एक बार फिर CM सैनी और भूपेंद्र हुड्डा आमने-सामने, सरकार के कामों को लेकर गरमाई सियासत; लगाए बड़े आरोप
हरियाणा में भाजपा (Haryana BJP) और कांग्रेस (Haryana Congress) के बीच विकास को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्ड ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा की सरकार में हुए 10 सालों में हुए कामों पर फिर राजनीति गरमाई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupinder Singh Hooda) ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में न कोई बड़ा उद्योग लगा और न बड़ी परियोजना। न ही कोई बड़ी यूनिवर्सिटी, कोई मेडिकल कालेज या अन्य बड़ा संस्थान स्थापित किया गया है।
इस पर मुख्यमंत्री ने मनोहर-नायब उपलब्धियां गिनाते हुए पलटवार कर कहा कि इस दौरान प्रदेश में सात लाख 66 हजार एमएसएमई लगे हैं। हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोल रहे। प्रदेश में आज 23 राज्य विश्वविद्यालय हैं।
पेपर घोटाले पर भी हुड्डा ने उठाए सवाल
शुक्रवार को अपने निवास पर मीडिया से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं से लेकर भर्ती परीक्षाओं तक के पेपर में घोटाले हुए हैं। इसके बावजूद अब तक किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। यहां तक कि हाई कोर्ट ने खनन घोटाले पर सरकार को आईना दिखाया है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की तरह प्रदेश में बेरोजगारी और अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। विधानसभा के बजट सत्र में कांग्रेस पेपर लीक, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाएगी।
नायब सैनी ने गिनवाईं उपलब्लियां
वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (CM Nayab Singh Saini) ने उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राज्य सरकार ने ईज आफ डूइंग बिजनेस का एक इको-सिस्टम तैयार किया है। आज हरियाणा में निवेशकों को 150 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन प्रदान की जा रही हैं और उन्हें सभी स्वीकृतियां 12 दिनों में देना सुनिश्चित किया गया है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि आज हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। गत सवा 10 वर्षों में प्रदेश में नए लगे एमएसएमई में 39 लाख लोगों को रोजगार मिला है।
नायब सैनी बोले- बदलावों के साक्षी 10 साल
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि 10 वर्षों का कार्यकाल समान विकास, समरसता, सहिष्णुता के साथ-साथ उन बदलावों का साक्षी रहा है। भ्रष्टाचार की समाप्ति के लिए ई-गवर्नेस का नया माडल तैयार कर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को परिवार पहचान-पत्र से जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि बिना खर्ची-पर्ची के नौकरी देने, ऑनलाइन ट्रांसफर, पढ़ी-लिखी पंचायतों और अंत्योदय अभियान की आज पूरे देशभर में चर्चा है। युवाओं को बिना पर्ची खर्ची के एक लाख 71 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। प्रदेश में 79 कॉलेज खोले हैं। इनमें 30 लड़कियों के हैं। आज हरियाणा समृद्धि की एक नई परिभाषा लिख रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।