Pong Dam: भारी बारिश के कारण पौंग बांध का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, हर घंटे बढ़ता रहा डैम में पानी
Pong Dam हिमाचल में भारी बारिश से पौंग बांध का जलस्तर बढ़ गया है जिससे फतेहपुर और इंदौरा में अलर्ट जारी किया गया है। जलस्तर 1390.54 फीट तक पहुँच गया है जिससे खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं और लोगों को पलायन करना पड़ा है। प्रशासन और बीबीएमबी स्थिति पर नजर रख रहे हैं और राहत कार्य जारी हैं।

संवाद सहयोगी, फतेहपुर (कांगड़ा)। Pong Dam, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण पौंग बांध का जलस्तर शनिवार को एक बार फिर बढ़ने लगा है। सुबह से शाम तक लगातार इनफ्लो बढ़ता रहा और शाम 5 बजे तक जलस्तर 1390.54 फीट दर्ज किया गया। बांध प्रबंधन और प्रशासन ने स्थिति को गंभीर मानते हुए बांध और प्रभावित क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रखी हुई है।
शनिवार सुबह 7 बजे जलस्तर 1390.23 फीट, इनफ्लो 64,689 क्यूसेक और आउटफ्लो 49,624 क्यूसेक रहा। सुबह 11 बजे तक जलस्तर बढ़कर 1390.33 फीट पहुंचा और इनफ्लो 72,221 क्यूसेक हो गया।
दोपहर बाद लगातार जलस्तर में हल्की बढ़ोतरी दर्ज हुई। शाम 4 बजे जलस्तर 1390.50 फीट और इनफ्लो 79,754 क्यूसेक रहा। शाम 5 बजे आंकड़ों में जलस्तर और बढ़कर 1390.54 फीट दर्ज किया गया। इस समय इनफ्लो 80,077 क्यूसेक और आउटफ्लो 49,947 क्यूसेक रहा।
फतेहपुर और इंदौरा में नुकसान
उधर, अभी भी फतेहपुर, इंदौरा और निचले मंड क्षेत्र के दर्जनों गांव पौंग बांध से छोड़े गए पानी का खामियाजा भुगत रहे हैं। खेतों में खड़ी मक्की और धान की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं। कई घरों में पानी घुसने से ग्रामीणों को पलायन करना पड़ा।ग्रामीणों का कहना है कि पानी ने हमारी पूरी फसल चौपट कर दी। अब परिवार का पालन-पोषण कैसे होगा, यही चिंता है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में डॉक्टर के 200 पद भरेंगे, अलग कैडर बनने से अब इन अस्पतालों में भी मिलेंगी विशेषज्ञ सेवाएं
प्रशासन व बीबीएमबी सतर्क
एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती ने कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा और राहत व्यवस्था पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हर संभव मदद मुहैया करवाई जाएगी। बीबीएमबी प्रशासन ने भी कहा कि इनफ्लो बढ़ने के चलते आउटफ्लो को नियंत्रित रखा जा रहा है और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।