Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    डायरेक्ट मुख्यमंत्री करेंगे आपकी समस्या का समाधान, 18 दिसंबर से शुरू होगा नायब सैनी का धन्यवाद दौरा

    Updated: Tue, 17 Dec 2024 03:06 PM (IST)

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 18 दिसंबर से राज्य में धन्यवाद दौरे पर निकलेंगे। वे विधानसभा स्तर पर खुले दरबार लगाएंगे और लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे। मौके पर मौजूद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से जनता की समस्याओं का समाधान नहीं करने पर जवाबदेही भी की जाएगी। मुख्यमंत्री प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में वहां तैयार हो चुकी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।

    Hero Image
    मुख्यमंत्री नायब सैनी 18 दिसंबर से धन्यवाद दौरा शुरू करेंगे। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने धन्यवाद दौरे के दौरान विधानसभा स्तर पर खुले दरबार भी लगाएंगे। खुले दरबारों में लोगों की समस्याओं का समाधान होगा और मौके पर मौजूद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से जनता की समस्याओं का समाधान नहीं करने पर जवाबदेही भी की जाएगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अपने धन्यवाद दौरे के दौरान मुख्यमंत्री प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में वहां तैयार हो चुकी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करने वाले हैं।

    18 दिसंबर से धन्यवाद दौरे पर निकलेंगे सीएम सैनी

    हरियाणा के मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी और सभी प्रशासनिक सचिवों को उनके विभाग की विभिन्न जिलों व विधानसभा स्तर पर पूरी हो चुकी परियोजनाओं की रिपोर्ट तैयार करने को कह दिया गया है। उन विकास कार्यों की सूची भी तैयार कर ली गई है, जिनका शिलान्यास होना है। इनमें सीएम की घोषणाएं शामिल हैं। भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में आई है।

    इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी 18 दिसंबर से राज्य में धन्यवाद दौरे पर निकलने वाले हैं। पहले चरण में 11 विधानसभा क्षेत्रों के दौरे फाइनल हो चुके हैं। मुख्यमंत्री इन विधानसभा क्षेत्रों को कवर करते रहेंगे और नई विधानसभाओं के दौरे, विकास की परियोजनाएं और कार्यक्रम तैयार होते रहेंगे। सभी सांसदों, मंत्रियों और विधायकों को इन कार्यक्रमों की सूचना पार्टी के स्तर पर दी जाएगी।

    यह भी पढ़ें- स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर दिल्ली में CM नायब और मनोहर लाल ने किया मंथन, हरियाणा के सांसद भी रहे मौजूद

    जिला स्तर पर होगा समस्याओं का समाधान

    प्रत्येक जिले के अधिकारियों को इन कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से रहने को कहा गया है। मुख्यमंत्री अपने चंडीगढ़ निवास पर हर रोज सैकड़ों लोगों की समस्याएं सुनते हैं। कई समस्याएं ऐसी होती हैं, जिनका निस्तारण जिला स्तर पर ही संभव है, लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं होने की वजह से लोग सीधे सीएम कार्यालय पहुंचते हैं।

    मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और अपने प्रधान सचिव के माध्यम से जिले के अधिकारियों को कहा है कि यदि जिला स्तर पर कोई समस्या ऐसी है, जिसका समाधान पॉलिसी मैटर अथवा कानूनी मामले की वजह से संभव नहीं है, तो उसकी लिखित में सीएम कार्यालय को जानकारी दी जाए, अन्यथा अधिकतर समस्याओं का समाधान जिला स्तर पर ही होना चाहिए। पंचकूला में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए नायब सैनी ने कहा कि सभी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से कह दिया गया है कि वे सुस्ती छोड़कर अब चुस्त-दुरुस्त हो जाएं। किसी भी समस्या की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    सीएम सैनी स्वयं कर रहे समाधान शिविरों की मॉनिटरिंग

    मुख्यमंत्री ने राज्य में हर रोज सुबह के समय लगने वाले समाधान शिविरों के प्रति अधिकारियों की उदासीनता को भी गंभीरता से लिया है। नायब सैनी इन शिविरों की मॉनिटरिंग स्वयं कर रहे हैं। अपने धन्यवाद दौरे के दौरान नायब सैनी अचानक किसी भी जिले में लगने वाले समाधान शिविर में जाएंगे और वहां औचक निरीक्षण करेंगे, ताकि यह जांचा जा सके कि लोगों की सुनवाई ठीक ढंग से हो रही है अथवा नहीं।

    मुख्यमंत्री पूर्व में ऐसा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिस उम्मीद के साथ प्रदेश की जनता ने राज्य में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाई है, उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को स्पष्ट रूप से हिदायतें दी जा चुकी हैं।

    इन विधानसभा क्षेत्रों के कार्यक्रम हो चुके तैयार

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 18 दिसंबर से अपना धन्यवाद दौरा शुरू करेंगे। मुख्यमंत्री 18 दिसंबर को सायं तीन बजे पंचकूला के कालका पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं तथा जनता का आभार जताएंगे। 19 दिसंबर को कैथल जिले के पूंडरी विधानसभा में सायं तीन बजे पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री का 22 दिसंबर को हिसार के उकलाना में दो बजे कार्यक्रम होगा।

    23 दिसंबर को मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे करनाल की इंद्री विधानसभा और कुरुक्षेत्र की पिहोवा विधानसभा में दो बजे पहुंचकर जनता का धन्यवाद करेंगे। 25 दिसंबर को रेवाड़ी के कोसली विधानसभा में कार्यक्रम होगा। 26 दिसंबर को मुख्यमंत्री के दो कार्यक्रम होंगे।

    मुख्यमंत्री पहले 11 बजे करनाल की असंध विधानसभा तथा दो बजे गुरुग्राम की सोहना विधानसभा में पहुंचेंगे। 27 दिसंबर को मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे हिसार की नलवा और दो बजे महेंद्रगढ़ विधानसभा में धन्यवाद दौरा करेंगे। 29 दिसंबर को जींद की नरवाना विधानसभा में पहुंचेंगे।

    यह भी पढ़ें- 'किसानों की बात तुरंत मानें सरकार, दिल्ली जाने से रोकना अलोकतांत्रिक कदम', हुड्डा बोले- जाऊंगा खनौरी बॉर्डर