Bahadurgarh News: रोहद में पेट्रोल पंप कर्मी की हत्या, प्लॉट में खून से लथपथ मिली लाश
बहादुरगढ़ के रोहद गांव में एक पेट्रोल पंप कर्मचारी की सिर में चोट मारकर हत्या कर दी गई। मृतक उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और पंप पर ड्यूटी के दौरान दो लोगों से मिलने के बाद लापता हो गया था। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। यहां के रोहद गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के कर्मचारी की सिर में चोट मारकर हत्या कर दी गई। वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। रविवार की रात दो लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
हत्या के कारण भी स्पष्ट नहीं। सुबह पंप के साथ लगते प्लॉट में उसका खून से लथपथ शव मिला। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के भरेहटा के रहने वाले 28 वर्षीय राजकुमार के रूप में हुई। वह बहादुरगढ़ के आसौदा में पत्नी के साथ किराये पर रहता था और राेहद के पास बालाजी पेट्रोल पंप पर काम करता था। रविवार रात ड्यूटी पर था। उसी समय उसके पास दो लोग आए थे।
वह उनके साथ पंप से लगते प्लॉट की तरफ गया और सुबह मृत मिला। पंप मैनेजर की सूचना पर पुलिस व मृतक की पत्नी मौके पर पहुंचे। राजकुमार के सिर में किसी नुकीले हथियार से चोट मारी गई थी। काफी खून निकला हुआ था।
राजकुमार की करीब ढाई साल पहले पारुल से शादी हुई थी। उसका कोई बच्चा नहीं है। राजकुमार की हत्या क्यों और किसने की, इस पर उसकी पत्नी ने भी अनभिज्ञता जताई है। इधर, आसौदा थाना पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम से जांच करवाई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मृतक की पत्नी काे पता लगा था कि उसके पति के पास पंप पर रात को दो लोग आए थे। मगर वे कौन थे और क्यों आए थे, इसका पता अभी नहीं चला है। उन दोनों पर ही हत्या का शक है, लेकिन कारणों का पता उनके पकड़े जाने पर ही लगेगा।
प्रबल संभावना है कि वे राजकुमार के परिचित ही थे। अब पुलिस उनकी पहचान के लिए पेट्रोल पंप की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि राजकुमार के पास रात को पंप पर आए दोनों लोगों का मोबाइल पर तो उससे कोई संपर्क नहीं हुआ था। मृतक राजकुमार के सर्कल में जो भी लोग रहे, उनसे भी पूछताछ की जा रही है।
अभी इस मामले में कुछ स्पष्ट नहीं है। मृतक की पत्नी की शिकायत पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। उनकी पहचान के लिए टीम जुटी हुई है। जल्द ही इस मामले में सुराग लगाया जाएगा।
- अमित कुमार, एसएचओ, आसौदा थाना, बहादुरगढ़
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।