हिमाचल के जनजातीय क्षेत्र से निकली इरीना ठाकुर बनी ऑस्ट्रेलिया में भारत की डिप्टी कमिश्नर, पिता ने बताया कैसे पाई सफलता
IFS Irina Thakur इरीना ठाकुर को ऑस्ट्रेलिया में भारत की डिप्टी हाई कमिश्नर नियुक्त किया गया है। हिमाचल प्रदेश के लाहुल स्पीति की निवासी इरीना 2012 में सिविल सेवा परीक्षा पास कर भारतीय विदेश सेवा में शामिल हुई थीं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और विधायक अनुराधा राणा ने उनकी इस नियुक्ति पर खुशी जताई है।

जसवंत ठाकुर, मनाली। IFS Irina Thakur, आइएफएस अधिकारी इरीना ठाकुर को ऑस्ट्रेलिया में भारत की डिप्टी हाई कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वह कैनबरा स्थित भारतीय उच्चायोग में यह जिम्मेदारी संभालेंगी। इरीना ने 2012 में सिविल सेवा परीक्षा पास कर भारतीय विदेश सेवा में प्रवेश किया था।
हिमाचल के लाहुल स्पीति की निवासी हैं इरीना ठाकुर
आइएफएस अधिकारी इरीना ठाकुर हिमाचल प्रदेश के लाहुल-स्पीति जिले के शांशा गांव की निवासी हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी उनकी नियुक्ति पर खुशी जाहिर की है। साथ ही इरीना ठाकुर को बधाई दी है। विपरीत परिस्थितियों में पढ़ लिखकर इरीना ने पूरी दुनिया में नाम चमकाया है।
सरकारी स्कूल में पढ़ी इरीना ने पाई बड़ी सफलता
इरीना ठाकुर के पिता पीएल शर्मा जो हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड से इंजीनियर सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने बेटी की सफलता के बारे में बताया। इरीना ने बारहवीं तक की पढ़ाई जिला कुल्लू के ढालपुर सरकारी स्कूल से की है। प्रारंभिक शिक्षा निजी स्कूल ओएलएस कुल्लू से की थी। इसके बाद इरीना ने चंडीगढ़ में पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से पढ़ाई की। 2012 में इरीना ने सिविल सेवा परीक्षा पास की व आइएफएस अधिकारी बनी।
श्रीलंका में रह चुकी हैं प्रथम सचिव
उन्होंने विदेश मंत्रालय में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। श्रीलंका के कोलंबो में भारतीय उच्चायोग में प्रथम सचिव के रूप में उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को मजबूत किया। इरीना को विदेश नीति निर्माण, कूटनीतिक संबंध, पासपोर्ट और वीजा सेवाओं का विशेष अनुभव है।
विदेश नीति निर्माण में विशेष अनुभव
इरीना को विदेश नीति निर्माण, कूटनीतिक संबंध, पासपोर्ट और वीजा सेवाओं का विशेष अनुभव है। सीमांत क्षेत्र के छोटे से गांव से निकलकर विश्व स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
विधायक अनुराधा बोलीं, जनजातीय जिले का नाम रोशन किया
लाहुल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि यह जिले के लिए गौरव की बात है। इस नियुक्ति से जनजातीय जिले का नाम रोशन हुआ है।
जनजातीय क्षेत्र की महिला अधिकारी ने बढ़ाया मान
पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि पहले भी लाहुल की बेटियां इतिहास रच चुकी हैं, लेकिन लाहुल के शांशा गांव की बेटी इरीना की यह नियुक्ति भारत सरकार की महिला सशक्तीकरण की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। एक जनजातीय क्षेत्र से आने वाली महिला अधिकारी को इतनी अहम जिम्मेदारी मिलना युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।