Himachal Election 2022: शिमला में गरजे अमित शाह, कहा- राहुल बाबा बताएं देश व हिमाचल के विकास के लिए क्या किया
HImachal Pradesh Assembly Election 2022 चंबा के भटियात में सोनिया व राहुल गांधी तथा प्रतिभा सिंह व विक्रमादित्य सिंह पर हमला बोलने के बाद शिमला के कसुम्पटी में भी जमकर निशाना साधा। कसुम्पटी में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सुरेश भारद्वाज के पक्ष में प्रचार किया।

शिमला, जागरण संवाददाता। HImachal Pradesh Assembly Election 2022, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शिमला जिले के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विजय संकल्प रैली में भाग लिया। उन्होंने कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सुरेश भारद्वाज के लिए प्रचार भी किया। उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सह प्रभारी संजय टंडन विशेष रूप में उपस्थित रहे। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस वाले विकास की बात करते हैं पर मैं राहुल बाबा (राहुल गांधी) से पूछता हूं कि वह हिमाचल तो नहीं आएंगे पर भारत में जो पदयात्रा चल रही है वहीं से बता दें कि उन्होंने भारत और हिमाचल के विकास के लिए क्या किया। आज भारत अर्थव्यवस्था की दृष्टि से विश्व में पांचवें स्तर पर आ गया है पर आज से पहले कांग्रेस के कार्यकाल में वह 11वें स्थान से कभी ऊपर नहीं आया। यह हमारा सौभाग्य है कि हमारे पास प्रधानमंत्री मोदी जैसा कुशल राजनीतिज्ञ है। आज देश की सीमा और सेना में कोई घुसपैठ नहीं कर सकता। कांग्रेस के समय देश में आलिया, जमालिया सब घुस जाते थे, भारत में दो सरकारों का फर्क साफ है और जनता सब जानती है। दुनिया को पता है कि देश का प्रधानमंत्री अब कोई मौनी बाबा नहीं परंतु नरेन्द्र मोदी हैं।
कांग्रेस के पास मां-बेटे के अलावा कुछ नहीं बचा
कांग्रेस के पास मां-बेटे के अलावा कुछ बचा नहीं है। हिमाचल में भी कांग्रेस के पास केवल मां-बेटा ही रह गए हैं। कांग्रेस कभी विकास नहीं कर सकती। इसका प्रत्यक्ष रूप उदाहरण सामने है। पिछले 20 वर्ष में कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का विधायक है पर यहां विकास नहीं हुआ। जो कांग्रेस भारत में पिछले 60 वर्षों में नहीं कर पाई वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले आठ वर्ष में कर दिखाया। भारत में किसी को भी भरोसा नहीं था कि राम मंदिर बन पाएगा पर मोदी के दृढ़निश्चय ने यह साबित कर दिया है और आज राम मंदिर का शिलान्यास प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किया गया है।
हिमाचलवासी 2024 राम मंदिर की टिकटें कर लें बुक
हिमाचलवासियों को 2024 की राम मंदिर की टिकटें बुक कर लेनी चाहिए क्योंकि 2024 में एक गगनचुंबी राम मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा। कांग्रेस ने केवल तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति की पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को विश्व पटल पर मजबूत बनाया। आज केदारनाथ, बद्रीनाथ जैसे धामों को प्रधानमंत्री मोदी ने फिर से बनाकर दुनिया के सामने प्रस्तुत किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।