की खेती संभव हो पाई है।
इससे स्थानीय आपूर्ति के साथ-साथ भारतीय सेना की जरूरतें भी पूरी हो रही हैं। उपराज्यपाल ने सेब, खुबानी, सी-बकथार्न और रक्तसे करपो खुबानी जैसे स्थानीय फलों की ब्रांडिंग व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की जरूरत पर बल दिया।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में बाढ़ राहत कार्य जोरों पर: हवाई मार्ग से पहुंचाई खाद्य सामग्री, मंत्री बोले-खाद्य भंडार की कमी नहीं
प्रदेश में खाली पदों को भरने की भी दी मंजूरी
उपराज्यपाल ने लद्दाख में कई खाली पदों को भरने की मंजूरी मिलने पर मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह, गृह सचिव गोविंद मोहन के साथ संघ लोक सेवा आयोग का जताया। उपराज्यपाल ने कहा कि यह निर्णय लद्दाख की जनभावनाओं के अनुरूप है। इससे अनुसूचित जनजातियों को अस्सी प्रतिशत व वास्तविक नियंत्रण रेखा से सटे क्षेत्रों के निवासियों को 4 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।
उपराज्यपाल ने बताया कि जल्द लद्दाख में खाली पड़े अकाउंटेंट के 32 पद, मेडिकल अाफिसरों के 125 पद व विभिन्न शिक्षा संस्थानों में लेक्चरारों के खाली 67 पदों पर भर्ती की जाएगी। इससे स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्रों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह अहम फैसला लद्दाख के लोगों के अधिकारों व विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह फैसला क्षेत्र के युवाओं के लिए नए अवसर खोलेगा।
यह भी पढ़ें- लद्दाख में सिल्क रूट अल्ट्रा मैराथन का आगाज आज शाम से, दमखम दिखाने देश-विदेश से पहुंचे धावक
अस्पताल का दौरा कर स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की
उपराज्यपाल ने मंगलवार को लेह के आज सोनम नुरबू मेमोरियल अस्पताल का दौरा कर स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करने के साथ चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना काउंटर, वरिष्ठ नागरिक सहायता डेस्क, पंजीकरण केंद्र, जन औषधि केंद्र, पैलिएटिव केयर वार्ड व हाइपरबेरिक चैंबर वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्हें जानकारी दी गई कि अस्पताल के ओपीडी में रोजाना लगभग 1,400 मरीज परामर्श, जांच व उपचार के लिए आते हैं।
भूटान के शाही परिवार से भी मिले
इसी बीच लेह के राजनिवास में भूटान के शाही परिवार ने लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता व लद्दाख की प्रथम महिला बिंदु गुप्ता से भेंट की। उपराज्यपाल से भेंट करने वालों में भूटान की रानी माता अाशी छेरिंग पेम वांगचुक व राजकुमारी अाशी केसांग छोडेन वांगचुक शामिल थी। इस मौके पर लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय परिषद के मुख्य कार्यकारी पार्षद ताशी ग्यालसन भी मौजूद थे। रानी माता ने लद्दाख यात्रा के दौरान मिली उत्कृष्ट मेहमाननवाज़ी के लिए उपराज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन का आभार जताया।
यह भी पढ़ें- जम्मू में दो सप्ताह बाद स्कूलों में लौटने लगी रौनक, कुछ निजी स्कूलों में शुरू हुई ऑफलाइन कक्षाएं
शाही परिवार ने लद्दाख की सुंदरता को सराहा
लद्दाख की प्राकृतिक सुंदरता व स्थानीय लोगों की आत्मीयता की सराहना की। वहीं उपराज्यपाल ने कहा कि लद्दाख व भूटान के बीच सांस्कृतिक, आध्यात्मिक व ऐतिहासिक संबंध प्राचीन हैं। इस तरह की मुलाकातें जन-जन के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ करेंगी। उन्होंने बौद्ध धरोहर को साझा विरासत बताते हुए इसके संरक्षण की प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं प्रथम महिला ने शाही मेहमानों से बातचीत में भूटान की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के प्रयासों की सराहना की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।