क्या असीम गोयल को मिलने वाली है बड़ी जिम्मेदारी? CM सैनी ने क्यों कहा- विधायक से ज्यादा इसकी चल रही
हरियाणा निकाय चुनाव (Haryana Nikay Chunav 2025) में सीएम नायब सिंह सैनी (CM Nayab Saini) ने अंबाला शहर में जन आशीर्वाद रैली में भाजपा प्रत्याशी शैलजा सचदेवा के लिए वोट मांगे और साथ ही पूर्व विधायक असीम गोयल (Aseem Goel) के लिए भी समर्थन जुटाया। सैनी ने कहा कि गोयल विधायक नहीं बन पाए लेकिन विधायक से अधिक चल रहे हैं।

दीपक बहल, अंबाला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को एक साथ दो निशाने साध दिए। एक ओर उन्होंने पूर्व विधायक असीम गोयल का कद बढ़ा दिया वहीं यह भी कह गए कि बेशक असीम विधायक नहीं बने, लेकिन ‘विधायक’ से अधिक चल रही है। इशारा सीधा ‘चौधरी’ पर था, जो इन दिनों कुरुक्षेत्र में निकाय चुनावों (Haryana Nikay Chunav 2025) कांग्रेस की बागडोर संभाल रहे हैं।
मंच से सैनी बोले लोगों को विश्वास दिलाता हूं, यह मत समझना, भाई मन में यह बात न लेकर आना असीम गोयल विधायक नहीं बना, विधायक से ज्यादा चल रही है इसकी और आग्गा भी चलागी...। यानी कि अंबाला शहर में जन आशीर्वाद रैली में एक ओर नगर निगम मेयर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी शैलजा सचदेवा के लिए वोट मांगे, वहीं गोयल का कद बढ़ा गए।
विज ने ही संभाल रखी है कमान
इस बार भी भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में अनिल विज ने ही कमान संभाल रखी है। लोकसभा से लेकर विधानसभा चुनावों तक यह देखने को मिला है। निकाय चुनावों में भी भाजपा के दिग्गज नेताओं की बात करें, तो बराड़ा में नगरपालिका के चुनाव में भी जनसंपर्क अभियान में भाजपा के दिग्गज आ चुके हैं।
गोयल को बड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चाएं
अंबाला शहर विधानसभा चुनाव भले ही असीम गोयल जीत नहीं सके, लेकिन भाजपा सरकार में उनको बड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चाएं चल रही हैं। शहर से कांग्रेस के चौधरी निर्मल सिंह विधायक चुने गए हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री का मंच से असीम गोयल के प्रति जनता को संदेश राजनीतिक गलियारों में चर्चा छेड़ गया है।
माना जा रहा है कि गोयल को सरकार द्वारा कोई बड़ा पद अथवा जिम्मेदारी दी जा सकती है। अब यह किस स्तर पर होगी इसका खुलासा नहीं हुआ। मंच से मुख्यमंत्री ने भी इशारा किया है कि बेशक असीम विधायक नहीं बना, लेकिन विधायक से ज्यादा चल रही है।
विज ने 32 वार्डों और अध्यक्ष पद के लिए झोंकी ताकत
नगर परिषद अंबाला सदर के 32 वार्डों और अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। यहां पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है। उन्होंने सभी 32 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया और वोट मांगे।
इसके साथ ही उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी स्वर्ण कौर को जिताने की अपील की। विज ने लगतार जनसभाएं कर लोगों को भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बता दें कि अनिल विज को नगर निगम अंबाला और नगर परिषद अंबाला सदर के चुनावों का संयोजक भी बनाया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।