Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Himachal Flood: चंबा शहर में अचानक पहाड़ी से आया सैलाब, लोग घर और दुकानें छोड़कर भागे

    Updated: Wed, 03 Sep 2025 06:19 PM (IST)

    Himachal Pradesh Flood चंबा के सुल्तानपुर वार्ड में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए। पहाड़ी से आए मलबे और पानी ने 50 से ज़्यादा घरों और दुकानों को नुकसान पहुँचाया। लोगों को जान बचाने के लिए भागना पड़ा। फिश फार्म में मछलियाँ मर गईं और औद्योगिक क्षेत्र में भी नुकसान हुआ। विधायक नीरज नैयर ने सरकार से प्रभावितों के लिए मदद की गुहार लगाई है।

    Hero Image
    चंबा के सुल्तानपुर वार्ड में पहाड़ों से आया पानी का सैलाब। जागरण

    संवाद सहयोगी, चंबा। Himachal Pradesh Flood, नगर परिषद चंबा के तहत आने वाले सुल्तानपुर वार्ड में दोपहर को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मूसलाधार वर्षा के करण ऊपरी तरफ लगती पहाड़ी से भारी मात्रा में पानी का सैलाब अपने साथ टनों के हिसाब से मलबा व पत्थर बहाते हुए तेजी से बहने लगा। इस दौरान मलबे व पानी ने 50 से अधिक मकानों व दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इन घरों व दुकानों में मौजूद लोगों को अपनी जान बचाने के लिए बाहर भागना पड़ा। घरों व दुकानों में पानी व मलबा घुसने से प्रभावित परिवारों को लाखों का नुकसान हुआ है।

    वहीं, घरों के गिरने का खतरा भी पैदा हो गया है। देखते ही देखते सुल्तानपुर के बीचोंबीच बहते नाले का जलस्तर इतना बढ़ गया कि पानी नाले से ऊपर सड़क से होता हुआ चंबा कालेज की तरफ लगती दुकानों व घरों में घुस गया। ऐसे में दुकानदारों ने दोपहर के समय अपनी दुकानों में रखे सामान बचाने को लेकर दुकानें बंद कर दीं तथा स्वयं सुरक्षित अपने-अपने घरों की तरफ चले गए।

    ढाई से तीन घंटे रहा सैलाब

    करीब दो से तीन घंटे तक हुई इस भारी वर्षा के चलते गलियों के रास्ते भी नाला बनकर बहने लगे। ढाबों में खाना खा रहे लोगों को भी को कुर्सियों पर ऊपर बैठकर खाना खाने को मजबूर होना पड़ा। सड़क पर इतना अधिक पानी वप मलबा बहने लगा कि सड़क पूरी तरह से नाले में तबदील हो गई। इतना ही नहीं, सड़क से पानी पिछली तरफ लगते सुल्तानपुर मोहल्ला की गलियों में घुस गया। जिन घरों में पहले कभी पानी नहीं घुसा था, वहां से भी नाले की तरह पानी बहने लगा। इससे लोगों को अपने घरों की चिंता सताने लगी। अब नाले में इतना अधिक मलबा भर चुका है कि जरा सी वर्षा होने पर पानी सीधा सड़क पर बहने लगेगा।

    पहाड़ी से भूस्खलन होने पर बढ़ा खतरा

    सुल्तानपुर वार्ड में फिश फार्म के साथ लगते मोहल्ला के ऊपरी तरफ लगती पहाड़ी से दिन के समय अचानक भूस्खलन भी शुरू हो गया। ऐसे में भारी मात्रा में मलबा आने के साथ ही भारी-भरकम चट्टानें भी मोहल्ले की तरफ गिरने लगी। लेकिन, गनीमत यह रही कि भूस्खलन से निकला मलबा व चट्टानें घरों के ऊपरी तरफ लगते पेड़ों में अटक गया। यदि और भूस्खलन होता तो इससे घरों को भारी नुकसान हो सकता था। भूस्खलन के बाद निचली तरफ लगते मोहल्ला में रहने वाले लोग खौफ के साये में जीने को मजबूर हो गए हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द उनकी सुरक्षा को पुख्ता किया जाए, ताकि उन्हें अपने घरों में रहने के लिए भय न सताए।

    फिश फार्म में हजारों मछलियां मरी, औद्योगिक स्थल पर भी भारी नुकसान

    सुल्तानपुर में लगातार भारी वर्षा के कारण फिश फार्म में मटमैला पानी व मलबा घुसने से टैंकों में मौजूद हजारों मछलियां मर गई हैं। इससे भारी नुकसान हुआ है। वहीं, इंडस्ट्रियल एरिया में भी काफी अधिक नुकसान हुआ है। कुल मिलाकर सुल्तानपुर वार्ड में हर वर्षा के साथ ही नुकसान का आकड़ा बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मौसम के तेवर कड़े रहने का अलर्ट जारी किया गया है।

    प्रशासन को दिए व्यवस्था के निर्देश

    चंबा के सुल्तानपुर वार्ड में भारी मात्रा में पानी व मलबा घरों में घुसा है। इंडस्ट्रियल एरिया सहित अन्य स्थानों पर भी नुकसान हुआ है। मैंने इसका जायजा लिया है। बीते दिनों हुई भारी वर्षा के कारण भी यहां पर काफी नुकसान हुआ है। इसको लेकर मैंने दुकानों व बाजार का पहले भी मुआयना किया है। सरकार के साथ मिलकर लोगों को राहत पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। प्रशासन व विभागों को जल्द से जल्द व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए निर्देश दे दिए गए हैं।

    -नीरज नैयर, विधायक सदर चंबा।

    प्रशासन जल्द मदद करे

    सुल्तानपुर में भारी वर्षा के कारण काफी नुकसान हुआ है। सरकार व प्रशासन जल्द से जल्द प्रभावितों की मदद करें, ताकि उन्हें कुछ हद तक राहत मिल सके। नुकसान होने का मैंने बुधवार को स्वयं जायजा लिया है।

    -पवन नैयर, पूर्व विधायक सदर चंबा।

    यह भी पढ़ें- Himachal Landslide: रामपुर में बस पर गिरी चट्टानें, दो महिलाओं की मौत व 15 यात्री घायल, VIDEO

    नुकसान का आकलन कर रहा प्रशासन

    जिला चंबा के सुल्तानपुर में भारी वर्षा के कारण नुकसान हुआ है। संबंधित विभाग को मार्ग को बहाल करने को लेकर निर्देश दिए गए थे, जिस पर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। घरों को हुए नुकसान का आकलन करने को लेकर राजस्व विभाग को निर्देश दिए गए हैं।

    -मुकेश रेप्सवाल, उपायुक्त चंबा।

    यह भी पढ़ें- Chamba News: चंबा शहर में भारी बारिश के बीच घरों में दौड़ने लगा करंट, इंजीनियर ने बताई वजह व बचाव के तरीके

    comedy show banner
    comedy show banner