Mandi Fire: सराज के मझाखल में गैस सिलेंडर फटने से लगी आग, चंद मिनटों में मकान जलकर हो गया राख, देखें कितना हुआ नुकसान
हिमाचल प्रदेश के थुनाग मंडी सराज के मझाखल में भयानक आग (Fire in Mandi) लग गई। चंद मिनटों में मकान राख हो गया। स्थानीय पंचायत प्रधान हेम राज ठाकुर से म ...और पढ़ें

गगन सिंह ठाकुर, थुनाग। सराज हलके की तुंगाधार पंचायत के मझाखल में शुक्रवार सुबह रसोई गैस सिलेंडर फटने से स्लेटपोश चार घर जलकर राख हो गए। दो घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। आग से करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
दमकल कर्मी व ग्रामीणों की मुस्तैदी से गांव के 30 अन्य घर खाक होने से बच गए। प्रशासन ने चार प्रभावितों को 10,000-10,000 रुपये की फौरी राहत व 12 तिरपाल दिए हैं। बकौल पंचायत प्रधान हेमराज ठाकुर, भूपेंद्र कुमार पुत्र पुरुषोत्तम राम के रसोई घर में सुबह आठ बजे रसोई गैस सिलेंडर में रिसाव हुआ।
पलक झपकते ही सिलेंडर में लगी आग
पलक झपकते ही सिलेंडर में आग लग गई। कुछ मिनट बाद सिलेंडर फटने से आग चारों ओर फैल गई। आग ने ओम प्रकाश पुत्र मोहर सिंह,मुकेश कुमार पुत्र मोहर सिंह,पुरुषोत्तम राम पुत्र शूप्पी राम के स्लेटपोश दोमंजिला घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे पहले ग्रामीण आग पर काबू पाते चारों घर जलकर राख हो गए। लोगों को घरों से सामान निकालने का मौका भी नहीं मिला। आग शुक्री देवी पत्नी शूप्पी राम,यशोधा देवी पत्नी मोहर सिंह के घर तक पहुंच गई।
यह भी पढ़ें: Mandi: GHNP के विस्तार की कार्रवाई शुरू, यूनेस्को को भेजी स्टेट ऑफ कंजरवेशन रिपोर्ट; खीर गंगा के 70 प्रतिशत राइट सैटल
दोनों के घरों को आंशिक क्षति पहुंची है। भूपेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने सुबह ही गैस सिलेंडर बदला था। जो कुछ दिन पहले भरा था। चूल्हे पर चाय बनाने के लिए रख वह लघुशंका के लिए बाहर गया था। थोड़ी देर बाद वापस आया तो रसोईघर आग की चपेट में आ चुका था। आग पर काबू पाने के चक्कर में उसके हाथ पांव झुलस गए।
सटे घरों को बचाने में पाई सफलता
इन घरों के साथ करीब 30 अन्य घर थे। दमकल कर्मियों व ग्रामीणों ने लोगों के घरों से पंप व सिंचाई करने वाली पाइपें लगा अन्य घरों पर पानी की छिड़काव कर उन्हें आग की चपेट में आने से बचाया।
सूचना मिलने के तुरंत बाद पहुंचे दमकल कर्मी
दमकल विभाग के कर्मी सूचना मिलने के 11 मिनट बाद घटनास्थल पर पहुंच गए। मझाखल गांव से थुनाग अग्निशमन केंद्र की दूरी करीब 11 किलोमीटर है। सड़क खराब होने के बाद भी दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन, राजस्व विभाग व स्थानीय पंचायत प्रधान मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। पटवारी भगत सिंह ने बताया कि पूरी तरह जल गए चार घरों के मालिकों को 20-20 लाख व आंशिक रूप से प्रभावितों को 10-10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़ें: Mandi News: आपदा प्रभावितों को बड़ी राहत, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बेघर हुए लोगों को और मिले 2500 घर
बीडीसी सदस्य नील कमल का घर भी राख
आग से बीडीसी सदस्य नील कमल पत्नी ओमप्रकाश का घर भी राख हो गया। आग से छह परिवार बेघर हो गए। अब इन सभी लोगों को खुले आसमान के नीचे सर्द रातें काटना पड़ेगी। कुछ दिनों बाद होने बाद हिमपात इनकी मुश्किलें और बढ़ाएगा। प्रभावितों के पास शरीर पर पहने कपड़ों के सिवाए कुछ नहीं बचा है। विद्यार्थियों की किताबें व वर्दी बगैरा आग की भेंट चढ़ गई हैं। कार्यकारी एसडीएम थुनाग अमित कल्थाईक ने कहा प्रशासन ने सभी प्रभावित परिवारों को 12 तिरपाल दी गई है। शीघ्र राशन व बर्तन भी दिए जाएंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।