विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल: न्यू ईयर और जन्मदिन का जश्न मनाकर कुल्लू लौटते वक्त कार दुर्घटनाग्रस्त, 3 लड़कियों व युवक की मौत; एक उतर गया था पहले

By Jagran News Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 01 Jan 2026 11:21 AM (IST)Updated: Thu, 01 Jan 2026 06:00 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में नववर्ष और जन्मदिन का जश्न मनाकर लौट रहे दोस्तों की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस ...और पढ़ें

कुल्लू में भूतनाथ पुल के पास दुर्घटनाग्रस्त कार। सौ. पुलिस

कुल्लू में भूतनाथ पुल के पास दुर्घटनाग्रस्त कार। सौ. पुलिस

HighLights

  1. नववर्ष और जन्मदिन मनाकर लौट रहे दोस्तों की कार दुर्घटनाग्रस्त।

  2. कुल्लू-मनाली राजमार्ग पर भूतनाथ पुल के पास हुआ दर्दनाक हादसा।

  3. हादसे में तीन युवतियों और एक युवक की दुखद मौत हुई।

संवाद सहयोगी, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में नववर्ष और जन्मदिन का जश्न मनाकर लौट रहे दोस्तों की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में तीन युवतियों व एक युवक की मौत हो गई। नववर्ष की खुशियां एक दर्दनाक सड़क हादसे ने मातम में बदल दीं।

देर बीती रात कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूतनाथ पुल के समीप यह हादसा हुआ, जिसमें तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे कुल्लू से एम्स बिलासपुर रेफर किया गया था, जहां उसकी भी मौत हो गई।

पांच लोग थे सवार, एक उतर गया था दुर्घटनास्थल से पहले 

हादसा बीती रात करीब एक बजे हुआ है। कुल्लू निवासी सतपाल अपने चार दोस्तों जिनमें एक युवक व तीन युवतियां शामिल थीं के साथ कसोल से लौट रहा था। 31 दिसंबर को सतपाल का जन्मदिन था। वह जन्मदिन व नववर्ष का जश्न मनाने के लिए दोस्तों के साथ कसोल गया था। बताया जा रहा है इनका साथी एक अन्य युवक पीछे उतर गया था। 

पैरापिट से टकराने के बाद ट्रक के नीचे जा घुसी कार

लौटते समय भूतनाथ के पास उनकी हुंडई कार एचपी 34ई-5965 अनियंत्रित हो गई और पहले सड़क किनारे लगे पैरापिट से टकराई। इसके बाद कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के नीचे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला। 

टैटू आर्टिस्ट था सतपाल

मृतक सतपाल पेशे से टैटू आर्टिस्ट था और कुल्लू के अखाड़ा बाजार में उसकी टैटू बनाने की दुकान थी। वह अपने काम के लिए युवाओं में काफी लोकप्रिय था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

क्या है हादसे की वजह

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। आज कुल्लू अस्पताल में तीनों शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद शव परिवार को सौंप दिए गए। इस संदर्भ में कार चालक के विरुद्ध थाना कुल्लू में मामला दर्ज किया गया है।

हादसे में इनकी हुई मौत

हादसे में कार चालक 25 वर्षीय सतपाल पुत्र ध्यानचंद निवासी चामुंडा नगर डाकघर ढालपुर तहसील व जिला कुल्लू और 20 वर्षीय अंकिता पुत्री राकेश कुमार निवासी तांदी जिला लाहुल स्पीति और 20 वर्षीय कशिश पुत्री तेजराम निवासी जल्लुग्रां उपतहसील जरी जिला कुल्लू की मृत्यु हुई है। 

गंभीर रूप से घायल युवती ने एम्स में तोड़ा दम

हादसे में 20 वर्षीय रतांजलि पुत्री युधिष्ठिर लाल निवासी गांव व डाकघर सचानी तहसील भुंतर जिला कुल्लू गंभीर रूप से घायल थी, जिसे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू से एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। एम्स में उसकी भी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें: हिमाचल: नालागढ़ पुलिस थाना के पास जोरदार धमाका, इमारतों के शीशे हुए चकनाचूर; प्रारंभिक जांच के बाद क्या बोले अधिकारी?