स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर दिल्ली में CM नायब और मनोहर लाल ने किया मंथन, हरियाणा के सांसद भी रहे मौजूद
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। बैठक में स्थानीय निकाय चुनाव भाजपा सदस्यता अभियान और धन्यवादी दौरों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग की घोषणा के बाद हम चुनाव के लिए तैयार हैं। भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में डेढ़ गुणा ज्यादा विकास कार्य किए हैं।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार रात को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। इस दौरान हरियाणा के सांसद भी पहुंचे।
केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल के निवास पर हुई सांसदों की बैठक में स्थानीय निकाय के चुनाव, हरियाणा में चल रहे भाजपा के सदस्यता अभियान और 18 दिसम्बर से शुरू हो रहे धन्यवादी दौरों पर चर्चा हुई।
बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, सांसद धर्मवीर सिंह, राज्य सभा सदस्य किरण चौधरी, रामचंद्र जांगड़ा, सांसद सुभाष बराला, कार्तिकेय शर्मा और नवनिर्वाचित सांसद रेखा शर्मा भी पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे ही हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के संबंध में घोषणा करेगा, हम चुनाव के लिए तैयार है। वर्ष 2014 के बाद से भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में कांग्रेस सरकार से डेढ़ गुणा ज्यादा विकास के कार्य किए हैं और इसी का परिणाम है कि हरियाणा में लोगों ने लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाई है।
पहले ही फैसला दे चुका है सर्वोच्च न्यायालय
तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लिए वे विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार लोगों के बीच में जाकर धन्यवाद करेंगे। शीघ्र ही इसकी कार्य योजना बनाई जा रही है। मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सदैव किसान हित में कार्य करते हैं।
किसानों को सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं के लिए 70 से 90 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। एसवाईएल का पानी हरियाणा को मिले, इसके लिए सर्वोच्च न्यायालय पहले ही फैसला दे चुका है। हालांकि राजनीति के कारण यह मुद्दा हल नहीं हो पा रहा।
रेवाड़ी में लगाई जा रही सरसों तेल मिल
इससे पहले चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत में नायब सैनी ने बताया कि पराली के प्रबंधन पर सर्वोच्च न्यायालय ने भी हरियाणा की तारीफ की है। हम हरियाणा में सभी फसलें एमएसपी पर खरीद रहे हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से भी किसानों को लाभ पहुंचा है।
भावांतर भरपाई योजना भी हरियाणा की एक अनूठी योजना है। जिन फसलों को एमएसपी पर नहीं खरीदा जाता, उसके अंतराल को भावांतर भरपाई के तहत किसानों को भुगतान किया जाता है। शाहबाद में सूरजमुखी आयल मिल व रेवाड़ी में सरसों तेल मिल लगाई जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।