Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Gujarat Vidhan Sabha Election 2022: केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा- राहुल 2024 में भव्य राम मंदिर के दर्शन कर आएं

    By Jagran NewsEdited By: Devshanker Chovdhary
    Updated: Wed, 16 Nov 2022 09:01 PM (IST)

    केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि गुजरात में भाजपा का 27 साल का शासन देश के लोकतांत्रिक इतिहास के लिए एक उदाहरण बन गया है। उन्हो ...और पढ़ें

    Hero Image
    केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा- गुजरात 27 साल से लोकतांत्रिक शासन का एक उदाहरण।

    अहमदाबाद, राज्य ब्यूरो। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि गुजरात में भाजपा का 27 साल का शासन, देश के लोकतांत्रिक इतिहास के लिए एक उदाहरण बन गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए, शाह ने कहा भव्य राम मंदिर बन रहा है आप भी जनवरी का टिकट करा लीजिए। केंद्रीय मंत्री शाह ने चुनावी सभा व रोड शो के जरिए मतदाताओं से भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए बताया कि वे 25 साल पहले इसी घाटलोडिया सीट से चुनाव लड़ चुके हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुजरात में भाजपा ने बनाया रिकार्ड

    केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा 1990 के बाद से भाजपा ने गुजरात में चुनाव जीतने का रिकार्ड बनाया है। गुजरात की जनता ने लोकसभा हो या विधानसभा हर चुनाव में भाजपा को शानदार जीत दिलाई है। 2022 के चुनाव में भी जो हिसाब-किताब करना चाहेगा, सारे रिकार्ड टूट जाएंगे और एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। 1995 से 2022 तक का यह समय न केवल गुजरात बल्कि पूरे देश के लिए उदाहरण है कि शासन कैसे किया जाता है।

    गुजरात में अब शांति का माहौल- शाह

    शाह ने कहा कि गुजरात ने 1985 से 1995 तक सांप्रदायिकता की पीड़ा झेली है। राज्य में 365 में से 250 दिन कर्फ्यू होता था और आज एक 20 साल के युवाओं को ये भी नहीं पता कि कर्फ्यू किसे कहते हैं। गुजरात की छवि खराब करने वाले पहले के दंगे अब बीत चुके हैं। पहले गुजरात में तुष्टीकरण का माहौल था, आज भाजपा ने न्याय का माहौल बनाने का काम किया। पहले गांवों में 7 घंटे से अधिक बिजली नहीं मिलती थी, लेकिन नरेन्द्र मोदी के शासन में गुजरात में 24 घंटे बिजली मिलने लगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में गांधीनगर से राजकोट तक वाटर ट्रेन भेजी जाती थी। गुजरात में नर्मदा योजना पूरी हो चुकी है और गुजरात के हर घर में भाजपा सरकार ने पानी पहुंचाया है।

    कांग्रेस के काम करने के दावे झूठे- शाह

    केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि वे घाटलोडिया से विधायक रहे हैं और इस क्षेत्र का विकास देखा है। उन्होंने कहा कि आज गुजरात के हर शहर में सड़कें, पुल, सीवरेज, बिजली, पानी के काम हो चुके हैं। कांग्रेस नेता हर चुनाव में कहते हैं कि हमारी सरकार बनेगी और इस बार उन्होंने कांग्रेस का काम गिनाते हुए बैनर बनाये हैं लेकिन राज्य में कांग्रेस 1990 से सत्ता में ही नहीं है फिर कौन से काम का दावा करती है।

    भाजपा ने पूरे देश को दिया संदेश- शाह

    अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने सोमनाथ से अयोध्या तीर्थ यात्रा निकाली और पूरे देश को संदेश दिया कि मंदिर तो वही बनेगा। भाजपा ने भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर मंदिर बनवाया। कांग्रेस वाले हमें कहते रहे कि ‘मंदिर बनाएंगे लेकिन तारीख नहीं बताएंगे’। कांग्रेस याद रखे, जनवरी 2024 में राम मंदिर में दर्शन कर सकेंगे, राहुल गांधी भी टिकट कटाकर दर्शनकर आएं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को एक झटके में खत्म कर दिया। आज हम कश्मीर को भारत से ऐसे जोड़ चुके हैं जैसे आन, बान और शान के साथ भारत माता का मुकुट। भाजपा तीन तलाक कानून लेकर आई और मुस्लिम बहनों की जिंदगी में सुधार किया।

    गुजरात में शिक्षा का आदर्श माडल

    शाह ने कहा कि अगर आज पूरे देश में शिक्षा का आदर्श माडल देखना है तो गुजरात में है, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर और पंचायती राज का माडल गुजरात में है। उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता सब जानती है। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच हमारे छात्रों को वापस लाने का काम किया। उन्होंने ही पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक कर भारत को आतंकवाद से सुरक्षित रखने का काम किया है। शाह ने कहा कि गुजरात के लोगों ने पूरे देश के लोगों को रास्ता दिखाया है। इस गुजरात ने पूरे देश को दिखाया है कि सुरक्षा, शांति और विकास कैसे हासिल किया जाता है।

    ये भी पढ़ें: मेडिकल की पढ़ाई करने के बाद रखा राजनीति में कदम, सबसे कम उम्र की उम्मीदवार हैं पायल कुकरानी

    ये भी पढ़ें: गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने अमित शाह की उपस्थिति में दाखिल किया नामांकन