Haryana Politics: 'इस्तीफा देने के लिए नहीं, दिलवाने के लिए बना हूं', अनिल विज का एक और हमला; CM नायब को फिर दी नसीहत
हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जिस पर दुष्कर्म का केस दर्ज हो उसे प्रदेश अध्यक्ष नहीं रहना चाहिए। विज ने कहा कि मैं इस्तीफा देने के लिए नहीं बल्कि दिलवाने के लिए बना हूं। साथ ही सीएम नायब सिंह सैनी को फिर सलाह दी है।
जागरण संवाददाता, अंबाला। हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिज विज लगातार सीएम नायब सैनी पर निशाना साध रहे हैं। इस बीच उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली पर निशाना साधा है। गोहाना पहुंचे परिवहन मंत्री अनिल विज ने मोहन लाल बडौली का फिर इस्तीफा मांगा।
अनिल विज ने फिर कहा कि जिस पर दुष्कर्म का केस दर्ज हो उसे प्रदेश अध्यक्ष नहीं रहना चाहिए। वे कह रहे हैं कि मैं निर्दोष हूं, जब तक पुलिस उन्हें निर्दोष घोषित नहीं कर देती, तब तक उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। साथ ही कहा कि मैं इस्तीफा देने के लिए नहीं, बल्कि दिलवाने के लिए बना हूं।
अनिल विज ने सीएम नायब सैनी को फिर दी सलाह
अनिल विज ने कहा कि मैंने पहले भी कहा था, अब भी यही कह रहा हूं कि पार्टी की पवित्रता के लिए उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। सीएम नायब सैनी को सलाह देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को नीचे आकर विधायकों और मंत्रियों की बात सुननी चाहिए।
दिल्ली चुनाव पर क्या बोले अनिल विज
साथ ही कहा कि दिल्ली में सौ प्रतिशत बीजेपी की सरकार बनेगी। केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस प्रकार से उनके चेहरे मुरझाए हुए हैं, उससे लगता है वे हार रहे हैं।
आम आदमी पार्टी पार्टी षड्यंत्रकारियों की पार्टी है। आप के जितने भी मंत्री भ्रष्टाचार मामले में जेल में हैं, वे बरी नहीं हुए हैं।
'झूठों का सरदार केजरीवाल'
अनिल विज ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल को झूठों का सरदार बताया है। साथ ही कहा कि दिल्ली की जनता बहुत समझदार है। वह अपना अच्छा बुरा अच्छी तरह समझती है।
अनिल विज रविवार को रोहतक के संकट मोचन मंदिर में हुए कार्यक्रम में शामिल होने आए और मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यमुना के पानी को लेकर केजरीवाल ने झूठ फैलाया, लेकिन जनता उनके झूठ को पहचान गई है।
जनता भ्रष्टाचारियों को सत्ता नहीं देना चाहती है। केजरीवाल व उनके कई मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के केस हैं, क्या जनता भ्रष्टाचारियों को चुनेगी।
'भूपेंद्र हुड्डा को पढ़ना नहीं आता'
वहीं, केंद्र सरकार के ईडी के प्रयोग के सवाल पर विज ने कहा कि मामला कोर्ट में चल रहा है। वहां किसी की नहीं चलती है। वहीं उन्होंने बजट को लेकर भूपेंद्र हुड्डा को यहां तक कहा है कि उन्हें पढ़ना नहीं आता है। किसानों की केसीसी तीन लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दी है।
बजट आम आदमी के हित में एक लाख मासिक आय वाला साधारण आदमी को भी अब टैक्स से राहत मिलेगी। दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी। मोबाइल आदि अन्य घरेलू वस्तुओं पर टैक्स कम किया है। इस अवसर पर गुलशन भाटिया, प्रदीप जैन, भाजपा जिला महामंत्री सुखबीर चंदेलिया सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।