Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Himachal Weather: बारिश के लिए करना होगा और इंतजार, इन इलाकों में बर्फबारी के आसार; पढ़ें मौसम का हाल

    Updated: Mon, 02 Dec 2024 07:56 AM (IST)

    Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। प्रदेश में दो महीने से बारिश नहीं हुई है जिससे फसलों की बुआई में देरी हो रही है। प्रदेश के लगभग 60 प्रतिशत इलाकों में रबी की फसल की बुआई नहीं हो सकी है। आने वाले दिनों में ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।

    Hero Image
    मनाली-लेह मार्ग के जिंग जिंगबार में सड़क का निरीक्षण करते पुलिस अधिकारी (फोटो- जागरण)

    राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल में लंबे समय से वर्षा का इंतजार कर रहे लोगों को राहत की उम्मीद अभी कम है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन दिन तक प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। लाहुल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू व चंबा जिले के अधिक ऊंचाई वाले कुछ स्थानों में हिमपात होने की संभावना है और अन्य स्थानों पर मौसम में बदलाव की संभावना नहीं है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    धूप खिलने के बावजूद तापमान में गिरावट

    पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के अनुमान के बीच रविवार को प्रदेश में धूप खिली रही। धूप खिलने के बावजूद समधो के अधिकतम तापमान में 3.3 डिग्री की गिरावट आई है जबकि भुंतर में छह डिग्री, कुल्लू के सेऊबाग में 5.7 डिग्री, मनाली में 3.3 डिग्री, सुंदरनगर, कल्पा और ताबो में 2.2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है।

    प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 26.8 डिग्री दर्ज किया गया है। रविवार को न्यूनतम तापमान में करीब एक डिग्री का अंतर आया है। कुछ एक स्थानों पर गिरावट और कुछ एक स्थानों पर वृद्धि दर्ज की गई है।

    बारिश न होने से फसलों की बुआई में देरी

    प्रदेश में दो माह से अधिक समय से वर्षा न होने के कारण रबी की फसलों की बुआई का काम नहीं हो सका है। प्रदेश में 60 प्रतिशत क्षेत्र में अभी तक बुआई नहीं हो सकी है।

    वहीं सोलन जिले के धर्मपुर उपमंडल के सुल्तानपुर में झारखंड निवासी महिला मृत मिली है। आशंका जताई जा रही है कि ठंड से महिला की मौत हो गई है। हालांकि कोई पुष्टि नहीं हो पाई है।

    रोहतांग, बारालाचा व कुंजम में हिमपात

    रविवार को रोहतांग, बारालाचा, कुंजम व शिंकुला दर्रे में दो इंच से अधिक हिमपात हुआ है। प्रशासन ने रोहतांग सहित कुंजम दर्रा पर्यटकों सहित सभी वाहनों के लिए बंद कर दिया है।

    वहीं जनजातीय उपमंडल पांगी को चंबा जिले से जोड़ने वाले साचपास मार्ग प्रशासन ने सभी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। मार्ग पर पानी जमना शुरू होने के बाद फिसलन बढ़ गई है। अब अगले वर्ष जुलाई के बाद ही यह मार्ग बहाल होगा।

    यह भी पढ़ें- मनाली में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, होटल में बढ़ी ऑक्यूपेंसी; तीन दिन में पहुंचे 3 हजार से अधिक वाहन

    प्रदेश में तापमान की स्थिति

    स्थान अधिकतम न्यूनतम
    शिमला 9.4 18.2
    सुंदरनगर 4.5 25.3
    भुंतर 1.8 23.5
    कल्पा 0.4 14.3
    धर्मशाला 8.1 21.8
    ऊना 5.0 26.8
    नाहन 10.3 22.8
    केलंग -3.0 10.5
    सोलन 4.4 23.3

    घटते जलस्तर को लेकर सरकार ने बुलाई समीक्षा बैठक

    प्रदेश में दो माह से वर्षा न होने से पेयजल योजनाओं में जलस्तर घटा है। यदि आने वाले दिनों में वर्षा नहीं होती है तो पेयजल आपूर्ति प्रभावित होगी। प्रदेश सरकार ने सचिवालय में इस सप्ताह समीक्षा बैठक बुलाई है। बैठक में पेयजल योजनाओं में पानी की गिरावट की समीक्षा होगी।

    वर्षा न होने के कारण रबी की फसल की बिजाई नहीं हो रही है। कृषि विभाग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के 70 प्रतिशत हिस्से में गेहूं और अन्य फसलों की बिजाई नहीं हुई है।

    यह भी पढ़ें- Weather News: बर्फ से नहा रहे पहाड़, जमीन बूंदों के लिए तरसी; नवंबर में हिमाचल के 11 जिलों में नहीं हुई बारिश