यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 25, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गूगल मैप के सहारे चलने वाले सावधान! बंद रास्ते पर दिखा रहा सड़क, जींद से सामने आया हैरान करने वाला मामला
Google Map Road News हरियाणा के जींद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जींद-गोहाना के बीच नए ...और पढ़ें

HighLights
- ग्रीन फिल्ड हाईवे पर बंद अस्थायी रास्ते पर दिखा रहा है सड़क
- गूगल मैप के सहारे आगे बढ़े तो दस किलोमीटर का लगेगा चक्कर
- दो महीने पहले बंद कर दिया था ये अस्थायी रास्ता
जागरण संवाददाता, जींद। जींद- गोहाना के बीच नए बने ग्रीन फील्ड हाईवे (Green Field Highway) पर चलने वाले वाहन चालक सावधान हो जाएं। यदि गूगल मैप (Google Map) की मान कर इस मार्ग पर चलेंगे तो भूल-भुलैया में फंस सकते हैं। इतना ही नहीं यदि गूगल मैप की मान कर आगे बढ़ गए तो करीब 10 किलोमीटर का चक्कर लगेगा। ग्रीन फील्ड हाईवे पर जहां रास्ता बंद है, वहीं गूगल मैप सड़क दिखा रहा है।
अपडेट नहीं है गूगल मैप
हाईवे के निर्माण के दौरान यहां से निर्माण में लगे ट्रक ही आते जाते थे। यहां अस्थायी रास्ता बनाया गया था। अब करीब दो महीने पहले हाईवे शुरू होने के बाद इस रास्ते को बंद कर दिया गया है। इसको लेकर गूगल मैप अपडेट नहीं है।
जींद से गोहना की ओर जाते हुए मोरखी गांव के पास से पुराने गोहाना रोड से लुदाना गांव के लिए यह रास्ता खुलता था। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग -152-डी और दिल्ली-कटरा नेशनल हाईवे पर चढ़ने के लिए वाहन चालक अस्थायी रास्ते का प्रयोग करते थे। ऐसे में गूगल मैप ने इसी जानकारी को जोड़ रखा है।
बन सकता है हादसे का कारण
ग्रीनफील्ड हाईवे पर टोल प्लाजा से 10 किलोमीटर सोनीपत ओर चलने पर गूगल मैप नीचे उतरने और पुराने रोड में मिलने के लिए रास्ता दिखाता है। लेकिन यहां पर अब स्थिति बदल चुकी है। यह रास्ता प्रयोग में ही नहीं है।
लोगों को दिन के समय तो बंद रास्ता नजर आ जाता है, गूगल पैप के सहारे रात के समय यह हादसे का कारण बन सकता है। वहीं एडीसी विवेक आर्य ने कहा कि तकनीकी समस्या है।
इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किया जाएगा, लेकिन यहां जाने वाले लोगों को रास्ता बंद होने का कमेंट करना चाहिए। इससे दूसरे लोगों को पता भी चल जाएगा और गूगल इस जानकारी से अपडेट भी कर देगा।
इन बातों का रखें ध्यान
हमारे देश में हजारों लोग गूगल मैप के सहारे यात्रा करते हैं। बता दें कि गूगल मैप पूरी तरह ऑनलाइन वेब आधारित टेक्नोलॉजी है। गूगल मैप शॉर्टकट रास्ते दिखाकर समय बचाता है। लेकिन कई बार इसकी गलती का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ना है।
इसके लिए यूजर्स को कुछ बातों का ध्यान रखने की जरूरत है। जैसे कि अपने फोन में गूगल मैप इस्तेमाल करते समय लाइव लोकेशन का ऑन रखें और गूगल मैप के ऐप को अपडेट रखें।
यह भी पढ़ें- Google Maps: अब गूगल मैप्स बताएगा, आपके आसपास गली चौराहों की हवा सांस लेने लायक या नहीं
यह भी पढ़ें- कन्फ्यूजन खत्म! फ्लाईओवर लेना है या नहीं, सब बताएगा Google Map का नया फीचर
