Faridabad में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार फार्च्यूनर ने दो को रौंदा; बाइक सवार की मौत
फरीदाबाद के सेक्टर-17 के लेबर चौक के पास तेज रफ्तार फार्च्यूनर कार ने बाइक सवार और पैदल जा रहे युवक को रौंद दिया। पैदल सवार इसमें घायल हो गया जबकि बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि फॉर्च्यूनर को एक महिला चला रही थी। दुर्घटना के बाद कार का एयरबैग खुल गया जिससे उसकी जान बच गई।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। जिले के सेक्टर-17 के लेबर चौक के पास तेज रफ्तार फार्च्यूनर कार ने बाइक सवार और पैदल जा रहे युवक को रौंद दिया। पैदल सवार तो कार के नीचे फंस गया जबकि बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरा। शुक्र रहा कि कार गोल चक्कर की दीवार को तोड़कर लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा के चैंबर से टकराकर रुक गई। वरना इसकी चपेट में और भी लोग आ सकते थे।
पता चला है कि कार को एक महिला चला रही थी। समय रहते एयर बैग भी खुल गए थे, लेकिन महिला को भी चोटें आई हैं। घायलों को मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतक के शव को बादशाह खान नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह घटना शुक्रवार शाम करीब छह बजे की है। कार जिमखाना क्लब की तरफ से आ रही थी। यही समय श्रमिकों के काम से वापस आने का होता है। लेबर चौक के पास कई श्रमिक मौजूद थे। अचानक से तेज आवाज के साथ कार गोल चक्कर की दीवार को तोड़ते हुए ऊपर जा चढी। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता कार में सवार महिला गायब हो चुकी थी।
ये भी पढ़ें- Faridabad: सोने के लिए चटाई न मिलने पर की हत्या, अब हुआ गिरफ्तार
महिला प्रत्यक्षदर्शी ने बयां किया घटनाक्रम
प्रत्यक्षदर्शी महिला ने बताया कि कार को एक महिला चला रही थी। पास जाने पर लोगों ने देखा कि कार की चपेट में दो युवक आ गए थे। इसमें से एक कार के नीचे फंसा हुआ था। उसकी मौके पर मौत हो गई थी। सूचना पाकर डायल 112 की टीम मौके पर गई और घायल को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की पहचान भीम बस्ती निवासी पंकज (32) के रूप में हुई है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही
सेक्टर 16 चौकी प्रभारी विजयपाल ने बताया मृतक की पहचान के लिए पूछताछ की जा रही है। घायल और मृतक के फोन टूट गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जाएगी। उसके बाद पूरी सच्चाई सामने आएगी। कार को कब्जे में ले लिया है। शिकायत मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।