Himachal Politics: 'पांच साल चलेगी सरकार...', कांग्रेस मंत्री यादवेंद्र गोमा बोले- लोकसभा के साथ उप चुनाव भी जीतेंगे
Himachal Politics हिमाचल में सियासी घमासान जारी है। आज कांग्रेस के छह बागी विधायकों समेत तीन निर्दलीय विधायकों ने भाजपा ज्वाइन कर ली है। ऐसे में कांग्रेस की समस्या बढ़ गई है। वहीं कांग्रेस में कैबिनेट मंत्री यादवेंद्र गोमा सीपीएस संजय अवस्थी व विधायक संजय रत्न ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार पूरे 5 साल चलेगी।

जागरण संवाददाता, शिमला। कैबिनेट मंत्री यादवेंद्र गोमा, सीपीएस संजय अवस्थी व विधायक संजय रत्न ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार पूरे 5 साल चलेगी। प्रदेश में लोकसभा की चारों सीटों के साथ 9 सीटों पर हो रहे उप चुनाव में भी कांग्रेस जीत दर्ज करेगी।
पार्टी प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में शनिवार को संयुक्त प्रेसवार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री यादवेंद्र गोमा, सीपीएस संजय अवस्थी और विधायक संजय रतन ने दावा किया कि कांग्रेस की सरकार 5 साल का कार्यकाल पूरा करेगी। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस से बागी हुए नेताओं और निर्दलीय विधायकों पर भी निशाना साधा।
पूरा मान सम्मान दिया, फिर भी छोड़ी पार्टी: गोमा
कैबिनेट मंत्री यादवेंद्र गोमा ने कहा कि भाजपा शीर्ष नेतृत्व की ओर से पिछले 1 महीने से प्रदेश में उठापटक का माहौल पैदा किया गया है। हिमाचल के माहौल को खराब करने के लिए इन सभी पूर्व विधायकों को शिमला और दूसरे स्थान पर अलग-अलग जगह पर ठहराया जा रहा है। केंद्र की मोदी सरकार विपक्षी दलों को दलों को प्रताड़ित करने का काम कर रही है।
कांग्रेस ने दिया सभी को सम्मान
गोमा ने कहा कि हिमाचल के जो नेता भाजपा में शामिल हुए हैं वह हिमाचल में बड़े पदों पर रहे हैं। पार्टी ने उन सभी नेताओं को हमेशा मान सम्मान दिया है। सुधीर शर्मा को हमेशा पूरा मान सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी दी गई। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का उन्हें दाहिना हाथ कहा जाता था। यहां तक कि उनके पिता भी कांग्रेस पार्टी में अच्छे पदों पर रहे हैं। इसके अलावा सभी 6 पूर्व विधायकों को भी कांग्रेस पार्टी ने हमेशा ही पूरा मान सम्मान दिया है।
यादवेंद्र गोमा ने कहा कि कई बार राजनीतिक उपेक्षाएं ज्यादा रहती है, लेकिन जो लड़ाई कांग्रेस के बीच में थी उसका फायदा भाजपा की ओर से उठाया गया है। भाजपा ने पूरा प्रयास किया है कि कांग्रेस पार्टी की सरकार को किस तरह से गिराया जाए। राजेंद्र राणा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज जो लोग भाजपा में शामिल हुए हैं वह पहले भी भारतीय जनता पार्टी से कांग्रेस में शामिल हुए थे।
भाजपा में जाने का ढूंढ रहे थे बहाना: अवस्थी
मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि हिमाचल में भाजपा ने सरकार को अस्थिर करने का काम किया था। जिसमें भाजपा पूरी तरह से असफल रही है। संजय अवस्थी ने कहा कि छह नेता जिन्होंने पार्टी के साथ गद्दारी की उन पर दबाव बनाकर यह काम किया है। मुख्यमंत्री के ऊपर अलग-अलग तरह के झूठे आरोप भी भाजपा की ओर से लगाए गए।
यह भी पढ़ें- Actress Kangana Ranaut Birthday: जन्मदिन मनाने हिमाचल पहुंची कंगना रनौत, परिवार संग माता बगलामुखी देवी के किए दर्शन
हिमाचल प्रदेश की सरकार को बदनाम करने का भाजपा बहाना ढूंढ रही है। जो नेता आज भाजपा में गए हैं वह भी एक तरह से बहाना ढूंढ रहे थे। हिमाचल में जनता की ओर से जो जनादेश मिला है आगामी समय में 5 साल तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रहने वाली है।
निर्दलीय विधायकों की इस्तीफा देने की क्या थी मजबूरी: संजय रत्न
विधायक संजय रत्न ने कहा कि निर्दलीय विधायकों को अपने पद से इस्तीफा देने की क्या मजबूरी थी। उन्होंने कहा कि विधायक से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने की बात समझ नहीं आ रही। आखिर ऐसा क्या दबाव भाजपा की ओर डाला जा रहा था जिसकी वजह से दोबारा चुनाव लड़ने का फैंसला उनकी ओर से लिया गया है।
सभी निर्दलीय विधायकों को अपने क्षेत्र की जनता को ही जवाब जरूर देना पड़ेगा क्यों इस्तीफा देना पड़ा है। चुनावों में इन को जनता को इसका जवाब देना होगा। संजय रत्न ने कहा कि कांग्रेस लोकसभा व विधानसभा उप चुनाव में जीत हासिल करेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।