Amarnath Yatra की आधी अवधि पूरी, तेजी से बढ़ रहा बाबा बर्फानी के भक्तों का आंकड़ा
श्री बाबा अमरनाथ यात्रा के 19 दिन पूरे हो चुके हैं जिसमें तीन लाख से ज़्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। 3700 से अधिक यात्रियों का एक और जत्था पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना हुआ है। पहलगाम हमले के बाद भी यात्रियों का उत्साह बरकरार है और उम्मीद है कि इस बार यात्रा पांच लाख के आंकड़े को छू सकती है।

राज्य ब्यूरो, जागरण, जम्मू। श्री बाबा अमरनाथ की यात्रा की सोमवार को आधी अवधि पूरी हो गई है। पहलगाम हमले के बाद पहली बार हो रही इस यात्रा में इस वर्ष भी रिकार्ड संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। अब तक तीन लाख से अधिक यात्री दर्शन कर चुके हैं। वहीं 3700 से अधिक यात्रियों का एक और जत्था पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना हो गया।
बाबा अमरनाथ के दर्शनों के लिए दो जुलाई को पहला जत्था रवाना हुआ था लेकिन तीन जुलाई को अधिकारिक तौर पर श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। 38 दिनों की यात्रा के सोमवार को 19 दिन पूरे हो गए।
सोमवार को कुल 3791 यात्रियों का एक और जत्था रवाना हुआ। इनमें 1208 यात्री बालटाल और 2583 यात्री पहलगाम के लिए रवाना हुए। कुल 52 वाहनों में सवार इन यात्रियों का जोश देखते हुए बनता था। दोनो मागों पर जाने वालों में साधु भी शामिल थे। बालटाल मार्ग पर 47 तो पहलगाम मार्ग पर 106 साधु रवाना हुए। हर हर महादेव के नारों के बीच सुबह भगवती नगर का वातावरण गूंज रहा था।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में मौसम विभाग ने कई जिलों जारी किया रेड अलर्ट, अगले 3 दिनों में बहुत भारी बारिश की संभावना
यात्रा की आधी अवधि पूरी होने के बावजूद इस बार जिस प्रकार से देश भर से आ रहे श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार है, उसे देखते हुए यह अनुमान लगाया जा सकता है कि इस बार भी यात्रा पांच लाख के आंकड़े को छू सकती है। यात्रा के पहले 19 दिनों में तीन लाख पंद्रह हजार के करीब यात्री दर्शन कर चुके थे। अगर इसी प्रकार से यात्री आते रहे तो बहुत कम भी चार से पांच लाख के बीच यात्रा हो सकती है।
पहलगाम हमले के बाद सीमित समय में रही इस यात्रा में यह आंकड़ा सरकार और श्राइन बोर्ड दोनों के लिए उत्साह बढ़ाने वाला है। इस बार हेलीकाप्टर सेवा भी नहीं है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा एक दिन पहले ही यह कह चुके हैं कि हेलीकाप्टर सेवा बेशक बंद की है लेकिन इस बार बालटाल और पहलगाम दोनो ही मागों को चौड़ा किया है और यात्रियों के ठहरने के लिए कई जगहों पर यात्री निवास बनाए गए हैं। सुविधाओं का विस्तार किया गया है। ऐसे में उम्मीद है कि इस बार भी अच्छी संख्या में श्रद्धालु आएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।