Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'मंत्री जी, ऑल इज वेल....', अनिल विज से पत्रकारों ने पूछा; BJP नेता ने दिया मजेदार जवाब, CM सैनी का भी आया रिएक्शन

    Updated: Tue, 04 Feb 2025 05:40 PM (IST)

    हरियाणा के वरिष्ठ मंत्री अनिल विज की नाराजगी दूर करने के लिए भाजपा ने कमान संभाली है। भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया ने चंडीगढ़ पहुंचकर अनिल विज से मुलाकात की। विज ने अपनी शिकायतें रखीं जिसमें अधिकारियों की अवहेलना और चुनाव में साजिश जैसे मुद्दे शामिल थे। विज ने कहा ऑल विल बी वेल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विज की नाराजगी से इनकार किया।

    Hero Image
    अनिल विज को लेकर सीएम नायब सैनी ने दी प्रतिक्रिया (जागरण ग्राफिक्स)

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। Haryana News: हरियाणा की भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल में सबसे वरिष्ठ मंत्री अनिल विज की नाराजगी दूर करने के प्रयास आरंभ हो गये हैं।

    भाजपा हाईकमान के निर्देश पर चंडीगढ़ पहुंचे हरियाणा भाजपा के प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया ने सचिवालय में अनिल विज से करीब दो घंटे की मीटिंग की। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद हुई इस मीटिंग के दौरान अनिल विज ने प्रभारी को अपनी सारी नाराजगी और शिकायतों से अवगत कराया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    विज ने आरोप लगाये थे कि अधिकारी उनकी बात नहीं सुनते। ग्रीवेंसिज कमेटी की बैठकों में उनके दिये आदेशों का अनुपालन नहीं किया जाता।

    विधानसभा चुनाव में उन्हें मरवाने की साजिश भी कुछ अधिकारियों ने रची थी। क्लोज डोर मीटिंग के बाद अनिल विज ने कहा कि मैं इस बातचीत पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दूंगा। अभी सब बातों पर फुल स्टाप लगा है। आगे कोई बैठक होगी तो पता चलेगा। मैने अपनी बात प्रभारी के समक्ष रख दी हैं।

    ऑल विल बी वेल...'

    पत्रकारों ने विज से जब यह सवाल किया कि ऑल इज वेल (सब ठीक है), तो विज ने कहा, ऑल विल बी वेल (सब ठीक हो जाएगा)। कैबिनेट की मीटिंग में आधे घंटे देरी से पहुंचे अनिल विज पर सभी मंत्रियों और अधिकारियों की निगाहें टिकी रही।

    इससे पहले, मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अनिल विज नाराज नहीं हैं। वे हमारे वरिष्ठ नेता हैं। हम कैबिनेट की मीटिंग में एक साथ ही थे। सभी मुद्दों पर बातचीत हुई।

    डिपार्टमेंट की मीटिंग भी हमने साथ की। विज द्वारा सीएम को लेकर दिये बयान के बारे में नायब सैनी ने कहा कि यह उनका अधिकार है। वह हमें सचेत कर सकते हैं।

    अफसरों द्वारा मंत्रियों की बात नहीं सुनने के विज के आरोपों को नायब सैनी ने नकार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। सबकी अपनी-अपनी जिम्मेदारी होती है। सभी अधिकारी बात मानते हैं, विधायकों की बात भी मानते हैं और मंत्रियों की बात भी मानते हैं।

    यह भी पढ़ें- Haryana Politics: 'इस्तीफा देने के लिए नहीं, दिलवाने के लिए बना हूं', अनिल विज का एक और हमला; CM नायब को फिर दी नसीहत

    विज ने CM सैनी के खिलाफ की बयानबाजी

    अंबाला छावनी से सातवीं बार के विधायक हरियाणा के बिजली, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज पिछले पांच दिनों से लगातार सरकार, अधिकारियों और मुख्यमंत्री. के विरुद्ध बयानबाजी कर रहे हैं। मंगलवार को भी अनिल विज मंत्रिमंडल की बैठक में करीब आधे घंटे की देरी से पहुंचे।

    उनके पहुंचने से पहले ही सरकार की ओर से कैबिनेट मीटिंग के फुटेज संबंधी वीडियो सोशल मीडिया पर डाले जा चुके थे, जिसमें अनिल विज नहीं थे।

    मीटिंग खत्म होने के बाद अनिल विज के कार्यालय में भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया के फोटो संबंधी वीडियो बड़ी तेजी के साथ वायरल होने लगे।

    अनिल विज के आरोपों के बाद सरकार असहज महसूस कर ही थी। विज की नारजगी को दूर करने के लिए भाजपा प्रभारी को विशेष दूत बनाकर चंडीगढ़ भेजा गया था। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने अनिल विज की नाराजगी पर कहा कि वे नाराज नहीं है। यह उनका हमारे प्रति प्यार है। हमारे पुराने वरिष्ठ और सम्मानित नेता हैं।

    नाराजगी दूर नहीं हुई तो अनिल विज छोड़ेंगे मंत्रालय

    हरियाणा भाजपा के प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया ने विज के साथ हुई मीटिंग पर कोई अपडेट देने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि वे अपनी सरकार के मंत्रियों से मिलते रहते हैं।

