विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 31, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Haryana News: RSS के फीडबैक और सर्वे रिपोर्ट के बाद तय होंगे BJP के टिकट, चुनावी रणनीति को लेकर हुई चर्चा

Published: Wed, 31 Jul 2024 09:32 PM (IST)

हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इसी के चलते हरियाणा बीजेपी के ...और पढ़ें

RSS के फीडबैक और सर्वे रिपोर्ट के बाद तय होंगे BJP के टिकट (फाइल फोटो)।
RSS के फीडबैक और सर्वे रिपोर्ट के बाद तय होंगे BJP के टिकट (फाइल फोटो)।

HighLights

  1. भाजपा के रणनीतिकारों ने दिल्ली में तड़के तीन बजे तक बनाई चुनावी रणनीति
  2. भाजपा उम्मीदवारों का सर्वे कर रही एजेंसी और आईटी कंपनी बने रणनीति का हिस्सा
  3. प्रधानमंत्री मोदी समेत केंद्रीय नेताओं के चुनावी दौरों को लेकर हुई विस्तृत चर्चा

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा (Haryana BJP) के दिग्गज नेताओं ने लगातार सात घंटे तक अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार कर ली है। नई दिल्ली में दो दौर में हुई भाजपा दिग्गजों की यह बैठक मंगलवार रात साढ़े आठ बजे आरंभ हुई और बुधवार सुबह साढ़े तीन बजे खत्म हुई।

भाजपा उम्मीदवारों को लेकर सर्वे कर रही एजेंसी और आईटी कंपनी के प्रमुख प्रतिनिधि भी इस रणनीतिक बैठक का हिस्सा बने। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गड़करी से लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तक के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

आरएसएस से मिलने वाले फीडबैक को रखा जाएगा ध्यान

बैठक में राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों (Assembly Seat) के लिए संभावित उम्मीदवारों के नाम पर मंथन करने के साथ ही उनके पाजिटिव और नेगेटिव संदर्भों पर खुलकर विचार विमर्श हुआ। हालांकि, टिकटों के लिए फाइनल नामों पर अगस्त माह के अंत में मंथन किया जाएगा। उससे पहले आरएसएस से मिलने वाले फीडबैक को भी ध्यान में रखा जाएगा।

सर्वे एजेंसियों से लिया गया फीडबैक

सर्वे एजेंसी के प्रतिनिधियों से फीडबैक लिया गया कि लोग केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार के कार्यों को लेकर क्या सोचते हैं, ताकि उसके आधार पर पार्टी अपनी रणनीति में बदलाव कर सके। बैठक में कांग्रेस के हरियाणा मांगे हिसाब का धारदार तरीके से जवाब देने तथा इंटरनेट मीडिया पर कांग्रेस की खामियों को उजागर करने के साथ ही भाजपा की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करने पर सहमति बनी।

नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं हरियाणा के विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के निवास पर यह बैठकें हुई। पहले यह बैठक गुरुग्राम में होनी थी, लेकिन ऐन वक्त पर इसका स्थान बदल दिया गया।

पहली बैठक में ये रहे मौजूद

पहली बैठक में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ त्रिपुरा के पूर्व सीएम व विधानसभा चुनाव सह प्रभारी बिप्लब कुमार देब, भाजपा के प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पुनिया, सह प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर, केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा के प्रदेश प्रधान मोहन लाल बड़ौली, भाजपा के प्रांतीय संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, तीनों महामंत्री कृष्ण कुमार बेदी, डा. अर्चना गुप्ता व सुरेंद्र पूनिया, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला और करनाल के पूर्व सांसद संजय भाटिया चर्चा का हिस्सा बने।

ये भी पढ़ें: Haryana News: मेधावी छात्राओं के नाम पर स्कूलों में लगेंगे पौधे; 15 अगस्त में विशेष मेहमान होंगी इस साल जन्मी बेटियां

दूसरे दौर की बैठक में ये रहे मौजूद

दूसरे दौर की बैठक में चारों प्रभारी व सह प्रभारी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, नायब सिंह सैनी और मोहन लाल बडौली ने चुनावी रणनीति पर चर्चा की। बैठक में भाजपा के मौजूदा विधायकों के अलावा साल 2019 में चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों का भी रिपोर्ट कार्ड तैयार करने पर सहमति बनी है, ताकि इनमें से चुनाव जीतने की क्षमता रखने वाले दावेदारों के नाम पर विचार किया जा सके।

सर्वे एजेंसी को फीडबैक जुटाने के दिए निर्देश

सर्वे एजेंसी को धरातल पर जाकर फीडबैक जुटाने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 15 अगस्त के बाद हरियाणा के हिसार में होने वाले संभावित दौरे की चर्चा करने के साथ ही ऐसी परियोजनाओं पर भी विचार विमर्श किया गया, जिनका लोकार्पण और उद्घाटन उनसे कराया जा सकता है। मोदी से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का चंडीगढ़ आने का कार्यक्रम बन सकता है।

कुछ खास होगा इस बार का चुनाव घोषणा पत्र

बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ाैली के जिला प्रवास कार्यक्रमों के प्रारूप पर चर्चा की गई। लोकसभा चुनाव में पांच सीटें जीतने के बाद जिस तरह कांग्रेसी उत्साह में हैं, उससे कहीं अधिक जोश भाजपाइयों में भरने के तरीकों पर मंथन किया गया। बैठक में विधानसभा चुनाव में उठाए जाने वाले मुद्दे, सरकार द्वारा किए जाने वाले कार्यों, नीतियों व चुनावी घोषणाओं को लेकर एक दूसरे की राय जानी गई।

आकर्षक चुनावी घोषणा पत्र पर विचार कर रही बीजेपी

भाजपा इस बार के चुनावी घोषणा पत्र को साल 2014 और 2019 के मुकाबले अधिक आकर्षक बनाने पर विचार कर रही है। आरएसएस की ओर से दिए जाने वाले फीडबैक और सर्वे एजेंसी द्वारा सुझाए जाने वाले फीडबैक के बाद अगस्त में उम्मीदवारों के नाम फाइनल होंगे।

ये भी पढ़ें: Budget 2024: 'दो साल में चार गुणा बढ़ा हरियाणा का बजट', राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा का विपक्ष पर पलटवार