मलेशिया से आया था गटारू की मर्डर का फरमान, मुख्य आरोपित गिरफ्तार; खौफ गैंग ने दिया था हत्याकांड को अंजाम
Gataru Murder Case जम्मू के ज्वेल चौक में हुई सुमित जंडियाल उर्फ गटारू हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल खौफ गैंग के मुख्य आरोपित करणजीत सिंह उर्फ गुगु को गिरफ्तार किया है। गुगु ने ही गटारू की हत्या के लिए शूटर जुटाए थे और इसका फरमान मलेशिया से आया था। बता दें कि सुमित जंडियाल ही गटारू गैंग का सरगना था।

जागरण संवाददाता, जम्मू। शहर के ज्वेल चौक में 21 जनवरी को हुए सुमित जंडियाल उर्फ गटारू हत्याकांड के तार मलेशिया से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए हत्याकांड में शामिल खौफ गैंग के मुख्य आरोपित करणजीत सिंह उर्फ गुगु को जम्मू से गिरफ्तार कर लिया है।
गुगु ने ही गटारू की हत्या के लिए शूटर जुटाए थे और इसका फरमान मलेशिया से आया था। दरअसल, खौफ गैंग का मुख्य सरगना विक्की सिंह मलेशिया में छिपा बैठा है और वहीं से गैंग चला रहा है। उसी के इशारे पर पूरी साजिश रजी गई थी।
खौफ गैंग ने बदला लेने के लिए की थी हत्या
खौफ गैंग ने इस हत्या का षड्यंत्र अपराध की दुनिया में वर्चस्व बनाने, गटारू गैंग से ऑनलाइन सट्टे और रियल इस्टेट के गौरखधंधे में पुरानी रंजिश और मारे गए अपने साथियों का बदला देने के लिए रचा था।
खौफ गैंग के तार पंजाब के लॉरेंस गैंग से भी जुड़े होने का अंदेशा है। पुलिस इस संबंध में जल्द पत्रकार वार्ता कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर सकती है। फिलहाल, पुलिस अधिकारी इस मामले में बोलने से बच रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपित पर दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के हत्थे चढ़े गुगु पर जम्मू के आरएसपुरा और मीरा साहिब पुलिस थाने में सात आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, घातक हथियारों और तेजधार हथियारों का प्रयोग करने, मारपीट करने, धमकाने समेत अन्य संगीन आरोपों के मामले दर्ज हैं।
बीते वर्ष मीरा साहिब इलाके में फिरौती के लिए हुए गोलीकांड में पुलिस ने गुगु को गिरफ्तार किया था, लेकिन उस समय वह नाबालिग था, जिसके चलते उसे जमानत मिल गई थी। जमानत पर बाहर आने के बाद भी वह आपराधिक वारदातों को अंजाम देने में जुट गया।
जम्मू में ही छिपा था गुगु
सूत्रों के अनुसार, गटारू की हत्या के बाद गुगु जम्मू में ही छिपा हुआ था, जिसे पुलिस ने पुख्ता सूचना के आधार पर उसके ठिकाने पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। इस हत्याकांड में पुलिस ने अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
जिनमें दिल्ली क्राइम ब्रांच की ओर से पकड़े गए पांच आरोपितों में से हर्ष सिंह, अक्षय कुमार और अरुण कुमार इस हत्याकांड में सीधे तौर पर शामिल थे, जबकि उन्हें शरण देने के आरोप में अजय और राज कुमार को भी गिरफ्तार किया था। शरण देने का आरोपित अजय इस हत्याकांड में शामिल अरुण का सगा भाई है।
यह भी पढ़ें- गटारू हत्याकांड में बड़ा खुलासा, नेपाल भागने की फिराक में थे शूटर; पुलिस ने दिल्ली से दबोचा
खौफ गैंग के गुर्गे की मुठभेड़ में गई थी जान
इसके अलावा पुलिस ने आरएसपुरा और विजयपुर के रहने वाले दो अन्य युवकों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि खौफ गैंग के मुख्य गुर्गे वासुदेव उर्फ शुन्नू की कठुआ मुठभेड़ में मौत होने के बाद से खौफ गैंग को लगता था कि उसे बड़ा नुकसान हुआ है। इस मुठभेड़ में एक पीएसआई दीपक कुमार भी बलिदान हो गए थे।
खौफ गैंग को गटारू गैंग पर था ये शक
खौफ गैंग को यह शक था कि मुठभेड़ के दिन वासुदेव के कठुआ अस्पताल में आने की सूचना पुलिस को गटारू गैंग ने दी थी। यही कारण था कि गटारू की हत्या करने के बाद खौफ गैंग से इंटरनेट मीडिया में पोस्ट कर वासुदेव की हत्या का बदलाव लेने का दावा किया था।
वहीं मलेशिया से खौफ गैंग चला रहा विक्की सिंह बीते वर्ष जम्मू के विजयपुर में हुए अक्षय हत्याकांड के बाद चर्चा में आया था। अक्षय को गटारू गैंग का सदस्य बता कर खौफ गैंग ने उसकी हत्या करने का दावा किया था।
अक्षय की बर्बर तरीके से हत्या करने के बाद खौफ गैंग ने उसके अंग काट कर वीडियो बनाया था और उसे इंटरनेट में प्रसासित भी किया था।
यह भी पढ़ें- गटारू हत्याकांड: दिल्ली में इंडिया गेट के पास होटल में छिपे थे 3 आरोपित, पुलिस ने किया गिरफ्तार
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।