Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल में भारी बर्फबारी से गिरा तापमान, 172 सड़कें बंद; प्रशासन ने यात्रा से बचने की दी सलाह

    Updated: Fri, 17 Jan 2025 07:29 AM (IST)

    हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण भारी हिमपात हुआ है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में डेढ़ फीट से अधिक बर्फ गिरी है जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हुई है। हिमपात के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं और यातायात बाधित हुआ है। शिमला के जुब्बड़हट्टी स्थित एयरपोर्ट से दो उड़ानें नहीं हो पाईं। पश्चिमी विक्षोभ 20 जनवरी तक सक्रिय रहने की संभावना है।

    Hero Image
    हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में गुरुवार को सोलंग नाला में हिमपात के दौरान दो याक।

    राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आया है। बुधवार रात से प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और निचले क्षेत्रों में वर्षा का क्रम शुरू हो गया था। हिमपात व वर्षा के बीच प्रदेश में अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक गिरा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बागबानी और कृषि के लिए बहुत कम वर्षा हुई है। इसके कारण तीन माह के सूखे से निजात नहीं मिली है। पश्चिमी विक्षोभ 20 जनवरी तक सक्रिय रहने की संभावना है।

    कहां कितना हुआ हिमपात?

    भरमौर, तीसा, खजियार, डलहौजी, रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा व कुंजम में डेढ़ फीट से अधिक हिमपात हुआ। अटल टनल रोहतांग में 15, सोलंगनाला में 12, कोकसर में 8.8, केलंग में 3.1, शिमला में 1.6 सेंटीमीटर व मनाली में तीन इंच हिमपात हुआ।

    यह भी पढ़ें- Delhi Weather Today: बारिश ने दिल्ली-NCR में बढ़ाई ठंड, IMD का यलो अलर्ट जारी; 29 ट्रेनें चल रही लेट

    शिमला के कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर, किन्नौर के छितकुल, रकछम, कल्पा, सांगला, आसरंग, कुन्नू चारंग और कांगड़ा के त्रियुंड व बिलिंग में हिमपात हुआ। शिमला के ढली, संजौली, जाखू में हल्का हिमपात हुआ।

    हिमाचल में 172 सड़कें बंद

    प्रदेश में करीब 172 सड़कें बंद हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को ऊंचे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हिमपात, जबकि एक-दो स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई है। ऊना, मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर में घने कोहरे के साथ शीतलहर की चेतावनी दी है।

    11 डिग्री सेल्सियस तक गिरा तापमान

    हिमपात व वर्षा के बीच प्रदेश में अधिकतम तापमान में 11 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आई है।

    यात्रा नहीं करने की सलाह

    फिसलन बढ़ने से शिमला-चौपाल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। वीरवार को अटल टनल पर्यटकों के लिए बंद रही। होटलों में ठहरे पर्यटकों ने वहीं बर्फ का दीदार किया। हिमपात से लाहुल स्पीति में जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने यात्रा न करने की सलाह दी है।

    सलौणी में 10.2, कोटखाई में 5.2, मनाली में 5.1, गोहर में 3.1 और धर्मशाला में 1.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। हिमपात के कारण कई स्थानों पर यातायात बाधित रहा। फागू में कई वाहन बर्फ पर फिसलकर टकरा गए।

    शिमला से उड़ानें नहीं, ऊना में देरी से पहुंची ट्रेनें

    शिमला के जुब्बड़हट्टी स्थित एयरपोर्ट से दो उड़ानें नहीं हो पाईं। कुल्लू के भुंतर से दो व कांगड़ा के गगल स्थित एयरपोर्ट से सभी छह उड़ानें हुईं। वहीं, पंजाब में पड़ रही धुंध के कारण हिमाचल एक्सप्रेस एक घंटा नौ मिनट व वंदे भारत एक्सप्रेस छह मिनट देरी से आई।

    यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: दून में फ‍िर बदलेगा मौसम का म‍िजाज, कई ह‍िस्‍सों में बारि‍श और बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड