अमरनाथ यात्रा स्थगित होने पर चांद नगर गुरुद्वारा बना भक्तों का आशियाना, बेहतरीन सुविधा देने में जुटा प्रशासन
Amarnath Yatra in Jammu जम्मू में मानसून के सक्रिय होने के कारण अमरनाथ यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। यात्रा स्थगित होने के चलते जम्मू में बढ़ रही भीड़ को देखते हुए जम्मू नगर निगम ने श्री अमरनाथ यात्रियों के लिए चांद नगर गुरुद्वारे में इंतजाम किए। नगर निगम के अधिकारियों ने देर शाम और रविवार तड़क गुरुद्वारा साहिब में पहुंच कर यात्रियों के लिए सुविधाओं का जायजा लिया।

जम्मू, जागरण संवाददाता। जम्मू में मानसून के सक्रिय होने के कारण लगातार बारिश हो रही है। वहीं, इसी के चलते अमरनाथ यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। यात्रा स्थगित होने के चलते जम्मू में बढ़ रही भीड़ को देखते हुए जम्मू नगर निगम ने श्री अमरनाथ यात्रियों के लिए चांद नगर गुरुद्वारे में इंतजाम किए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को जहां ठहराया गया है और उनके लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध करवाने में नगर निगम की टीमें जुट गई हैं।
गुरुद्वारा साहिब में ठहरे श्रद्धालु
नगर निगम के अधिकारियों ने देर शाम और रविवार तड़क गुरुद्वारा साहिब में पहुंच कर यात्रियों के लिए सुविधाओं का जायजा लिया। सुबह से ही टीमें साफ-सफाई में जुटी हुई हैं। इसके अलावा पानी, बिजली, शौचालयों की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही हैं। निगम के हेल्थ ऑफिसर डा. विनोद शर्मा की अध्यक्षता में निगम की टीमें यहां काम में जुटी हुई हैं। भगवती नगर, राम मंदिर समेत अन्य स्थानों का भी निरीक्षण किया गया ताकि यात्रियों को कोई परेशानी न हो। श्री अमरनाथ यात्रा के मौसम के चलते स्थगित होने से जम्मू में हजारों की संख्या में श्रद्धालु फंसकर रह गए हैं।
यात्रियों को बेहतरीन सुविधा देने में जुटा प्रशासन
गुरुद्वारा प्रबंधन ने भी नगर निगम के साथ मिलकर यात्रियों को सुविधाएं देने के लिए कमर कसी हुई है। बेहतरीन तरीके से यात्रियों को सुविधाएं दिलाने के लिए प्रबंधन जुट गया है। दिल्ली से आए श्रद्धालु रमेश कुमार अब्बल, सुरेंद्र आमला, अखिलेश कुमार का कहना है कि वे जम्मू में पहुंच चुके हैं और भोले बाबा के दर्शन करके ही लौटेंगे। फिलहाल गुरुद्वारा साहिब में रुके हैं। यहां अच्छी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। कोई कमी नहीं। उन्होंने बम भोले के जयघोष लगाते हुए कहा कि जब तक यात्रा शुरू नहीं होती, वे जम्मू के धार्मिक स्थलों में घूमना चाहेंगे।
सफाई व्यवस्था का भी रखा जा रहा पूरा ध्यान
श्रद्धालु ने भगवती नगर में भीड़ होने के चलते यहां आने की बात भी कही। उधर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के उपप्रधान बलविंद्र सिंह ने कहा कि यात्रियों को हर प्रकार की सुविधाएं दी जाएंगी। उन्हें किसी प्रकार की परेशान नहीं होने दी जाएगी।
वहीं, हेल्थ ऑफिसर डा. विनोद शर्मा ने कहा कि भगवती नगर यात्री निवास, गुरुद्वारा साहिब चांद नगर, जम्मू रेलवे स्टेशन के बाहर यात्रियों की सुविधाओं को निरीक्षण करने के साथ संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी प्रकार की दिक्कत श्रद्धालुओं को नहीं होनी चाहिए। नगर निगम सफाई व्यवस्था के अलावा बिजली, पानी की देखरेख में जुटा हुआ है। संबंधित अधिकारी भी मॉनिट्रिंग कर रहे हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से पॉलीथिन का इस्तेमाल न करने की अपील की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।