Himachal Politics: हिमाचल में विधायक का दावा- आपरेशन लोटस शुरू, जयराम जल्द बनेंगे मुख्यमंत्री
Congress ने जनता से घोषणापत्र में जो वादे किए हैं उन्हें पूरा करने और प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास सरकार द्वारा किया जाएगा। कौल स ...और पढ़ें

मंडी, जागरण संवाददाता। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पहले सत्र से चार दिन पहले बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने आपरेशन लोटस शुरू होने का दावा कर प्रदेश के राजनीतिक हलकों में गर्माहट ला दी है। इंद्र सिंह गांधी ने दावा किया है कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर जल्द दोबारा प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 18 विधायक कई दिनों से गायब हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी इस बात का पता नहीं है।
इंद्र सिंह गांधी का दावा
विधायकों के गायब होने की वजह से प्रदेश मंत्रिमंडल का गठन नहीं हो रहा है। इंद्र सिंह गांधी ने एक चैनल को दिए साक्षात्कार में इस बात का दावा किया है। वह दूसरी बार बल्ह विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने हैं। अपने बयानों को लेकर वह अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। इंद्र सिंह गांधी ने यह भी दावा किया कि जो कार्यालय सुक्खू सरकार ने पिछले कुछ दिनों में डीनोटिफाई किए हैं, भाजपा सरकार बनते ही वे सभी बहाल किए जाएंगे।
कौल सिंह ठाकुर का पलटवार
वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविनदर सिंह सुक्खू संगठन में बड़े पदों पर रहे हैं। वह नौजवान हैं और उनके पास अनुभव है। उन्हें सरकार चलाने का पूरा अनुभव भी है। कांग्रेस ने जनता से घोषणापत्र में जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करने और प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास सरकार द्वारा किया जाएगा।
बौखला गए भाजपा नेता : कौल सिंह
कौल सिंह ने कहा कि सत्ता छिनने के बाद भाजपा के नेता बौखला गए हैं। बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी का बयान भी इसी बात का परिणाम है। कांग्रेस के अपने 40 विधायक हैं। तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त है। हिमाचल प्रदेश में आपरेशन लोटस की कोई संभावना नहीं है। भाजपा को ऐसे प्रयासों में सफलता नहीं मिलेगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।