Hockey Asia Cup 2025: फाइनल में दिलप्रीत सिंह ने दागे दो गोल, हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों के लिए खोला खजाना
बिहार के राजगीर खेल परिसर के नीले टर्फ पर रविवार को भारतीय हॉकी का दम दिखा। राष्ट्रीय खेल के हर छोर पर मेजबानों का दबदबा रहा। दिलप्रीत ने मैदान जीता और दो शानदार फील्ड गोलकर खेल ही पलट दिया। पांच हजार दर्शकों की क्षमता वाले परिसर की दर्शक दीर्घा में करीब 10 हजार खेलप्रेमी भारत की जीत के साक्षी बने।

जागरण संवाददाता, राजगीर: बिहार के राजगीर खेल परिसर के नीले टर्फ पर रविवार को भारतीय हॉकी का दम दिखा। राष्ट्रीय खेल के हर छोर पर मेजबानों का दबदबा रहा। दिलप्रीत ने मैदान जीता और दो शानदार फील्ड गोलकर खेल ही पलट दिया। पांच हजार दर्शकों की क्षमता वाले परिसर की दर्शक दीर्घा में करीब 10 हजार खेलप्रेमी भारत की जीत के साक्षी बने।
ट्रॉफी देश के पास आते ही, आतिशबाजी से आकाश चमक उठा। टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए भारत ने नीदरलैंड्स एवं बेल्जियम में खेले जाने वाले विश्व कप का टिकट भी कटा लिया। हॉकी इंडिया ने भारत के प्रत्येक खिलाड़ी को तीन-तीन लाख और सपोर्ट स्टाफ को डेढ़ लाख रुपये देने की घोषणा की।
खेल के पहले मिनट में ही मेजबान देश ने गोल करने का क्रम शुरू कर दिया। अभी मैच शुरू ही हुआ था कि सुखजीत सिंह ने शानदार फील्ड गोलकर देश को 1-0 की बढ़त दिला दी। कोरिया की गलती पर भारत को पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला, मगर वह चूक गया। दूसरे क्वार्टर के 18वें मिनट में जुगराज सिंह को अंपायर ने ग्रीन कार्ड दिखाया। इसके बाद भारत को पेनल्टी कार्नर भी मिला, पर देश ने फिर गलती कर दी।
इसी क्वार्टर में दूसरा ग्रीन कार्ड संजय को मिला। तीसरे क्वार्टर में कोरिया को लगातार दो पेनल्टी कार्नर मिले, पर वह एक को भी गोल में बदल नहीं पाई। इसके बाद भारत ने मेहमान टीम को एक और झटका दे दिया। 45वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने एक और कामयाबी हासिल की।
चौथे क्वार्टर के 50वें मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर का लाभ उठाते हुए अमित रोहिदास ने खेल को 4-0 पर पहुंचा एकतरफा कर दिया। मेहमानों ने 51वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर का लाभ लेकर गोल तो किया, पर मैच खत्म होने पर उसको 4-1 की शिकस्त झेलनी पड़ी।
दूसरी सबसे सफल टीम बनी भारत
भारत ने चौथी बार एशिया कप का खिताब जीता और दूसरी सबसे सफल टीम बन गई। इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक खिताब दक्षिण कोरिया के नाम हैं। उसने पांच बार यह खिताब जीता है। इसके अलावा पाकिस्तान की टीम ने तीन बार यह ट्रॉफी जीती है।
तीसरे स्थान पर रही मलेशिया
मलेशिया ने तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में चीन को 3- 0 से हराया। मलेशिया के लिए अकिमुल्लाह अनवर ने दो गोल दागे और 12 गोल के साथ वह टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ गोल स्कोरर रहे। जापान ने बांग्लादेश को 6-1 से हराकर पांचवां स्थान प्राप्त किया।
भारत का सफर
- भारत ने चीन को 4-3 से मात दी।
- भारत ने जापान को 3-2 से हराया।
- भारत ने कजाकिस्तान को 15-0 से रौंदा।
- भारत-कोरिया का मैच 2-2 से ड्रॉ रहा।
- भारत ने मलेशिया को 4-1 से शिकस्त दी।
- भारत ने चीन को 7-0 से पराजित किया।
- भारत ने कोरिया को 4-1 से हराया।
टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल गोल
- 12: अकिमुल्ला अनवर
- 7: हरमनप्रीत सिंह
- 6: अभिषेक, सुखजीत, सिनोहारा
- 5: अशरफुल इस्लाम, चेन बेनहाई
- 4: दिलप्रीत सिंह
यह भी पढ़ें- Hockey Asia Cup 2025: भारतीय टीम खिताब से एक जीत दूर, चीन को 7-0 से हराया
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।