Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Amarnath Yatra: खराब मौसम में भी नहीं थमे बाबा अमरनाथ के भक्तों के पांव, बारिश के बीच 3536 श्रद्धालुओं का 20वां जत्था रवाना

    Updated: Tue, 22 Jul 2025 12:29 PM (IST)

    बाबा अमरनाथ यात्रा आधी अवधि पार कर चुकी है श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं लेकिन भक्तों की आस्था बरकरार है। जम्मू यात्री निवास के अलावा सीधे पहलगाम और बालटाल से भी यात्रा कर रहे हैं। अब तक लगभग सवा तीन लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। बारिश के बीच 3536 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ।

    Hero Image
    इस बार हेलिकॉप्टर सेवा नहीं है, फिर भी यात्रा सुचारू रूप से जारी है।

    राज्य ब्यूरो, जागरण, जम्मू। बाबा अमरनाथ यात्रा ने आधी अवधि को पार किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर भारी उत्साह रहा है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बाबा बर्फानी के भक्तों की आस्था किसी भी हमले या डर पर भारी है। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह, जोश, जज्बा दिखाई दे रहा है। मात्र जम्मू के यात्री निवास भगवती नगर पहुंच कर ही श्रद्धालु यात्रा के लिए नहीं जा रहे है बल्कि सीधे ही पहलगाम व बालटाल पहुंच कर भी यात्रा कर रहे हैं।

    अब तक करीब सवा तीन लाख श्रद्धालु बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं। आज मंगलवार सुबह बारिश के बीच जम्मू के यात्री निवास भगवती नगर से 3536 श्रद्धालुओं का 20 वां जत्था पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ। इसमें 2601 पुरुष, 822 महिलाएं, 11 बच्चे, 102 साधु शामिल थे। इनमें बालटाल मार्ग के जरिए यात्रा करने के लिए 1250 और पहलगाम मार्ग के जरिए यात्रा करने के लिए 2286 श्रद्धालु रवाना हुए।

    यह भी पढ़ें- जम्मू में डेंगू ने दी दस्तक, अब तक 21 मरीजों में पुष्टि; मलेरिया विभाग ने निपटने के लिए शुरू किया अभियान

    जम्मू व आसपास के इलाकों में कल से ही बारिश हो रही है। सुबह भी बारिश के बीच ही जत्थे को रवाना किया गया। तीन जुलाई से शुरु हुई यात्रा इस बार 38 दिन की है और यह 9 अगस्त को रक्षा बंधन वाले दिन संपन्न होगी। पिछले साल करीब सवा पांच लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन करते हुए बारह साल के रिकार्ड को तोड़ा था।

    इस बार भी जिस तरह से श्रद्धालु आ रहे है, उससे लगता है कि पांच लाख के करीब यात्रा पहुंच सकती है। इस बार हेलिकाप्टर सेवा नहीं है, यात्रा के दोनों मार्गों को सुरक्षा कारणों से नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या में कमी नहीं आई है।

    जिस दिन से यात्रा शुरु हुई तब से लेकर उपराज्यपाल नियमित अंतराल के बाद श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेने के लिए बालटाल व पहलगाम आधार शिविर पहुंच रहे है। वह श्रद्धालुओं से रूबरू भी हो रहे हैं। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड व संबंधित जिला प्रशासन व विभागों के बीच तालमेल से यात्रा को सुगम बनाया गया है।

    यह भी पढ़ें- वैष्णो देवी पर तीन जगह भूस्खलन से रुकी यात्रा, पांच सेकंड में भरभराकर गिरे पहाड़; श्रद्धालुओं की ऐसे बची जान