विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 24, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

विकास! हरियाणा, राजस्थान व पंजाब में बढ़ेगी ट्रेनों की स्पीड; रेलवे कई सिंगल लाइन को करेगा डबल

By Amit DhawanEdited By: Shoyeb Ahmed
Published: Tue, 24 Oct 2023 11:20 PM (IST)

रेलवे जल्द ही हरियाणा सहित पंजाब और राजस्थान में अपनी ट्रेनों की स्पीड बढ़ाएगा। क्योंकि कई राज्यों में अभी सिंगल ...और पढ़ें

हरियाणा, राजस्थान व पंजाब में कई रेलवे लाइन होंगी डबल
हरियाणा, राजस्थान व पंजाब में कई रेलवे लाइन होंगी डबल

HighLights

  1. बवानी खेड़ा से हिसार तक डबल लाइन का चल रहा सर्वे
  2. भिवानी-रोहतक, मदनहेड़ी से बवानी खेड़ा तक लाइन के बीच जल्द काम शुरू होने की उम्मीद
  3. ट्रेनों की स्पीड बढ़ाने के लिए रेलवे ने तीनों राज्यों से गुजरने वाली कई लाइनों को डबल करने का लिया निर्णय

अमित धवन, हिसार। Railway Will Increase Line: रेलवे जल्द ही हरियाणा सहित पंजाब और राजस्थान में अपनी ट्रेनों की स्पीड बढ़ाएगा। अभी सिंगल लाइन होने से गाड़ियों की रफ्तार को ब्रेक लग रही थी। स्पीड बढ़ाने के लिए रेलवे ने तीनों राज्यों से गुजरने वाली कई लाइनों को डबल करने का निर्णय लिया है।

इसमें भिवानी से रोहतक, मदनहेड़ी से बवानी खेड़ी लाइन का काम जल्द शुरू होगा। इसके साथ ही हिसार से बवानीखेड़ा, सादलपुर से रेवाड़ी, बठिंडा से बीकानेर लाइन का सर्वे चल रहा है।

चुरू से सादलपुर लाइन को भी डबल करने का प्रोजेक्ट तैयार हो गया है। अभी सिंगल लाइन होने से मरम्मत का काम करने के लिए ब्लॉक लेना पड़ता है तो यात्रियों को भारी परेशानी होती है।इसके चलते रेलवे को ट्रेन रद्द करने या देरी से चलाने का निर्णय लेना पड़ता है। डबल लाइन होने पर यात्रियों को फायदा होगा साथ ही रेलवे अपने काम भी आराम से कर सकेगा।

ट्रेनों की आवाजाही बढ़ने से लाइन को डबल करने का निर्णय लिया

बीकानेर मंडल के अंतर्गत उत्तर पश्चिमी रेलवे के अंतर्गत हिसार-भिवानी लाइन को बिछाया गया था। ये लाइन सिंगल लाइन है। इस लाइन से अभी तक दिल्ली, राजस्थान को जोड़ा गया है। वर्षों पुरानी लाइन पर तेजी से ट्रेनों का आवागमन बढ़ा है। इससे सिंगल लाइन होने के कारण एक्सप्रेस या अन्य ट्रेन को पहले निकालने के लिए दूसरे ट्रेन किसी भी एक स्टेशन पर रोकनी पड़ती है। साथ ही यदि लाइन पर मरम्मत का कार्य किया जाता है तो उसका ब्लॉक लेने में रेलवे अधिकारियों को परेशानी होती है। ट्रेनों की आवाजाही बढ़ने के चलते इस लाइन को डबल करने का निर्णय लिया गया।

भिवानी से डोबभाली गांव तक होगी डबल लाइन

उत्तर पश्चिम रेलवे की तरफ से भिवानी से रोहतक जिले डोबभाली गांव तक की लाइन को भी डबल किया जाएगा। उससे आगे की लाइन दिल्ली मंडल के अंतर्गत आती है। इसके अलावा मदनहेड़ी से बवानीखेड़ा लाइन को डबल करने का प्रोजेक्ट फाइनल हो गया है। इस पर जल्द ही काम शुरू होगा। अभी भिवानी से रोहतक जाने में सिंगल लाइन होने पर काफी समय लगता है।

बवानीखेड़ा से हिसार का चल रहा सर्वे

रेलवे विभाग की तरफ से हिसार से भिवानी जाने के लिए सिंगल लाइन बिछाई हुई है, मगर इससे काफी ज्यादा लोग परेशान होते है। बवानीखेड़ा से हिसार तक लाइन को डबल करने के लिए रेलवे सर्वे कर रहा है। सिंगल होने से इस लाइन पर काम करते हुए दिक्कत होती है। साथ ही दिल्ली, रेवाड़ी, जयपुर जाने वाले गाड़ियों की स्पीड भी बढ़ेगी।

ये भी पढ़ें- त्याहारों सीजन पर रेलवे हुई मुस्तैद... RPF कर्मियों की छुट्टियां रद्द, ड्यूटी का समय 8 से हुआ 12 घंटे

झज्जर से चरखी दादरी नई लाइन बिछाने की तैयारी

झज्जर के लोगों को भी जल्द फायदा होगा। उत्तर रेलवे की तरफ से झज्जर, चरखी दादरी और लोहारू को मिलाया जाएगा। इसको लेकर करीब 94 किलोमीटर लंबी नई लाइन बिछाने का काम होगा। सर्वे करने के साथ प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए टेंडर किए जा चुके हैं। झज्जर के लोगों को लाइन बिछने का फायदा होगा साथ ही दिल्ली की तरफ लाइन का नए रास्ता भी बनेगा। झज्जर रेलमार्ग के माध्यम से राजस्थान से भी जुड़ जाएगा। कारण है लोहारू से आगे राजस्थान को ट्रेन जाती है।

यह लाइनें होंगी डबल

- हिसार से बवानीखेड़ा : करीब 42 किलोमीटर लंबी लाइन का सर्वे चल रहा है।

- भिवानी से राेहतक का डोबभाली : करीब 42 किलोमीटर लंबी लाइन। 471 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

- मदनहेड़ी से बवानीखेड़ा : करीब 32 किलोमीटर लंबी लाइन। 413 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

- सादलपुर से रेवाड़ी : 141 किलोमीटर लंबी लाइन के लिए लागत करीब 1200 करोड़ तक

- चुरू से सादलपुर : 41 किलोमीटर लंबी लाइन बिछेगी।

- बठिंडा से बीकानेर : करीब 325 किलोमीटर लंबी लाइन है। इसका सर्वे किया जा रहा है।

बवानीखेड़ा से हिसार लाइन का जारी है सर्वे

बीकानेर मंडल डिप्टी चीफ इंजीनियर विजय मीणा ने कहा कि रेलवे की तरफ से बवानीखेड़ा से हिसार लाइन का सर्वे चल रहा है। भिवानी से रोहतक लाइन का काम जल्द शुरू किया जाएगा। इन लाइनों को डबल करने से यात्रियों को सीधे तौर पर फायदा होगा।

ये भी पढ़ें- त्योहारी सीजन में Railway ने चलाई विशेष रेल गाड़ियां, वैष्णों देवी व संत निरंकारी समागम जाने वालों को मिली राहत