मनोहर लाल के दरबार में पहुंची गोपाल कांडा और गोकुल सेतिया की टशन, BJP से नजदीकियां बढ़ा रहे हैं कांग्रेस विधायक
गोपाल कांडा और सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया के बीच की राजनीतिक खींचतान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के दरबार तक जा पहुंची है। कांडा ने सेतिया की भाजपा से बढ़ती नजदीकियों पर सवाल उठाए और पार्टी कार्यकर्ताओं में निराशा की बात कही। उन्होंने मनोहर लाल को सिरसा नगर परिषद में भाजपा की जीत के बारे में भी जानकारी दी।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा और सिरसा के कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया के बीच चली आ रही पुरानी राजनीतिक टशन केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल के दरबार में पहुंच गई है। गोपाल कांडा के नेतृत्व वाली हरियाणा लोकहित पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा है।
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में सिरसा के हलोपा विधायक के नाते गोपाल कांडा ने पूरे पांच साल तक बिना शर्त समर्थन दिया था। इस बार गोपाल कांडा सिरसा से चुनाव हार गए और उनके पुराने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी गोकुल सेतिया चुनाव जीत गए।
भाजपा से नजदीकियां बढ़ा रहे हैं गोकुल सेतिया
गोकुल सेतिया विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस में शामिल हुए थे और पार्टी में शामिल होने के कुछ घंटों के बाद ही उनका टिकट घोषित कर दिया गया था। कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतने के बावजूद गोकुल सेतिया भाजपा सरकार से नजदीकियां बढ़ा रहे हैं।
कई बार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का राजनीतिक मंच साझा कर चुके हैं। भाजपा ने अपने अधिकारिक इंटरनेट मीडिया हेंडिल पर गोकुल सेतिया व उनके समर्थक सरपंचों का एक वीडियो जारी किया था, जिसमें वे मुख्यमंत्री निवास पर भोजन कर रहे थे। हालांकि भोजन के समय मुख्यमंत्री निवास पर मौजूद नहीं थे।
गोकुल सेतिया पर जमकर बरसे गोपाल कांडा
हलोपा प्रमुख गोपाल कांडा ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर कहा कि जिस व्यक्ति ने विधानसभा चुनाव में पूरी भाजपा को पानी पी-पीकर कोसा है, वही आदमी अगर लोगों को भ्रमित करने के लिए भाजपा से नजदीकियां बढ़ाने का दम भरेगा तो इसका गलत संदेश जाएगा। पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं में मायूसी बढ़ेगी।
कांडा ने कहा कि यदि गोकुल सेतिया को भाजपा से इतना ही प्रेम है तो उन्हें कांग्रेस के विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने की पहल करनी चाहिए। गोकुल सेतिया का भाजपा प्रेम अपने निजी कार्यों को कराने की राजनीतिक चाल से अधिक कुछ नहीं है।
गोपाल कांडा ने मनोहर लाल को क्या बताया
पूर्व गृह राज्य मंत्री ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को अवगत कराया कि सिरसा नगर परिषद में पहली बार शांति स्वरूप वाल्मीकि के चेयरमैन बनने पर कमल का फूल खिला है। शांति स्वरूप हलोपा व भाजपा गठबंधन के साझा उम्मीदवार थे।
उन्होंने कहा कि सिरसा में भाजपा को यह जीत करीब 30 साल बाद मिली है। पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल के बाद आज तक भाजपा का कोई विधायक अथवा चेयरमैन सिरसा में नहीं बना है, जबकि एनडीए उम्मीदवार के नाते शांति स्वरूप ने भाजपा के इस सूखे को खत्म करने का काम किया है।
26 अप्रैल को कांडा के साथ डिनर करेंगे सीएम
गोपाल कांडा ने मनोहर लाल को बताया कि सिरसा नगर परिषद में 32 में 22 पार्षद एनडीए के हैं और चार पार्षद भाजपा व हलोपा के सहयोग से जीते हैं। गोपाल कांडा ने केंद्रीय मंत्री के साथ सिरसा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 27 अप्रैल के साइक्लोथान दौरे पर चर्चा की।
26 अप्रैल को मुख्यमंत्री नायब सैनी हलोपा प्रमुख गोपाल कांडा के निवास पर रात्रि भोज करेंगे। सिरसा मेडिकल कालेज के निर्माण की प्रगति, सड़कों तथा नहरों के निर्माण में तेजी के साथ पानी की उपलब्धता पर भी केंद्रीय मंत्री से बातचीत हुई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।