यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Himachal Election 2022: हिमाचल में स्टार वार, आज अमित शाह की तीन रैली, सचिन पायलट और आनंद भी मैदान में
Himachal Pradesh Election 2022 हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आज पहली नवंबर को प्रचार खूब जोर पकड़ने वाला है। ...और पढ़ें

शिमला, जागरण टीम। Himachal Pradesh Election 2022, हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आज पहली नवंबर को प्रचार खूब जोर पकड़ने वाला है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की हिमाचल प्रदेश में तीन रैलियां हैं। अमित शाह आज कांगड़ा जिला से सटे चंबा के सिहुंता में रैली को संबोधित करेंगे। दोपहर बाद मंडी जिला के करसोग के बरल मैदान में जनसभा करेंगे। इसके बाद शिमला के भट्टाकुफर में भी चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कांगड़ा जिला के जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के संसारपुर टैरेस और हमीरपुर जिला के भाेरंज में जनसभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी शिमला में रहेंगे व पत्रकार वार्ता कर कांग्रेस पर निशाना साधेंगे।
सचिन पायलट ऊना और हमीरपुर में
इसके अलावा राजस्थान से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ऊना में रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद हमीरपुर के गांधी चौक में जनसभा करेंगे। यहां कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पेंद्र वर्मा के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे।
आनंद शर्मा भी उतरेंगे प्रचार में
पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा आज से चुनाव प्रचार में शामिल होंगे। आनंद शर्मा दोपहर दो बजे बद्दी में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह सोलन आएंगे। दो नवंबर को सोलन में दोपहर 12:30 बजे चुनावी रैली करेंगे और बैठक में भाग लेंगे। इसी दिन शाम चार बजे वह शिमला पहुंचेंगे। इसके बाद वह पार्टी मुख्यालय राजीव भवन जाएंगे। चुनाव प्रचार को लेकर पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। तीन नवंबर को दोबारा चुनावी तैयारियों के सिलसिले में बैठक होगी। चार नवंबर को शिमला से घुमारवीं जाएंगे। इसी दिन सुंदरनगर में भी उनकी जनसभा रखी गई है। पांच को वह मनाली जाएंगे। कुल्लू व मनाली में कई स्थानों पर उनकी जनसभाएं होंगी। छह को उनका लाहुल स्पीति जाने का कार्यक्रम है। सात नवंबर को वह दिल्ली लौट जाएंगे।
