Shimla Landslide: शिमला में भूस्खलन और पेड़ गिरने से खतरे में 6 बहुमंजिला भवन, सरकारी आवास भी खाली करवाए
Himachal Pradesh Landslide शिमला शहर में भारी बारिश के चलते कृष्णानगर वार्ड में भूस्खलन से छह इमारतें खतरे में आ गई हैं जिनमें से पाँच खाली करा ली गई हैं। बैनमोर वार्ड में रामचंद्र चौक पर भी भूस्खलन हुआ जिससे सड़क बंद हो गई। विकासनगर में पत्थर गिरने से यातायात बाधित है।

जागरण संवाददाता, शिमला। Shimla Landslide, शिमला शहर में भारी बारिश से नुकसान का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। राजधानी के कृष्णानगर वार्ड में भूस्खलन व पेड़ गिरने से छह से ज्यादा भवनों को खतरा हो गया है। इनमें से पांच भवनों को पूरी तरह से खाली करवा दिया है।
पांच परिवार शिफ्ट किए
कृष्णानगर के पार्षद विनोद भाटिया ने बताया कि बारह बजे भारी भूस्खलन हुआ। यह भूस्खलन का सिलसिला एक सितंबर से चला था, मंगलवार की रात को बारह बजे यहां फिर से भूस्खलन हुआ। इन भवनों में रह रहे पांच परिवारों को कृष्णानगर के सामुदायिक भवन में शिफ्ट करवा दिया है।
बैनमोर वार्ड में भी भारी नुकसान
शहर में इसके अलावा कई स्थानों पर मलबा गिरा व पेड़ों के गिरने से नुकसान हुआ है। बैनमोर वार्ड पर रामचंद्र चौक में एक बार फिर से काफी लैंडस्लाइड हुआ है। इसके चलते सड़क यातायात के लिए ठप्प हो गई है। भूस्खलन से बड़े पेड़ सरकारी भवन की छत पर जा पहुंचे हालांकि घटना में किसी का जानी नुकसान नहीं है। आसपास के मकानों को खतरा पैदा हो गया है, इसको देखते हुए मकानों को खाली किया गया है।
सरकारी भवनों को भी नुकसान
यहां पर पहले भी काफी नुकसान हुआ था। सरकारी भवनों पर पेड़ गिरने से नुकसान हुआ है। इससे सड़क पर यातायात पूरी तरह से बंद हो गया है। यहां पर भी सरकारी आवासों को पहले ही खाली करवा लिया था।
विकासनगर में पत्थर गिरने से यातायात बाधित
विकासनगर में पहाड़ से लगातार पत्थर के कारण यातायात बाधित हो गया। विकासनगर में पहाड़ से गिरे पत्थरों को हटाने के लिए मशीनों को लगा दिया। इससे किसी तरह का कोई जानी नुकसान न हो, इसलिए एहतिहान वाहनों की आवाजाही रोक दी थी।
यह भी पढ़ें- Himachal Landslide: रामपुर में बस पर गिरी चट्टानें, दो महिलाओं की मौत व 15 यात्री घायल, VIDEO
मेयर ने किया निरीक्षण
मेयर सुरेंद्र चौहान ने बैनमोर वार्ड में हुए नुकसान का जायजा लेने के निरीक्षण किया। नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। महापौर ने कहा कि शिमला शहर में विकासनगर, कृष्णा नगर, कोमली बैंक और रामचंद्र चौक में भूस्खलन हुआ है । इससे काफी नुकसान हुआ है हालांकि इसमें कोई जानी नुकसान नहीं है। रामचंद चौक में एक मकान में दरारें आ गई हैं, इसे खाली कर दिया गया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।