Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सजने लगा चुनावी रण, भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने उतारे अपने 'सूरमा'

    Updated: Sun, 16 Feb 2025 01:03 PM (IST)

    हरियाणा में 41 स्थानीय चुनाव-उपचुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार रात नौ नगर निगमों में मेयर पद के उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। वहीं कांग्रेस पार्टी ने आठ नगर निगमों और तीन परिषदों में मेयर व अध्यक्ष पद के उम्मीदवार घोषित किए हैं। आम आदमी पार्टी ने भी रोहतक से अमित खटक सोनीपत से कमलेश कुमार सैनी को मेयर पद के लिए उतारा है।

    Hero Image
    हरियाणा में चुनाव और उपचुनाव को लेकर तैयारी पूरी

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में 41 स्थानीय निकायों में होने जा रहे चुनाव-उपचुनाव को लेकर चुनावी रण सजने लगा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार रात जहां नौ नगर निगमों में मेयर के साथ ही 19 नगर परिषद व पालिकाओं में अध्यक्ष पद और पार्षद पद के उम्मीदवार घोषित कर दिए थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं शनिवार को कांग्रेस ने भी आठ नगर निगमों और तीन परिषदों में मेयर व अध्यक्ष पद के उम्मीदवार घोषित कर दिए। इसी तरह आम आदमी पार्टी ने भी रोहतक से अमित खटक और सोनीपत से कमलेश कुमार सैनी को मेयर पद का प्रत्याशी बनाया है।

    कांग्रेस ने गुरुग्राम नगर निगम में सीमा पाहुजा को उतारा

    कांग्रेस ने गुरुग्राम नगर निगम में सीमा पाहुजा, मानेसर में नीरज यादव, हिसार में कृष्ण सिंगला, करनाल में मनोज वधवा, रोहतक में सूरजमल, यमुनानगर में किरण देवी, अंबाला में अमीषा चावला और सोनीपत में कमल दीवान को चुनावी रण में उतारा है।

    इसी तरह पटौदी जाटौली मंडी नगर परिषद में राज रानी, सिरसा में जसविंदर कौर और थानेसर में अध्यक्ष पद के लिए सुनीता नेहरा कांग्रेस की उम्मीदवार होंगी।

    हिसार से कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी कृष्ण सिंगला पुराने कांग्रेसी 

    भाजपा ने अभी मानेसर और कांग्रेस ने पानीपत और फरीदाबाद नगर निगम में मेयर उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। हिसार से कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी कृष्ण सिंगला पुराने कांग्रेसी हैं। वे 1968 से कांग्रेस से जुड़े हैं।

    उनके पिता चौधरी भजनलाल के राजनीतिक रहे। कृष्ण सिंगला 1995 से हिसार नगर परिषद के लगातार तीन बार चेयरमैन रहे हैं। इसके अलावा 1995 से 1997 तक इंप्रूवमेंट ट्रस्ट बोर्ड हिसार के चेयरमैन रहे।

    कृष्ण सिंगला ने अपना राजनीतिक करियर 1987 में पार्षद का चुनाव लड़कर शुरू किया। रोहतक नगर निगम में कांग्रेस के मेयर उम्मीदवार सूरजमल किलोई 2005 में नगर परिषद के पार्षद चुने गए थे।

    यह भी पढ़ें-Haryana Nikay Chunav: घर वापसी के बाद सीमा पाहुजा गुरुग्राम से लड़ेंगी चुनाव, कांग्रेस ने मानेसर से इन पर जताया भरोसा

    2013 में नगर निगम बनने के बाद उनकी पत्नी पूनम किलोई पार्षद चुनी गईं। 2018 में फिर से उनकी पत्नी पार्षद निर्वाचित हुईं। 2005 से 2015 तक ये कांग्रेस में रहे। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद भाजपाई हो गए।

    पिछले विधानसभा चुनाव में कलानौर विधानसभा से भाजपा का टिकट मांग रहे थे लेकिन टिकट कटने पर वे फिर से कांग्रेस में आ गए। हुड्डा परिवार से नजदीकियों के चलते इन्हें रोहतक से मेयर चुनाव में उतारा गया है। गुरुग्राम से कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सीमा पाहुजा पंजाबी चेहरा हैं।

    वह दो बार पार्षद का चुनाव भी जीत चुकीं हैं। एक बार तो उन्होंने भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष गार्गी कक्कड़ को भी हराया। विधानसभा चुनाव के लिए वह गुरुग्राम से टिकट मांग रहीं थीं। टिकट न मिलने पर पार्टी छोड़ दी थी लेकिन अब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के खेमे से मेयर टिकट पाने में सफल रही हैं।

    करनाल से उम्मीदवार मनोज वधवा बड़ा पंजाबी चेहरा 

    इसी तरह करनाल से उम्मीदवार मनोज वधवा बड़ा पंजाबी चेहरा हैं। साल 2014 में वह इनेलो उम्मीदवार के तौर पर पूर्व सीएम मनोहर लाल के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। इसके बाद वे भाजपा में शामिल हो गए। हालांकि 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा छोड़ कर कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी।

    अंबाला से मेयर उम्मीदवार अमीषा चावला के पति स्व. दिलीप चावला बिट्टू भूपेंद्र सिंह हुड्डा के मुख्यमंत्री रहते उनके मीडिया सलाहकार रहे। बिट्टू चावला अंबाला सिटी से पार्षद रह चुके हैं। इससे पहले हुए नगर निगम चुनाव अमीषा चावला दूसरे नंबर पर रहीं थीं।सोनीपत से कमल दीवान पूर्व विधायक देवराज के बेटे हैं। वे पंजाबी समाज से ताल्लुक रखते हैं।

    वर्तमान में दीवान चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। कमल दीवान का परिवार कांग्रेस से लंबे समय से जुड़ा रहा है। उनके स्वर्गीय पिता देवराज दीवान साल 2014 में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रभारी थे और सोनीपत जिले में पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते थे।

    यमुनानगर से किरण देवी सैलजा के करीबी नेता राजपाल भूखड़ी की पत्नी हैं। उनका टिकट सैलजा गुट की पैरवी के कारण ही फाइनल हुआ है। राज्य में सैलजा और हुड्डा गुट की गुटबाजी साधने के लिए भी सैलजा की करीबी को टिकट दिया गया है।

    यह भी पढ़ें- अंबाला में निकाय चुनाव उम्मीदवारों की सूची पर घमासान, अनिल विज को लगा बड़ा झटका; 17 समर्थकों का टिकट कटा