विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल: नालागढ़ पुलिस थाना के पास जोरदार धमाका, इमारतों के शीशे हुए चकनाचूर; प्रारंभिक जांच के बाद क्या बोले अधिकारी?

By Jagran News Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 01 Jan 2026 12:16 PM (IST)Updated: Thu, 01 Jan 2026 04:41 PM (IST)

नालागढ़ में नए साल की सुबह पुलिस थाना की दीवार के पास एक जोरदार धमाका हुआ। इससे पुलिस थाना, ईसीएचएस ...और पढ़ें

जिला सोलन के नालागढ़ पुलिस थाना के पास ब्लास्ट के बाद जांच करती पुलिस व क्षतिग्रस्त भवन।

जिला सोलन के नालागढ़ पुलिस थाना के पास ब्लास्ट के बाद जांच करती पुलिस व क्षतिग्रस्त भवन।

HighLights

  1. नालागढ़ पुलिस थाना के पास सुबह जोरदार धमाका हुआ।

  2. धमाके से आसपास के भवनों के शीशे टूट गए।

  3. पुलिस ने घटनास्थल सील कर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल प्रदेश जिला सोलन के नालागढ़ में नए साल की सुबह करीब सवा नौ बजे पुलिस थाना की दीवार के साथ जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में पुलिस थाना भवन, ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक तथा मार्केट कमेटी के भवन के शीशे टूट गए। साथ ही दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

इस धमाके के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस गहनता से मामले की छानबीन कर रही है। 

पुलिस ने सील किया घटना स्थल

सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर धमाके के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह घटना किसी की शरारत का परिणाम है या इसके पीछे कोई साजिश है।

आसपास सुरक्षा बढ़ाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही धमाके के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

सैनिक विश्राम गृह क्षतिग्रस्त

बताया जा रहा है पुलिस थाना के आसपास निजी व सरकारी भवन भी हैं। यहां पास में स्थित सैनिक विश्राम गृह की दीवारें और शीशे बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर सील कर दिया है। 

सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों में नए साल पर लाखों पर्यटक पहुंचे हुए हैं। हर पर्यटन स्थल पर्यटकों से भरा पड़ा है, इस बीच इस तरह से संदिग्ध धमाका होने से सुरक्षा एजेंसियों के भी हाथ पांव फूल गए हैं। पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां मामले की तह तक जाने के लिए जांच में जुटी हुई है। 

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले में फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। अब जांच की जा रही है की यह ब्लास्ट किस तरह हुआ है और इसमें किसी केमिकल या अन्य चीज का इस्तेमाल किया गया है।

क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक

एसपी बद्दी विनोद धीमान का कहना है कि एफएसएल की रिपोर्ट में ही ब्लास्ट के सही कारणों का पता चल सकेगा। हादसे में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है हालांकि पुलिस कर्मियों के क्वार्टर और आर्मी कैंटीन के कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा है।

एसपी ने स्क्रैप डीलर्स को भी चेतावनी दी है कि ऐसी खतरनाक सामग्री न रखें, जिससे जानमाल का नुकसान हो। पुलिस हर कोण से जांच कर रही है, ताकि जड़ तक पहुंचा जा सके। फिलहाल कारण अज्ञात हैं, लेकिन जांच तेजी से चल रही है। 

यह भी पढ़ें: हिमाचल: न्यू ईयर और जन्मदिन का जश्न मनाकर कुल्लू लौट रहे दोस्तों की कार दुर्घटनाग्रस्त, दो युवतियों सहित 3 की मौत