Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Haryana Nikay Chunav: घर वापसी के बाद सीमा पाहुजा गुरुग्राम से लड़ेंगी चुनाव, कांग्रेस ने मानेसर से इन पर जताया भरोसा

    कांग्रेस पार्टी ने गुरुग्राम से सीमा पाहूजा और मानेसर से नीरज यादव को मेयर प्रत्याशी घोषित किया है। नगर निगम चुनाव की नामांकन तिथियों के बीच पार्टी ने शनिवार दोपहर गुरुग्राम और मानेसर मेयर तथा पटौदी जाटौली मंडी नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। रविवार तक वार्डों और दूसरी सूची में बची सीटों के लिए प्रत्याशी उतार दिए जाएंगे।

    By Vinay Trivedi Edited By: Rajesh KumarUpdated: Sat, 15 Feb 2025 08:51 PM (IST)
    Hero Image
    कांग्रेस पार्टी ने गुरुग्राम से सीमा पाहूजा और मानेसर से नीरज यादव को मेयर प्रत्याशी घोषित किया है।

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। कांग्रेस पार्टी ने गुरुग्राम से सीमा पाहूजा और मानेसर से नीरज यादव को मेयर प्रत्याशी घोषित किया है। नगर निगम चुनाव की नामांकन तिथियों के बीच पार्टी ने शनिवार दोपहर गुरुग्राम और मानेसर मेयर तथा पटौदी जाटौली मंडी नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। रविवार तक वार्डों और दूसरी सूची में बची सीटों के लिए प्रत्याशी उतार दिए जाएंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा में शामिल हो गईं थी पाहुजा

    गुरुग्राम से मेयर पद की उम्मीदवार बनाई गई सीमा पाहुजा 2019 से पहले कांग्रेस पार्टी में थीं और कई सालों तक कई पदों की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। 2019 के बाद वह भाजपा में शामिल हो गईं और पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान नवीन गोयल के समर्थन में भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा उम्मीदवार को चुनौती देने के लिए पंजाबी कार्ड खेलते हुए कांग्रेस ने रणनीतिक रूप से सीमा पाहुजा को गुरुग्राम मेयर का टिकट दिया।

    कई दिनों से सीमा पाहुजा इस संबंध में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर रही थीं। शनिवार दोपहर एक बजे वह गुरुग्राम से वरिष्ठ नेताओं के साथ दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचीं और कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

    इन नेताओं ने कराई घर वापसी

    इस दौरान गुरुग्राम से पहुंचे वरिष्ठ नेताओं में पूर्व मंत्री एवं जिला प्रभारी करण सिंह दलाल, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, सह प्रभारी अशोक बुआनीवाला, राष्ट्रीय कमेटी के सदस्य वर्धन यादव, पंकज डावर, मोहित ग्रोवर व वीरेंद्र यादव शामिल रहे। पार्टी कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान व सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सीमा पाहुजा को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

    प्रदेश उपाध्यक्ष और जिलाध्यक्ष भी रह चुके नीरज यादव

    पार्टी ने मानेसर से मेयर पद के लिए नीरज यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। नीरज यादव नगर निगम के बड़े गांव मानेसर के रहने वाले हैं। उनके चाचा राव श्रीकृष्ण जिले के पहले जिला परिषद चेयरमैन थे। राव श्रीकृष्ण का इलाके में अच्छा प्रभाव था।

    नीरज यादव 2008 से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं। वह संगठन चुनाव जीतकर प्रदेश उपाध्यक्ष और जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं। छात्र राजनीति से शुरुआत करने वाले नीरज दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के प्रभारी भी रह चुके हैं। हाईकमान में उनकी अच्छी पकड़ है। उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में पार्टी की मजबूती के लिए काम किया। जिसके चलते कांग्रेस पार्टी ने उन्हें मानेसर नगर में मेयर पद का प्रत्याशी बनाया।

    रविवार तक आएगी दूसरी लिस्ट

    पटौदी जाटौली मंडी नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने राजरानी को टिकट दिया है। राजरानी वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुधीर चौधरी की पत्नी हैं। सुधीर चौधरी पटौदी से दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि, दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

    पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान भी सुधीर चौधरी ने पटौदी से टिकट मांगा था। तब यहां से पर्ल चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया था। शनिवार को जारी सूची में फरुखनगर नगर पालिका, सोहना नगर परिषद और वार्ड पार्षद पदों के लिए अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किए गए हैं।

    नगर निगम चुनाव समिति के शहरी जिला संयोजक पंकज डावर ने बताया कि रविवार तक दूसरी सूची जारी कर दी जाएगी। इसमें सभी प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे।

    यह भी पढ़ें: CBSE Board Exam 2025 : छोटे सवालों ने चेहरे पर लाई हंसी, तो बड़े प्रश्नों ने छात्रों को उलझाया; नकल पर रही नकेल