Russia Ukrain Conflict: यूक्रेन में फंसे हरियाणा के इस जिले के करीब 100 छात्र, लगाई वापसी की गुहार
Russia Ukraine News Update रूस और यूक्रेन के बीच पिछले कई दिनों से तनाव की स्थिति है। भारत सहित कई देशों के छात्र यूक्रेन में फंस गए हैं। बढ़ते तनाव को देखते हुए छात्र घर वापसी की गुहार लगा रहे हैं। हरियाणा के भी 100 छात्र यूक्रेन में फंसे है।
कैथल, जागरण संवाददाता। Russia Ukraine News Update: रूस और यूक्रेन के बीच बीते कई दिनों से तनाव का माहौल बना हुआ है। हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। ऐसे में दोनों देशों के बीच युद्ध की आशंका जताई जा रही है। यूक्रेन में पढ़ रहे भारतीय छात्रों के अभिभावक चिंतित है। छात्र भी घर वापसी की गुहार लगा रहे हैं। लेकिन उन्हें टिकट मिलने में समस्या आ रही है।
यूक्रेन में जिले के करीब 100 विद्यार्थी हैं, इनमें से ज्यादा गुहला क्षेत्र हैं। रूस और यूक्रेन में तनाव के चलते इनके अभिभावक चिंतित हैं। हालांकि अभिभावकों से बातचीत में विद्यार्थियों ने किसी प्रकार के खतरे की बात नहीं की है, लेकिन इनमें से ज्यादातर वापस आना चाहते हैं। इसके लिए उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है, क्योंकि टिकट मिलने में समस्या आ रही है।
भारतीय दूतावास से मदद की अपील
अभिभावकों ने वहां स्थित भारतीय दूतावास से मदद की अपील की है। जिला प्रशासन के पास इसे लेकर अभी तक कोई संपर्क नहीं साधा गया है। बता दें कि दोनों देशों के बीच बने तनाव के चलते लिए युक्रेन गए भारतीयों में वापस आने की होड़ है। परंतु वापस आने के लिए टिकट नहीं मिल रहा है। हवाई जहाज की कंपनियों ने टिकट की राशि भी बढ़ा दी है। दो दिन पहले टिकट की जो राशि 50 से 70 हजार रुपये की थी। वो अब बढ़कर डेढ़ से दो लाख रुपये की हो चुकी है।
विश्वविद्यालय ने दूतावास को विद्यार्थियों के वापस लौटने का पत्र किया जारी
यूक्रेन गए विद्यार्थी के चीका निवासी अभिभावक गुरदेव सैनी ने बताया कि पूरे जिले में करीब 100 विद्यार्थी यूक्रेन में इस समय पढ़ाई कर रहे हैं। सैनी ने बताया कि उनका बेटा योगेश सैनी एमबीबीएस की पढ़ाई करने के लिए गया है। दोनों देशों के बीच बने युद्ध के माहौल का कारण उनका आपसी व्यापार है। उन्होंने बताया कि वहां के विश्वविद्यालय की तरफ से बच्चों को उनके देश वापस लौटने के लिए दूतावास को पत्र जारी कर दिया है। इसमें विद्यार्थी की स्वेच्छा है। वह देश लौटना चाहता है तो लाैट सकता है। उनकी पढ़ाई आनलाइन माध्यम से जारी रखी जाएगी। परंतु यहां से बहुत कम विद्यार्थी अपने देश में लौटना चाहते हैं।
टिकटों की वेटिंग अधिक आ रही है
यूक्रेन गए विद्यार्थी के अभिभावक कैथल निवासी विजय कंसल ने बताया कि दोनों देशों के बीच बने तनाव के कारण कई विद्यार्थियों में वापस लौटने की होड़ बनी है। जिस कारण टिकटों की वेटिंग भी अधिक आ रही है। इसी कारण से वहां से भारत के लिए फ्लाइट की टिकट का दाम भी दोगुना हो चुका है। जो विद्यार्थी कुछ समय पहले ही पढ़ाई के लिए युक्रेन गए थे। उन्हें अपने देश में वापस लौटने की अधिक जल्दी है।