यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Himachal Election 2022: अमित शाह ने हिमाचल में भरी चुनावी हुंकार, बोले- कांग्रेस यहां भी मां-बेटे की ही पार्टी
Amit Shah Rally In Himachal हिमाचल प्रदेश चुनाव में प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ...और पढ़ें

सिहुंता, जागरण टीम। Himachal Pradesh Election 2022, Amit Shah Rally In Himachal, हिमाचल प्रदेश चुनाव में प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जिला चंबा के भटियात विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी विक्रम जरियाल के समर्थन में रैली की। अमित शाह ने भारत माता की जय के साथ संबोधन शुरू किया। अमित शाह ने कहा विक्रम जरयाल को लगातार तीसरी बार जिताने का आशीर्वाद लेने भटियात की जनता के पास आया हूं। देवभूमि को प्रणाम। वीर माताओं को प्रणाम, जिनके बेटे देश की सरहदों की रक्षा करने के लिए आपने प्राणों की आहुति देने से पीछे नहीं हटते। सेना में प्रतिशतता के हिसाब से सबसे अधिक हिमाचल के जवान हैं। मणिमहेश, कार्तिक स्वामी व नाग मंडोर को भी प्रणाम किया। अमित शाह ने कहा जरयाल की जीत निश्चित है।
सांसद किशन कपूर व विक्रम सिंह जरयाल ने अमित शाह को शाल टोपी व चम्बा थाल भेंटकर सम्म्मनित किया।
कांग्रेस दिल्ली में मां-बेटे की पार्टी और हिमाचल में भी : अमित शाह
नया रिवाज बनाइए एक बार भाजपा बार बार भाजपा। कांग्रेस नेता टोपी की राजनीति चलाते हैं। मगर आज से लाल टोपी भी भाजपा की और हरी टोपी भी। राहुल बाबा कान खोल कर सुन लो ऊपर का हिमाचल भी ओर नीचे के हिमाचल के साथ प्रदेश का चप्पा चप्पा भाजपा का है। कांग्रेस दिल्ली में भी और हिमाचल में भी मां बेटे की पार्टी है। मगर भाजपा सब की पार्टी है।
भाजपा सरकार ने दिया हिमाचल को बजट
कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के बजट को कांग्रेस ने 90-10 से 60-40 कर दिया था। मगर भाजपा ने फिर से इसे 90-10 कर प्रदेश का विकास करवाया। कांग्रेस घोटालों की सरकारें रही हैं 12 लाख करोड़ के घोटाले कांग्रेस ने किए।
सिहुंता पहुंचने पर अमित शाह का स्वागत करते भाजपा नेता।
अब लोकतंत्र में राजा-रानी नहीं जनता का राज
अब लोकतंत्र में राजा रानी नहीं जनता का राज चलता है। चंबा जिला में पीएम मोदी ने हाल ही में चंबा को दो पावर प्रोजेक्ट दिए। 10 अस्पतालों को हिम केअर व आयुष्मान योजना के तहत पंजीकृत किया। 360 बेड का मेडिकल कॉलेज सरोल में बन रहा हैं। हर घर में पानी लाए, मुफ्त इलाज की सुविधा दी, सड़कें बनाई मगर कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है।
अब सर्जिकल स्ट्राइक कर दिया जाता है जवाब
कांग्रेस के समय में पाकिस्तान के आतंकवादी जवानों के सिर काट देते थे, मगर वह उफ्फ नहीं करते थे। लेकिन मोदी की सरकार मौनी बाबा की सरकार नहीं है और अब सर्जिकल स्ट्राइक कर जवाब दिया जाता है। मोदी ने ही 370 व 35 ए हटाई।
मोदी ने सुलझाया राम मंदिर का मुद्दा
अमित शाह ने कहा राम मंदिर का मुद्दा कांग्रेस ने हमेशा लटकाए रखा। मगर मोदी ने खून की एक बूंद गिराए बिना राम मंदिर का संवैधानिक तरीके से शिलान्यास किया। काशी विश्वनाथ कोरिडोर मोदी ने बनाया। बद्रीनाथ केदारनाथ का जीर्णोद्धार करवाया। आस्था के केंद्रों का सम्मान कर मोदी ने जनता का सम्मान किया।
फिर भाजपा की सरकार बनाएं, ड्रग फ्री हिमाचल बनाएंगे
शाह ने कहा डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश का अथाह विकास करवाया है। गिनवाने चला तो सभा की जगह भागवत सप्ताह करना पड़ेगा। प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनाइए। हम हिमाचल को ड्रग फ्री बनाकर प्रदेश के युवाओं को नशे के जाल में फंसने से बचाकर अच्छा जीवन देंगे।
