Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jammu Kashmir Weather: जम्मू-कश्मीर में पहली बर्फबारी, कड़ाके की ठंड के लिए हो जाएं तैयार; मौसम विभाग का अलर्ट जारी

    Updated: Fri, 13 Dec 2024 07:38 AM (IST)

    जम्मू-कश्मीर के मैदानी इलाकों में पहली बार हुई बर्फबारी ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। घाटी के कई इलाकों में बर्फबारी से न्यूनतम तापमान में सुधार हुआ है। ऊंचाई वाले इलाकों में बुधवार से शुरू हुई बर्फबारी गुरुवार दोपहर बाद भी जारी रही। श्रीनगर में भी तड़के दो मिनट के लिए बर्फबारी हुई। शुक्रवार से मौसम में सुधार होने की संभावना है।

    Hero Image
    जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी हुई है। जागरण

    जागरण संवाददाता, श्रीनगर/जम्मू।  जम्मू-कश्मीर के मैदानी इलाकों के कई इलाकों में गुरुवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई। इससे लंबे समय से शुष्क मौसम का दौर खत्म गया। हिमपात के चलते घाटी में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में सुधार हुआ। ऊंचाई वाले इलाकों में बुधवार से शुरू हुई बर्फबारी गुरुवार दोपहर बाद भी कई स्थानों पर जारी रही।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शोपियां, पुलवामा और बारामुला के मैदानी इलाकों के साथ-साथ अनंतनाग, बड़गाम और बांडीपोरा के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में तड़के दो मिनट के लिए बर्फबारी की हल्की झलक दिखाई दी। गुलमर्ग समेत घाटी के ऊपरी इलाकों में छह से 10 इंच तक बर्फ जमा हो गई है।

    20 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की उम्मीद

    जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में थोड़ी देर की बर्फबारी के बाद 20 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। पिछली रात और आज शोपियां, पुलवामा और बारामूला के कुछ हिस्सों के साथ-साथ ऊपरी हिस्से में भी बारिश हुई अनंतनाग, बडगाम और बांडीपोरा में दिन भर हल्की बर्फबारी हुई थी।

    मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर अनुसार वीरवार को गुलमर्ग जैसे ऊपरी इलाके, सोनमर्ग, तंगमर्ग, गुरेज़ और जोजि ला दर्रा में मध्यम बर्फबारी हुई। जिसके कारण श्रीनगर-लेह राजमार्ग बंद हो गया। बांडीपोरा-गुरेज रोड और मुगल रोड भी बर्फ के कारण बंद है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से मौसम में सुधार की संभावना जताई है।

    जम्मू संभाग में रात के तापमान में आएगी गिरावट

    20 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, जम्मू संभाग में रात के तापमान में गिरावट आएगी। ठिठुरन बढ़ेगी। वीरवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 19.6 जबकि न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल का अधिकतम तापमान 11.4, न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस रहा। बटोत का अधिकतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

    माता श्री वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा का अधिकतम तापमान 17.8, न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भद्रवाह का अधिकतम तापमान 12.4, न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह का अधिकतम तापमान -9.1 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 7.0, न्यूनतम तापमान -0.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पहलगाम का अधिकतम तापमान 1.2 जबकि न्यूनतम तापमान -4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुलमर्ग का अधिकतम तामपान-2.4 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान -5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    बर्फबारी के चलते बंद हुए कई रोड

    बर्फबारी के चलते मुगल रोड, सोनमर्ग-कारगिल, बांडीपोरा-गुरेज तथा सिंथन टॉप रोड यातायात के लिए बंद किए गए। मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने गुरुवार दोपहर से मौसम की स्थिति में सुधार का अनुमान लगाया है। 20 दिसंबर तक मुख्यतः शुष्क स्थिति बने रहने की उम्मीद है।

    यह भी पढ़ें- Weather: दिल्ली-यूपी में शीतलहर का प्रकोप, हिमाचल में हिमपात से सड़कें बंद; तमिलनाडु में हो रही भारी बारिश

    इस बीच, बादल छाए रहने के कारण श्रीनगर सहित पूरी घाटी में रात का तापमान बढ़ गया। उच्च पर्वतीय इलाकों के साथ कश्मीर के निचले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला गुरुवार दोपहर तक रुक-रुक कर जारी रहा। गुरेज में नौ इंच, जोजि ला के निकट आठ इंच, साधना टाप के निकट 10 इंच, शोपियां में चार इंच, दूधपथरी में चार इंच, सोनमर्ग में सात इंच, पहलगाम में नौ इंच बर्फ रिकॉर्ड की गई।

    श्रीनगर व अन्य निचले इलाकों में हुई बारिश

    श्रीनगर व इसके साथ सटे इलाकों में भी गुरुवार तड़के हल्की बर्फबारी हुई, लेकिन बारिश ने बर्फ को जमा नहीं होने दिया। श्रीनगर व अन्य निचले इलाकों में दोपहर तक रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा। दोपहर बाद घाटी के अधिकांश हिस्सों में मौसम तो शुष्क रहा अलबत्ता इस बीच आसमान घने बादलों से ढका रहा।

    बता दें कि कश्मीर में सर्दियों का सबसे कठिन दौर कहलाने वाला 40 दिवसीय चिल्ले कलां 21 दिसंबर से शुरू हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि जोजि ला पर बर्फ जमा होने के कारण श्रीनगर-लेह राजमार्ग यातायात के लिए बंद कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने बर्फ हटाने और सड़क यातायात बहाल करने के लिए कर्मियों और मशीनरी को तैनात किया है।

    यह भी पढ़ें- कश्मीर के मैदानी इलाकों में मौसम की पहली बर्फबारी, मुगल रोड सहित कई मार्ग बंद; सफेद चादर से ढके रास्ते