दिल्ली में राहुल गांधी व अन्य नेताओं को हिरासत में लेने पर बिफरे हिमाचल कांग्रेस नेता, प्रतिभा, मुकेश व राठौर की तलख टिप्पणी
Himachal Pradesh Congress राहुल गांधी और अन्य नेताओं की गिरफ्तारी पर हिमाचल कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। प्रतिभा सिंह मुकेश अग्निहोत्री और कुलदीप राठौर ने इसे अलोकतांत्रिक बताया है। राहुल गांधी द्वारा फर्जी वोटर लिस्ट के खुलासे के बाद हुई गिरफ्तारियों की निंदा की गई है और चुनाव आयोग से जांच की मांग की गई है।

राज्य ब्यूरो, शिमला। Himachal Pradesh Congress, राहुल गांधी, प्रियंका व अन्य नेताओं को हिरासत में लेने पर हिमाचल कांग्रेस ने आलोचना की है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री व एआइसीसी प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप राठौर ने इस पर कड़ी टिप्पणी की है। इन्होंने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक परंपराओं को रौंदने का आरोप लगाया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वोट चोरी और चुनावी गड़बड़ियों के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता विपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा सहित इंडिया गठबंधन के नेता जब शांतिपूर्ण मार्च निकालकर लोकतंत्र की रक्षा की अपील कर रहे थे, तभी केंद्र सरकार के इशारे पर पुलिस द्वारा उन्हें और अन्य सांसदों को हिरासत में लेना लोकतंत्र के लिए काला दिन है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने देश के सामने बड़ा खुलासा किया है कि कई निर्वाचन क्षेत्रों में लाखों फर्जी वोटर जोड़े गए हैं, जिनमें एक ही व्यक्ति के नाम पर अलग-अलग जगहों पर वोट दर्ज हैं। यह न केवल चुनावी प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता है, बल्कि लोकतंत्र की बुनियाद को हिलाने वाला कृत्य है।
प्रेस को जारी बयान में मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जनता की आवाज को इस तरह दबाने की कोशिश न केवल अलोकतांत्रिक है, बल्कि यह दर्शाता है कि सरकार सच से डर रही है। सच की लड़ाई को कोई ताकत रोक नहीं सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेंगे और देश की जनता को इन सच्चाइयों से अवगत कराते रहेंगे।
यह भी पढ़ें- शिमला में कार्यक्रम के बीच CM Sukhu को आया दिल्ली का बुलावा, सप्ताह में दूसरा दौरा, कांग्रेस अध्यक्ष पर बनेगी बात?
प्रतिभा सिंह ने की निंदा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने संसद के बाहर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका वाड्रा, पार्टी के अन्य सांसदों व सहयोगी दलों के सांसदों की गिरफ्तारी की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि यह कदम राहुल गांधी के वोट चोरी के तथ्यों को उजागर करने के बाद उनके प्रति भाजपा की छटपटाहट को दर्शाता है। प्रतिभा सिंह ने कहा है कि केंद्र की भाजपा नेतृत्व सरकार की किसी भी तानाशाही व दमनकारी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ऐसे किसी भी हथकंडों से न तो डरने वाली है और न ही अपने दायित्व से पीछे हटने वाली।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग को राहुल गांधी के उन सब तथ्यों की जांच करनी चाहिए। देश जानना चाहता है कि आखिर चुनाव आयोग ने इतने बड़े स्तर पर जनमत का अपमान व वोट चोरी, फर्जी मतदान को कैसे होने दिया।
अलोकतांत्रिक है गिरफ्तारी : राठौर
एआइसीसी प्रवक्ता व ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने संसद के बाहर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पार्टी व अन्य सहयोगी दलों के सांसदों की गिरफ्तारी को अलोकतांत्रिक बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा नेतृत्व सरकार विपक्ष के अधिकारों को कुचलने का प्रयास कर रही हैं। मीडिया के साथ एक अनौपचारिक बातचीत में राठौर ने कहा कि ऐसा लगता है कि देश में अघोषित आपातकाल लगा दिया गया है। जहां किसी को भी सरकार के खिलाफ बोलने का कोई अधिकार नहीं है। अगर कोई बोलता है तो उसके पीछे ईडी, सीबीआई या इनकम टैक्स को लगा दिया जाता है। संवैधानिक संस्थाओं के अधिकारों का हनन कर उन्हें कमजोर किया जा रहा हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।