Bahadurgarh: पेट्रोल पंप कर्मी की हत्या मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दो आरोपी गिरफ्तार
बहादुरगढ़ के रोहद गांव में पेट्रोल पंप कर्मचारी राजकुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने रोहित और प्रवीन को गिरफ्तार किया है। पैसों के लेन-देन के विवाद में राजकुमार की पेचकस से वार कर हत्या की गई थी। मृतक राजकुमार उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और बहादुरगढ़ में कार्यरत था।

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ के रोहद गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के कर्मचारी की सिर में चोट मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या के पीछे पैसों का लेन-देन था। पंप कर्मी के सिर में पेचकस से कई वार किए गए थे। गिरफ्तार आरोपितों में रोहित व प्रवीन शामिल हैं। दोनों बरहाना के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि रोहित मृतक राजकुमार से पैसे मांगता था। इसी बात पर उनके बीच विवाद हुआ, जिसमें रोहित ने साथी से मिलकर राजकुमार को मार डाला।
मृतक राजकुमार (28) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के भरेहटा का रहने वाला था। फिलहाल बहादुरगढ़ के आसौदा में पत्नी के साथ किराये पर रहता था। राेहद के पास बालाजी पेट्रोल पंप पर काम करता था।
यह थी वारदात
रविवार की रात राजकुमार ड्यूटी पर था। उसी समय उसके पास दोनों आरोपित आए थे। वह उनके साथ पंप से लगते प्लाट की तरफ गया और सुबह खून से लथपथ हालत में मृत मिला था। मृतक की पत्नी पारूल की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था।
राजकुमार की करीब ढाई साल पहले पारुल से शादी हुई थी। उसका कोई बच्चा नहीं है। आसौदा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि हत्या में शामिल दोनों आरोपितों की पहचान के बाद उनको गिरफ्तार कर लिया गया। बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।