Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में पांच दिन मौसम रहेगा साफ, धुंध छाने की आशंका
प्रदेश में दो दिन बाद शनिवार को धूप खिली। इससे ठंड से कुछ राहत मिली है। हालांकि मंडी बिलासपुर ऊना सोलन और कांगड़ा जिला के कुछ हिस्सों में दोपहर तक धुं ...और पढ़ें

शिमला, राज्य ब्यूरो : प्रदेश में दो दिन बाद शनिवार को धूप खिली। इससे ठंड से कुछ राहत मिली है। हालांकि, मंडी, बिलासपुर, ऊना, सोलन और कांगड़ा जिला के कुछ हिस्सों में दोपहर तक धुंध छाई रही। प्रदेश में वर्षा व हिमपात से किसानों-बागवानों को राहत मिली है। गेहूं सहित अन्य फसलों के लिए वर्षा लाभदायक है। विभाग के अनुसार प्रदेश में पांच जनवरी तक मौसम साफ रहेगा।
मंडी, ऊना समेत कई शहरों में घने कोहरे की चेतावनी
मंडी, ऊना, हमीरपुर व बिलासपुर जिला में शीत लहर के साथ घने कोहरा पड़ने की चेतावनी जारी की गई है। इस कारण यातायात व्यवस्था बाधित हो सकती है। लाहुल सहित मनाली के पर्यटन स्थलों में हिमपात होने के कारण नववर्ष का जश्न मनाने मनाली आए पर्यटकों का उत्साह बढ़ गया है। शनिवार को अधिकतर पर्यटक सोलंगनाला तक ही जा पाए, लेकिन कुछ पर्यटक फोर व्हील ड्राइव वाहनों में अटल टनल रोहतांग के पार गए। सोलंगनाला, फातरु व अंजनी महादेव में पर्यटकों की भीड़ रही। शनिवार को सोलंगनाला में भी रिकार्ड पर्यटक आए।
यह भी पढ़ें - Dharmshala: कांगड़ा पुलिस ने दी थी चीनी महिला की जानकारी, पुलिस जांच में वीजा मिला एक्सपायर
पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरा पारा
अधिकतर क्षेत्रों में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। नारकंडा सहित कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है। सबसे कम तापमान कलंग में -9.2, कुकुमसेरी में -8.5, कल्पा में -3.0, नारकंडा में -2, मनाली में -1.4 डिग्री दर्ज किया गया है। धूप खिलने से अधिकतम तापमान दो से चार डिग्री की वृद्धि हुई है।
मंडी सहित कई स्थानों पर भूकंप के झटके
प्रदेश में मंडी सहित सुंदरनगर, बिलासपुर व सोलन में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप शनिवार सुबह 5:51 बजे आया। इसका केंद्र मंडी के सुंदरनगर के नालू में जमीन से पांच किलोमीटर नीचे था। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.80 मापी गई। कई स्थानों पर लोग घरों से बाहर निकल आए। कहीं से नुकसान की कोई सूचना नहीं है। इससे पूर्व सिरमौर, शिमला, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा व अन्य क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि लगातार भूकंप के झटके आने से बड़े झटकों की संभावना कम हो जाती है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।