Vande Bharat Express: अब वंदे भारत के ट्रैक पर आई गाय, इससे पहले हुई थी भैंसों से टक्कर
Vande Bharat Express वंदे भारत एक्सप्रेस फिर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस बार ट्रैक पर गाय आ गई। इससे पहले ट्रैक पर भैंसों का झुंड आ गया था। मुंबई से करीब 432 किलोमीटर दूर आणंद के पास शुक्रवार दोपहर 3.48 बजे गांधीनगर-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस गाय से टकरा गई।

अहमदाबाद, जेएनएन। Vande Bharat Express: वंदे भारत एक्सप्रेस शुक्रवार को फिर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस बार ट्रैक पर गाय आ गई। इससे पहले गुरुवार को ट्रैक पर भैंसों का झुंड आ गया था। एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई से करीब 432 किलोमीटर दूर आणंद के पास शुक्रवार दोपहर 3.48 बजे गांधीनगर-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस गाय से टकरा गई। ट्रेन को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। ट्रेन के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
जब वंदे भारत से टकराया भैंसों का झुंड
इससे पहले गुरुवार सुबह मुंबई सेंट्रल-गांधीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस से भैंसों का झुंड टकरा गया था। मामूली रूप से क्षतिग्रस्त ट्रेन के इंजन का अगला हिस्सा ठीक कर दिया गया है। मणिनगर और वटवा स्टेशनों के बीच हुई इस दुर्घटना में भी कोई यात्री घायल नहीं हुआ था। इस मामले में गुजरात में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने भैंसों के अज्ञात मालिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अभी तक भैंसों के मालिकों की पहचान नहीं हो पाई है। 30 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गांधीनगर-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को गांधीनगर में हरी झंडी दिखाई थी।
मवेशियों से टक्कर अपरिहार्यः रेल मंत्री
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि पटरियों पर ट्रेन का मवेशियों से टकराना अपरिहार्य है। सेमी-हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन को डिजाइन करते समय इसका ध्यान में रखा गया है। यह इतनी मजबूत है कि अगर कोई दुर्घटना होती है तो ट्रेन को कुछ नहीं होगा। रेल मंत्री वल्लभ विद्यानगर में इंजीनियरिंग कालेज के छात्रों के साथ बातचीत करते हुए कहा ''भारत में ट्रैक जमीन पर बिछाए जाते हैं। मवेशी उन्हें पार कर जाते हैं। उन्हें कोई नहीं रोक सकता। जब तक हम अगले पांच-छह वर्षों में पटरियों को ऊंचा नहीं करते, वे (मवेशी) ट्रेनों के सामने आ जाएंगे। इसलिए इसे इस तरह से डिजाइन किया गया है कि जब भी ऐसी कोई घटना हो तो इसे ठीक किया जा सके। ''
हादसे के बाद दस मिनट तक रुकी रही ट्रेन
जेएनएन के मुताबिक, गुजरात में वंदे भारत एक्सप्रेस शुक्रवार को एक गाय से टकरा गई। हादसे में ट्रेन का अगला हिस्सा थोड़ा क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसा कंजरी और आणंद स्टेशनों के बीच उस समय हुआ, जब ट्रेन मुंबई की ओर जा रही थी। पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ सुमित ठाकुर ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन वडोदरा मंडल में आणंद के पास से जा रही रही थी। अचानक तभी एक गाय से टकरा गई। यह ट्रेन गांधीनगर से मुंबई जा रही थी। हादसा अपराह्न 3.44 बजे हुआ और ट्रेन को 10 मिनट के लिए रोक दिया गया। ट्रेन को कोई खास नुकसान नहीं हुआ।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।