कांग्रेस ने BJP सरकार को उखाड़ फेंकने का लिया प्रण, सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने युवा कार्यकर्ताओं में भरा जोश
गुरुग्राम में यूथ कांग्रेस के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शपथ ली। प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कांग्रेस को घर-घर पहुंचाने और आगामी चुनाव में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का प्रण लिया। दीपेंद्र हुड्डा ने लोकतंत्र को खतरे में बताया और युवाओं से बदलाव लाने का आह्वान किया। उदयभान ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। यूथ कांग्रेस ने 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने का लक्ष्य रखा।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। नवनिर्वाचित यूथ कांग्रेस प्रदेश, जिला, विधानसभा और मंडल कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने रविवार को गुरुग्राम में शपथ ली। सेक्टर 18 स्थित नोटिंग हिल्स बैंक्वेट हॉल में आयोजित समारोह में प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में सभी पदाधिकारियों ने एक साथ हाथ उठाकर कांग्रेस को घर-घर पहुंचाने और अगले चुनाव में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का भी प्रण लिया।
समारोह में प्रदेश भर के यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी पहुंचे थे। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने पदाधिकारियों में जोश भरने का काम किया। उन्होंने कहा कि इस समय लोकतंत्र खतरे में है। यह शपथ हरियाणा के भविष्य को बचाने की शपथ है। देश और प्रदेश में बदलाव लाने की शपथ है। यह युवाओं के लिए बड़ी जिम्मेदारी है। इस समय सबको पता है कि देश में क्या चल रहा है।
चुनाव आयोग चुनाव की प्रक्रिया को प्रभावित कर रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीते दिनों प्रेस कान्फ्रेंस में वोटों की चोरी की बात कही थी। इसमें हरियाणा का भी नाम लिया था। जिस तरह से इन्होंने चुनाव की प्रक्रिया को प्रभावित कर चुनाव लड़ा, उसे बचाने के लिए लड़ाई लड़नी पड़ेगी। जबसे राहुल गांधी ने यह बयान दिया है, तब से भाजपा में तिलमिलाहट है। उन्होंने कहा कि अब हरियाणा विधानसभा की एक-एक वोट को भी चेक कराया जाएगा।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा 2014 तक विकास के मामले में देश में नंबर एक पर था। 11 साल में भाजपा ने विकास को पटरी से उतार दिया। पिछले सप्ताह उन्होंने संसद में गुरुग्राम की बदहाली पर सवाल पूछा था। इस पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने जवाब दिया कि गुरुग्राम के नागरिकों को किसी भी समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा। जबकि आप सब गुरुग्राम की हालत जानते हैं। कहा कि गुरुग्राम को घोटालाग्राम बना दिया गया है।
राहुल गांधी ने इलेक्शन कमीशन को बेनकाब किया: उदयभान
कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने भी इसी बात पर जोर दिया। कहा कि आज भारत के संविधान पर बहुत बड़ा खतरा बना हुआ है। सारी संवैधानिक संस्थाएं सत्ता से कंप्रोमाइज हो चुकी है। इलेक्शन कमीशन केचुआ बन चुका है। वोट चोरी को लेकर राहुल गांधी ने इलेक्शन कमीशन को बेनकाब किया है। इलेक्शन कमीशन के पास इसका कोई जवाब नहीं है। आज हिंदुस्तान के सारे विपक्ष ने राहुल गांधी का लोहा माना है।
वहीं यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब ने कहा कि चुनाव लड़ना बड़ी बात नहीं है। किसी ओहदे पर पहुंचना बड़ी बात नहीं है। लड़ाई यहां से शुरू होती है। हमे लोगों के लिए लड़ना है। हमे संगठन को मजबूत करना है। हरियाणा जिस दौर से गुजर रहा है। भाजपा से लोग परेशान हैं। इसके लिए हमें सड़कों पर उतरकर लड़ाई लड़नी पड़ेगी।
वहीं यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि हरियाणा के अंदर गुरुग्राम को सबसे अग्रिम जिला बनाएंगे। यूथ कांग्रेस के हर कार्यकर्ता ने आज यह प्रण लिया कि आने वाले 2029 के चुनाव में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएंगे। प्रदेश में भी नायब सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। अगले चार साल तक जी जान से जुटेंगे। कांग्रेस के वचनों को आगे लेकर जाएंगे।
इस मौके पर पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा, संजय छौकर, चक्रवर्ती शर्मा, सचिन कुंडू, पृथला विधायक रघुवीर सिंह तेवतिया, कांग्रेस राष्ट्रीय कमेटी के सदस्य वर्धन यादव, वरिष्ठ नेता पंकज डावर, मोहित ग्रोवर, सुनीता सहरावत, मनीष खटाना, यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय छिकारा, सीमा पाहूजा, पर्ल चौधरी आदि मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।