    बताते हैं कि डॉ. सतीश पुनिया जल्दी ही अपनी रिपोर्ट भाजपा हाईकमान को देंगे, जिसके बाद विज की नाराजगी दूर की जाएगी। विज के करीबियों में चर्चा है कि अगर विज की नाराजगी दूर नहीं की गई तो वह सरकार से मिली 80 लाख की वोल्वो गाड़ी भी लौटा सकते हैं।

    तीन दिन पहले रोहतक में इसके संकेत देते हुए विज ने कहा था कि मैंने मंत्रियों वाली कोई सहूलियत नहीं ली। कोठी भी नहीं ली।

    एक कार है, वर्कर कहते हैं कि सरकार उसे वापस ले लेगी तो हम दे देंगे। राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि यदि सतीश पुनिया मंत्री की नाराजगी दूर नहीं कर पाए तो वे मंत्री पद भी छोड़ सकते हैं। विज ने दो दिन पहले ही कहा था कि भले ही मेरे से मंत्री पद छीन लो, अब मुझे इसका कोई फर्क नहीं पड़ता है।

    हुड्डा ने ली चुटकी, बोले विज ने गिना दिए 100 दिन के काम

    चंडीगढ़ में एक विवाह समारोह में शामिल होने आए हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा नेताओं की आपसी लड़ाई पर चुटकी ली है। हुड्डा ने कहा कि नायब सिंह सैनी की सरकार के सौ दिनों के कार्यकाल का नतीजा सबके सामने आ गया है। इन 100 दिनों पर मेरे को कुछ भी कहने की जरूरत नहीं है। अनिल विज ने सब बता दिया है। 100 दिन तो हवा हवाई हैं, क्योंकि जो भी इन्होंने वादा किया था, वह पूरा नहीं किया।

    यह भी पढ़ें- 

    अनिल विज को अपनी ही पार्टी के नेताओं पर शक

    अनिल विज ने भाजपा की टिकट पर अंबाला कैंट से चुनाव लड़ा। साल 2019 के चुनाव में विज कड़े मुकाबले में फंसे। उन्हें पूर्व मंत्री निर्मल सिंह की बेटी चित्रा सरवारा टक्कर ने टक्कर दी। 2019 के चुनाव में विज ने चित्रा को 20,165 वोटों से हराया था, लेकिन इस बार यह मार्जिन 7,277 रह गया।

    ऐसे में विज ने शक जाहिर किया था कि उन्हीं की पार्टी के लोगों ने उन्हें हराने के लिए चित्रा सरवारा का साथ दिया। चुनाव जीतने के बाद विज मंत्री भी बन गए। इसके बाद अंबाला कैंट के धन्यवादी दौरे में विज ने अधिकारियों को लेकर अपनी पार्टी के नेताओं पर सवाल खड़े किए।

    विज ने कहा कि अधिकारियों ने उनकी सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए। उनकी हत्या की साजिश रची गई। उन्हें हराने के लिए लोगों को चित्रा सरवारा का कैंप ज्वाइन कराया गया। विज के हमलों के बाद हाल ही में अंबाला के डीसी पार्थ गुप्ता को बदला गया है।

    विज के इन बयानों की वजह से असहज हुई सरकार

    • 30 जनवरी : ग्रीवेंसिज कमेटी की मीटिंग में शायद नहीं जाऊंगा। मेरे आदेशों का पालन नहीं होता। अधिकारी हमारे काम नहीं करते।
    •  31 जनवरी : नायब सैनी जब से मुख्यमंत्री बने, उड़नखटोले पर हैं। यह सिर्फ मेरी नहीं सभी मंत्रियों-विधायकों की आवाज है।
    • 1 फरवरी: पुष्पा का 'मैं झुकेगा नहीं' स्टाइल दिखाते हुए कहा, मैं नहीं, मेरी आत्मा बोलती है। आत्मा की आवाज दबा नहीं सकते।
    • 2 फरवरी : CM चाहें तो मेरा मंत्री पद छीन लें, फर्क नहीं पडता। बीजेपी अध्यक्ष इस्तीफा दें, गैंगरेप का आरोपित महिलाओं की मीटिंग कैसे ले सकता है।
    • 3 फरवरी : इंटरनेट मीडिया पर 17 तस्वीरों का 52 सेकेंड का वीडियो बनाकर डाला, जिसमें दावा किया कि सीएम के साथ घूमने वाले नेता उनके खिलाफ चुनाव लड़ने वाली चित्रा सरवारा के साथ घूम रहे हैं। यह गद्दार हैं। ‘क्या मिलिए ऐसे लोगों से जिनकी फितरत छिपी रहे, नकली चेहरा सामने आए, असली सूरत छुपी रहे’ गाना इन फोटो के बैकग्राउंड में लगाया गया।

    यह भी पढ़ें- Haryana News: अनिल विज ने बिजली सुविधा केंद्र पर मारा छापा, शिकायतकर्ता को लगाया फोन; मिला यह जवाब तो भड़क गए 'गब्बर'