Haryana: स्कूलों में लेडी पुलिस सिखाएंगी गुड और बैड टच, महिला सुरक्षा को लेकर प्रदेश में चलाया जा रहा ऑपरेशन दुर्गा
हरियाणा में महिलाओं और बच्चों को जागरुक करने के लिए महिला पुलिसकर्मी मैदान में उतर आई हैं। स्कूल और कॉलेजों में महिला पुलिसकर्मी छात्राओं को गुड और बैड टच के बारे में बताएंगी। साथ ही महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए ऑपरेशन दुर्गा चलाया जा रहा है। डीआईजी महिला सुरक्षा नाजनीन भसीन ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरे प्रदेश में 25 कंपनियां तैनात की गई हैं।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के सभी स्कूल-कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में महिला पुलिसकर्मी छात्राओं को गुड टच और बैड टच सिखाएंगी। जागरूकता अभियान के तहत सभी जिलों में महिला पुलिसकर्मियों की टीमें फील्ड में उतारी गई हैं। साथ ही महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए 25 कंपनियां तैनात की गई हैं और 46 पेट्रोलिंग वाहन अलग से लगाए गए हैं।
महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए तैनात की गई 25 कंपनियां
पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने कहा कि पुलिस टीमें शिक्षण संस्थानों में महिलाओं से संपर्क में रहेंगी जिससे वे बेझिझक अपनी समस्याएं उनके साथ साझा कर सकें। इस दौरान विद्यालयों तथा महाविद्यालयों के बाहर छेड़छाड़ करने वाले शरारती तत्वों पर भी पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।
डीआईजी महिला सुरक्षा नाजनीन भसीन ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध को रोकने के लिए पूरे प्रदेश में 25 कंपनियों की तैनाती की गई है। सार्वजनिक स्थानों, पब्लिक ट्रांसपोर्ट तथा छेड़छाड़ वाले हॉटस्पाट क्षेत्रों में नियमित तौर पर आपरेशन दुर्गा चलाया जा रहा है। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 46 पेट्रोलिंग वाहन अलग से लगाए गए हैं।
ये भी पढ़ें: Haryana News: ड्रोन व सेटेलाइट की मदद से रोकी जाएंगी नई अवैध कालोनियां, विकास के लिए मंजूर किए तीन हजार करोड़ रुपये
जागरुकता के लिए सभी जिलों में फील्ड में उतारी महिला पुलिसकर्मी
डीजीपी ने बताया कि प्रदेश में 33 महिला पुलिस थाने स्थापित किए गए हैं। इन महिला थानों पर पीड़ित महिलाओं के कानूनी मार्गदर्शन के लिए हरियाणा विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। प्रत्येक महिला थाने पर परामर्श केंद्र भी तैयार किए गए है जहां महिलाएं निसंकोच अपनी बात रखते हुए मार्गदर्शन ले सकती हैं।
यहां पढ़ें वर्ल्ड कप से जुड़ी सभी बड़ी अपडेट
इसके साथ ही दुर्गा शक्ति एप के माध्यम से भी महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। महिला सुरक्षा संबंधी प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश भर में 81 महिला पीसीआर तथा स्कूटी राइडर्स भी लगाए गए हैं। दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं की सुविधा के लिए उनके नजदीकी क्षेत्रों में 239 महिला हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।
महिलाओं के सफर को बनाया सुरक्षित
गौरतलब है कि महिला सुरक्षा को लेकर हरियाणा-112 द्वारा सेफ जर्नी कांसेप्ट की भी पहल शुरू की गई है। रात के समय या दिन में सफर करने वाली महिलाएं इस हेल्पलाइन नंबर पर खुद को रजिस्टर करते हुए पुलिसकर्मियो के संपर्क में रहती हैं। सफर के दौरान भी पुलिसकर्मियों द्वारा फोन करते हुए उन्हें ट्रैक किया जाता है और सुनिश्चित किया जाता है कि महिला सफर के दौरान सुरक्षित महसूस करे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।