गटारू हत्याकांड: दिल्ली में इंडिया गेट के पास होटल में छिपे थे 3 आरोपित, पुलिस ने किया गिरफ्तार
जम्मू के ज्वेल चौक पर गणतंत्र दिवस से पहले हुई गैंगवार के तीन आरोपितों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये आरोपित वारदात के बाद जम्मू से भाग गए थे और दिल्ली के एक होटल में छिपे हुए थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। जम्मू पुलिस इस गिरफ्तारी को लेकर चुप्पी साधे हुए है। जम्मू पुलिस अन्य आरोपितों को पकड़ने में जुटी है।
जागरण संवाददाता, जम्मू। गणतंत्र दिवस से कुछ दिन पूर्व जम्मू शहर में ज्वेल चौक पर हुई गैंगवार की घटना को अंजाम देने के तीन आरोपितों को दिल्ली पुलिस के सहयोग से पकड़ लिया गया है। वारदात को अंजाम देकर यह आरोपित जम्मू से भाग गए थे।
इंडिया गेट के नजदीक तीनों एक होटल में कमरा लेकर रह गए थे, जहां से दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपितों में शूटर हर्ष, अरुण और एक अन्य युवक शामिल है। हालांकि, जम्मू पुलिस के अधिकारी तीनों की गिरफ्तारी को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं।
सभी आरोपितों के पकड़े जाने के बाद ही होगा खुलासा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपितों के पकड़े जाने के बाद ही मामले का खुलासा किया जाएगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जम्मू पुलिस ने पंजाब, दिल्ली व अन्य राज्यों की पुलिस के साथ गटारू हत्याकांड (Gataru Murder Case) में शामिल आरोपितों की तस्वीरें व अन्य जरूरी जानकारियों को साझा किया था।
इस दौरान दिल्ली पुलिस को सूचना मिली कि जम्मू के रहने वाले कुछ युवक बीते कुछ दिन से एक होटल में रह रहे हैं। उनके बारे में जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि जम्मू पुलिस इन युवकों की तलाश कर रही है। इसके बाद जम्मू पुलिस से संपर्क किया गया था।
आरोपितों को जम्मू लाने के लिए पहुंची टीम
तीनों के वांछित आरोपित होने की जम्मू पुलिस ने पुष्टि की, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। जम्मू पुलिस की एक टीम तीनों को दिल्ली से जम्मू लाने के लिए वहां पहुंच गई है। पुलिस ने इस मामले में कुल आठ लोगों को आरोपित बनाया है।
जिनमें से अब तक पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। तीन अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। तीनों के जम्मू से बाहर किसी अन्य राज्य में छुपे होने की आशंका है।
यह भी पढ़ें- गैंगस्टर गटारू हत्याकांड: छोटे से कमरे में बड़ी प्लानिंग, महिला ने भी की थी मदद; जांच में चौंका देने वाला खुलासा
पहले ही की थी गटारू को मारने की प्लानिंग
बता दें कि ज्वेल क्षेत्र में सुमित जंडियाल उर्फ गटारू हत्याकांड पहले से ही सुनिश्चित था। खौफ गैंग के गुर्गे लगातार गटारू की रेकी कर रहे थे। वह पहले से ही इस बात पर नजर बनाए हुए थे कि गटारू दिनभर कहां जाता है ,किससे मिलता है और कहां से होकर गुजरता है।
हत्यारे बस सही मौके की तलाश में थे। गटारू महाकुंभ 2025 जाने की तैयारी में जुटा था। वारदात के समय वह माता-पिता से मिलने जम्मू से विजयपुर जा रहा था।
यह भी पढ़ें- 'सरेंडर करो नहीं तो एनकाउंटर...', गटारू हत्याकांड के आरोपियों को पुलिस की चेतावनी; इस गैंग ने ली थी जिम्मेदारी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।