बर्फबारी से कश्मीर में ठिठुरन बढ़ी, गुलमर्ग बना घाटी का सबसे ठंडा इलाका; -7 डिग्री पहुंचा तापमान
कश्मीर घाटी में बर्फबारी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। गुलमर्ग में छह इंच से अधिक बर्फबारी हुई है और तापमान में गिरावट आई है। श्रीनगर अनंतनाग कुलगाम शोपियां और पुलवामा जिलों में भी बर्फबारी हुई है। जम्मू संभाग में कई जगहों पर बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में और बर्फबारी की चेतावनी दी है।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर/जम्मू। जम्मू कश्मीर में शुष्क मौसम ने वीरवार तड़के ही करवट बदल ली। विश्व प्रसिद्ध पर्यटनस्थल गुलमर्ग समेत घाटी के कई उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट आने के साथ जनजीवन भी अस्त व्यस्त रहा।
अनंतनाग-सिंथनटाप-किश्तवाड़ रोड़, बांडीपोरा-गुरेज, कुपवाड़ा-करनाह और पुंछ में मुगल रोड के अलावा कई संपर्क मार्ग यातायात के लिए बंद रहे।
माता वैष्णो देवी के त्रिकुट पर्वत पर हल्की बर्फबारी
बड़गाम और बनिहाल के बीच ट्रेन सेवा स्थगित रही। हवाई सेवा के अलावा श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु रहा। श्रीनगर समेत अधिकांश इलाकों में भी हल्की बर्फबारी हुई। जम्मू संभाग में कई जगह पर वर्षा तो कुछ जगह आसमान पर बादल छाए रहे। देर शाम जम्मू को कोहरे ने आगोश में लिया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में भारी बर्फबारी से गिरा तापमान, 172 सड़कें बंद; प्रशासन ने यात्रा से बचने की दी सलाह
माता वैष्णो देवी के त्रिकुट पर्वत पर हल्की बर्फबारी हुई। जम्मू के पर्यटनस्थल पत्नीटाप, नत्थाटाप, बसंतगढ़, पंचैरी, डोडा, किश्तवाड़, राजौरी, पुंछ व कठुआ के बनी क्षेत्र के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फ गिरी। अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां और पुलवामा जिलों में दोपहर को बर्फबारी शुरू हुई। पहलगाम, कोकरनाग, पीर की गली सहित कुलगाम और शोपियां के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हुई।
-7.0 डिग्री के साथ गुलमर्ग घाटी का सबसे ठंडा क्षेत्र
गुलमर्ग समेत उत्तरी कश्मीर के कई इलाकों में छह इंच से अधिक बर्फबारी हुई जो देर रात तक जारी थी। सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। फिसलन के कारण कई वाहन रास्ते में फंसे रहे। श्रीनगर समेत अधिकाश निचले इलाकों में दोपहर को चंद मिनटों तक हल्की बर्फबारी हुई। तमाम स्थानों पर तापमान के जमाव बिंदु शून्य से लगातार नीचे बने रहने के चलते समूची घाटी ठंड की चपेट में रही।
गुलमर्ग न्यूनतम तापमान -7.0 डिग्री के साथ घाटी का ठंडा क्षेत्र बना रहा। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -2.5, काजीगुंड में -3.8, कुपवाड़ा में -1.9, कोकरनाग में -2.2, पहलगाम में न्यूनतम तापमान -4.4 डिग्री रिकार्ड किया। पत्नीटाप में 3-4 इंच, नत्थाटाप में आठ इंच, पंचैरी, डुडु, लाटी, और शिवगली के ऊपरी इलाकों में तीन से छह इंच तक बर्फ गिरी। शिवगली-डुडु मार्ग बंद है। डोडा जिले में भद्रवाह घाटी में बर्फबारी हुई।
बर्फ की सफेद चादर से ढका भालेसा क्षेत्र
भालेसा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। पुंछ ताजा बर्फ से ढका हुआ नजर आया। जम्मू ऊधमपुर में दोपहर को आधे घंटे तक वर्षा हुई। में दिन भर बादलों और सूर्यदेव के बीच-बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। बीच में धूप भी निकली, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिली। शाम को कोहरे ने शहर और आसपास के क्षेत्रों को कोहरे के आगोश में ले लिया।
जम्मू का अधिकतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज और न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री रहा। बनिहाल का न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री, बटोत का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री रहा। यहां 11.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। बनिहाल में 5.8 एमएम बारिश हुई। कटड़ा में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री दर्ज किया गया।
सुबह हल्की बूंदाबांदी भी हुई। भद्रवाह का न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री रहा। कोकरनाग में सबसे ज्यादा 20.3 एमएम बारिश हुई। बता दें कि कि घाटी में सर्दियों का सबसे ठंडा दौर चिल्लेकलां जारी है। 21 दिसंबर 2024 से शुरू हुए चिलेकलां ने 40 दिवसीय पारी के 25 दिन पूरी कर लिए हैं।
पहाड़ी सड़कों पर यात्रा न करने की सलाह
मौसम विभाग के अनुसार 20 से 23 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते मौसम पर बिगड़ेगा। कई इलाकों में बर्फबारी व बारिश हो सकती है। तेज रफ्तार में वाहन नहीं चलाने और पहाड़ी सड़कों पर यात्रा से बचने को कहा गया है।
मौसम विभाग की मानें तो डोडा और किश्तवाड़ जिलों में बारिश के साथ बर्फबारी का पूर्वानुमान है। सोनमर्ग, गुलमर्ग, अनंतनाग, कुलगाम और शोपियां जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी भी संभव है। कारगिल-द्रास में भी बर्फबारी होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।