Haryana Politics: पूरा हरियाणा नापेंगे CM नायब, 18 दिसंबर से धन्यवाद दौरा शुरू, सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में होंगे कार्यक्रम
हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में धन्यवाद दौरा करने का फैसला किया है। 18 दिसंबर से शुरू होने वाले इस दौरे के लिए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने सभी हलकों में संयोजक नियुक्त किए हैं। दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री कालका पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं तथा जनता का आभार जताएंगे।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने से उत्साहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री नायब सैनी का धन्यवादी दौरा कराएगी। 18 दिसंबर से पंचकूला के कालका से धन्यवादी दौरा शुरू करते हुए मुख्यमंत्री पूरा हरियाणा नापेंगे। फिलहाल 11 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यक्रम तय हो गए हैं। धन्यवादी दौरे की सफलता सुनिश्चित करने के लिए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने सभी हलकों में संयोजक नियुक्त कर दिए हैं।
बड़ौली ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश प्रभारी डॉक्टर सतीश पूनिया और संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा से विचार-विमर्श कर पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर ली है। दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री 18 दिसंबर को शाम तीन बजे कालका पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं तथा जनता का आभार जताएंगे। 19 दिसंबर को कैथल के पुंडरी, 22 को हिसार के उकलाना, 23 को करनाल के इंद्री और कुरुक्षेत्र के पेहवा तथा 25 दिसंबर को रेवाड़ी के कोसली विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम होगा।
जानिए किस क्षेत्र में कब होगा प्रोग्राम
इसी तरह 26 दिसंबर को करनाल के असंध और गुरुग्राम के सोहना, 27 दिसंबर को हिसार के नलवा और महेंद्रगढ़, 29 दिसंबर को जींद के नरवाना विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम होगा।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने बताया कि जल्द ही बाकी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यक्रम भी तय कर लिए जाएंगे। विधायक शक्ति रानी शर्मा को कालका, विधायक सतपाल जांबा को पुंडरी, पूर्व विधायक अनूप धानक को उकलाना, विधायक राम कुमार कश्यप को इंद्री का संयोजक नियुक्त किया गया है।
जयभगवान शर्मा को पेहवा, अनिल डहीना को कोसली, विधायक योगेंद्र राणा को असंध, विधायक तेजपाल तंवर को सोहना, विधायक रणधीर पनिहार को नलवा, विधायक कंवर सिंह यादव को महेंद्रगढ़ और कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी को नरवाना विधानसभा क्षेत्र का संयोजक नियुक्त किया गया है।
निकाय चुनावों की तैयारी में जुटी भाजपा
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि निकाय चुनाव के लिए पार्टी पूरी तरह तैयार है। भाजपा का संगठन पर्व चल रहा है। हर रोज लाखों लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। भाजपा एक चुनाव के बाद तुरंत दूसरे चुनाव की तैयारियों में जुट जाती है। चुनाव कोई भी हो, पार्टी उसे एक मिशन के तहत जीतने का काम करती है।
नगर निगम चुनाव को लेकर भी भाजपा की तैयारियां पूरी है। हम सभी नगर निगमों में कमल का फूल खिलाकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाकर जनसेवा का काम करेंगे।
यह भी पढ़ें- Haryana Police: पुलिस अब ड्यूटी पर साथ नहीं रख सकेगी मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, DGP ने आदेश जारी कर बताए कारण
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।