Weather News: बर्फ से नहा रहे पहाड़, जमीन बूंदों के लिए तरसी; नवंबर में हिमाचल के 11 जिलों में नहीं हुई बारिश
हिमाचल प्रदेश में ऊंची चोटियों पर बर्फबारी लेकिन प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अभी भी इंतजार है। 11 जिलों में नवंबर में बारिश की एक भी बूंद नहीं गिरी। दिसंबर में सूखे से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं बर्फबारी के बाद रोहतांग दर्रा सभी वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। बारिश नहीं होने से फसलों की बुआई नहीं हो सकी है।
राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश में मौसम के बदले तेवर अभी तक राहत के फुहारें नहीं बरसाए पाए हैं लेकिन पहाड़ बर्फ से जरूर नहा रहे हैं। शनिवार को प्रदेश के बारालाचा, कुंजुम दर्रे सहित ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ। रोहतांग दर्रे में बर्फ के फाहे गिरने से वहां मौजूद पर्यटकों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। इन पलों को पर्यटकों ने कैमरे में कैद किया। प्रदेश के बाकी स्थानों पर धूप खिली रही।
11 जिलों में नहीं गिरी एक बूंद बारिश
नवंबर में 11 जिलों में वर्षा की एक भी बूंद नहीं गिरी जबकि लाहुल स्पीति में 0.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 96 प्रतिशत कम रही। प्रदेश में वर्ष 2016 में जीरो मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी।
इस बार नवंबर में लाहुल स्पीति में हुई वर्षा के कारण प्रदेश में 0.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वर्षा न होने से और लगातार सूखे के कारण रबी की फसलों की बुआई नहीं हो सकी है। सब्जियों को नुकसान हुआ है।
दिसंबर में सूखे से राहत मिलने की उम्मीद
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी तीन दिन तक प्रदेश की ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात की संभावना जताई गई है। ऐसे में अब दिसंबर में ही सूखे से राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश में कुछ एक स्थानों पर हल्के बादलों के साथ धूप खिली रही।
इसके कारण दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भुंतर में 5.7, भरमार में तीन, मनाली व कल्पा में अधिकतम तामपान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस का अंतर आया है।
यह भी पढ़ें- Weather: कश्मीर-हिमाचल में हो रही बर्फबारी, उत्तर भारत में अभी और गिरेगा तापमान, IMD ने किया अलर्ट
कहां कितना रहा तापमान
स्थान | न्यूनतम | अधिकतम |
शिमला | 8.2 | 17.2 |
सुंदरनगर | 4.9 | 22.9 |
भुंतर | 3.2 | 17.5 |
कल्पा | 0.4 | 11.9 |
धर्मशाला | 8.8 | 21.6 |
ऊना | 4.5 | 26.6 |
नाहन | 11.1 | 21.8 |
सोलन | 4.5 | 23.5 |
रोहतांग दर्रा सभी वाहनों के लिए बंद
रोहतांग दर्रा पर्यटकों सहित सभी तरह के वाहनों के लिए अधिकारिक तौर पर बंद कर दिया गया है। शनिवार को जिला दंडाधिकारी अश्वनी कुमार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की। रोहतांग के लिए आनलाइन परमिट बनाने की साइट भी बंद कर दी गई है।
प्रशासन ने मढ़ी में स्थापित पुलिस चौकी को भी गुलाबा स्थानांतरित करने की अधिसूचना जारी की है। रोहतांग दर्रा हर साल 15 नवंबर को अधिकारिक तौर पर यातायात के लिए बंद होता था। इस साल मौसम साफ रहने के कारण अभी तक वाहनों की आवाजाही जारी रही।
एसडीएम मनाली रमन कुमार शर्मा ने डीएसपी केडी शर्मा और बीआरओ के साथ रोहतांग सड़क का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में सड़क यातायात के लिए सही नहीं पाई गई।
यह भी पढ़ें- Snowfall in Kashmir: कश्मीर के पहाड़ों पर कड़ाके की ठंड, बारिश-बर्फबारी से बदला मौसम का मिजाज; कई सड़के बंद
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।