Sonipat News: छठ पूजा मनाकर लौटे भाई-बहन संदिग्ध हालात में घर से गायब, परिवार वालों को अपहरण का शक
Sonipat News हरियाणा के सोनीपत स्थित बहालगढ़ में रहने वाले बिहार के परिवार के दो बच्चे संदिग्ध हालात में घर से गायब हो गए। बच्चे परिवार के साथ घर पर ही सोए हुए थे। दंपति की जब नींद खुली तो तीन व छह साल के दोनों बहन-भाई गायब मिले।
सोनीपत, जागरण संवाददाता। हरियाणा के सोनीपत स्थित बहालगढ़ में रहने वाले बिहार के परिवार के दो बच्चे संदिग्ध हालात में घर से गायब हो गए। बच्चे परिवार के साथ घर पर ही सोए हुए थे। दंपति की जब नींद खुली तो तीन व छह साल के दोनों बहन-भाई गायब मिले। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चल सका। बच्चों के पिता ने उनके अपहरण की आशंका जताई है। पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज की जांच शुरू कर दी है।
यमुना किनारे छठ मनाने गया था परिवार
बिहार के दरभंगा जिले के सिपौल थानाक्षेत्र के गांव कुशेसर के रहने वाले लालेश कुमार मुखिया कई साल से बहालगढ़ में रहते हैं। वह बहालगढ़ में शिव मंदिर के पास किराए के एक मकान में परिवार के साथ रह रहे हैं। लालेश कुमार ने बताया कि वह एक कंपनी में नौकरी करते हैं। छठ महापर्व पर वह यमुना किनारे गए थे। सोमवार दोपहर को वहां से लौटे तो पति-पत्नी दोनों बहुत थके हुए थे। दोपहर में पूरा परिवार सो गया।
माता-पिता के साथ ही सोए थे बच्चे
पिता ने बताया कि पास की ही चारपाई पर उनका तीन साल का बेटा पवन और छह साल की बेटी राजकुमारी सोए थे। कुछ घंटे बाद जब वह जागे तो दोनों बच्चे घर पर नहीं थे। उन्होंने सोचा आसपास खेल रहे होंगे। काफी देर तक बच्चों के नहीं आने पर आसपास तलाश की गई, लेकिन कहीं पर पता नहीं चल सका।
बच्चों का नहीं मिला कोई सुराग
लालेश कुमार ने बताया कि आसपास के लोगों की मदद से पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। मौके पर डायल-112 और बहालगढ़ थाना की पुलिस टीम पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। किसी ने भी बच्चों को पैदल निकलते नहीं देखा है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि किसी वाहन से बच्चों को ले जाया गया होगा।
सीसीटीवी फुटेज की हो रही जांच
लालेश कुमार ने बच्चों के अपहरण की आशंका जताई है। पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं एक्सपर्ट की टीम संबंधित क्षेत्र को जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज चेक कर रही है। जिससे क्षेत्र में आने वाले संदिग्ध की पहचान की जा सके। बच्चों के अपहरण से कालोनी के लोग भयभीत हैं।
बहालगढ़ थाना के एसएचओ इंस्पेक्टर ऋषिकांत सिंह ने बताया कि संदिग्ध हालात में दो बच्चों के गायब होने की शिकायत मिली है। अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रत्येक पहलू पर गहनता से नजर बनाए हुए है।
Noida Crime: होटल में रूम बुक कर लगाया हिडन कैमरा, कई कपल्स के निजी पल रिकार्ड कर किया ब्लैकमेल
Delhi Crime: एक युवती के दो-दो प्रेमी, लव ट्रायंगल में दोस्त ने किया युवक का मर्डर, दो गिरफ्तार